UP Nikay Chunav Result: वाराणसी में बसपा का सूपड़ा साफ, BJP की बढ़ी ताकत, सपा-कांग्रेस और हुई कमजोर
UP Nikay Chunav Result: वाराणसी नगर निगम चुनाव में इस बार बसपा का सूपड़ा साफ हो गया। सपा और कांग्रेस को सीटों का नुकसान हुआ है। नगर निगम के इतिहास में यह पहला मौका है, जब भाजपा के 63 पार्षद चुनाव जीते हैं।
विस्तार
वाराणसी के नगर निगम सदन में भाजपा मजबूत बनी है। पार्टी के सबसे ज्यादा पार्षद जीतकर मिनी सदन पहुंचे हैं। अब कोई भी प्रस्ताव पास कराने में पार्टी को दिक्कत नहीं आएगी। निगम के अधिकारी व कर्मचारियों पर भी काम का दबाव बना रहेगा। इस चुनाव में बसपा का सूपड़ा साफ हो गया। एक भी पार्षद प्रत्याशी चुनाव जीतकर नगर निगम सदन में नहीं पहुंचा है।
वाराणसी नगर निगम में 100 वार्ड हैं। मिनी सदन में बहुमत के लिए 51 पार्षदों का जीतना जरूरी होता है, लेकिन इस बार सारे रिकार्ड टूट गए। नगर निगम के इतिहास में यह पहला मौका है, जब भाजपा के 63 पार्षद चुनाव जीते हैं। ऐसा नगर निगम के गठन के बाद से नहीं हुआ था। 1995 से 2022 तक नगर निगम में बहुमत की सरकार नहीं बन सकी थी।
कांग्रेस के वोट बैंक में भारी गिरावट
इस बार सपा और कांग्रेस को सीटों का नुकसान हुआ है। निर्दलीयों की संख्या में दो सीटों की बढ़ोतरी हुई है। रोचक बात यह भी है कि मेयर के चुनाव में जितने मत भाजपा को मिले हैं, उतने सपा और कांग्रेस प्रत्याशी मिलकर भी नहीं प्राप्त कर सके। कांग्रेस के वोट बैंक में भी गिरावट आई है। सपा के पक्ष में मतदान जरूर बढ़ा है, लेकिन यह जीत दिलाने में नाकाम साबित रहा।
ये भी पढ़ें: एक बार फिर वाराणसी के मेयर कुर्सी पर BJP का कब्जा, पहली बार बना ये कीर्तिमान
भाजपा को 23 सीटों का फायदा, सपा व कांग्रेस को नुकसान
नगर निगम के पार्षदों के चुनाव में भाजपा को 23 सीटों का फायदा हुआ है। 2017 में पार्टी के 40 पार्षद चुनाव जीते थे। इस बार यह संख्या 63 पहुंच गई है। कांग्रेस को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। पिछले चुनाव में कांग्रेस के 21 पार्षद चुनाव जीतकर आए, लेकिन इस बार आठ पार्षद प्रत्याशी ही चुनाव जीत सके हैं। इसका मतलब है कि 13 सीटों का नुकसान हुआ है।
सपा को भी एक सीट का नुकसान उठाना पड़ा है। इस बार 13 पार्षद प्रत्याशी चुनाव जीत पाए हैं। यह संख्या पिछली बार 14 थी। बसपा को पिछली बार दो सीटें मिलीं थीं, लेकिन इस बार खाता नहीं खुल सका। निर्दलीय पार्षदों की संख्या दो बढ़ी है। पिछली बार 13 पार्षद चुनाव जीते थे, लेकिन इस बार 15 चुनाव जीतकर आए हैं। एक सीट जन अधिकार पार्टी के खाते में गई है।
तमाम निर्दलीय भाजपा में जाने के लिए तैयार
63 पार्षदों के चुनाव जीतने का फायदा भाजपा को मिलेगा। कार्यकारिणी के 12 में से अकेले भाजपा ही आठ सदस्य हो सकते हैं। बाकी चार सदस्य अन्य पार्टियों के होंगे। मौजूदा सदन की स्थिति के चलते कोई भी विकास कार्य पूरा कराने के लिए सदन की मंजूरी मिलती जाएगी। किसी प्रस्ताव पास होने में दिक्कत नहीं आएगी। बताया जा रहा है कि 15 निर्दलीय चुनाव जीतकर आए हैं। तमाम निर्दलीय भाजपा में जाने के लिए तैयार हैं। जैसे ही मौका मिलेगा, भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण कर लेंगे। कम पार्षद जीतने की वजह से सपा, कांग्रेस व बसपा को विपक्ष की भूमिका निभाने में दिक्कत आएगी। किसी प्रस्ताव को जोरदार तरीके से विरोध नहीं कर पाएंगे।
सपा और कांग्रेस से अधिक निर्दलीय जीते
भाजपा ने 100 वार्डों पर पार्षद प्रत्याशी उतारे थे। सपा ने 99 और कांग्रेस ने 97 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। बसपा ने 60 और आम आदमी पार्टी ने 35 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इस बार कुल 637 प्रत्याशी पार्षद के चुनाव मैदान में रहे।
जमानत तक नहीं बचा सके 65 कांग्रेस प्रत्याशी
कांग्रेस ने 86 वार्डों से अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन आठ पर ही जीत मिल सकी। 65 से अधिक सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार अपनी जमानत तक नहीं बचा सके। पार्टी की इस करारी हार ने कांग्रेस नेताओं को आत्ममंथन करने पर विवश कर दिया है।
नगर निगम के सौ वार्डों में से कांग्रेस ने 86 सीटों पर ही अपने उम्मीदवार उतारे थे। बाकी 14 वार्ड में कांग्रेस का कोई उम्मीदवार ही नहीं था। पार्टी का दावा है कि चार वार्ड में उनका नामांकन निरस्त हो गया था और बाकी जगहों पर उन्होंने निर्दल उम्मीदवार को समर्थन दिया था। पार्टी ने दावा किया था वह पिछले साल के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करेगी, लेकिन सारे दावे हवा-हवाई हो गए। जिन वार्ड में जीत मिली है, वह मुस्लिम बहुल इलाके हैं।