आगरा: दो ठेकों से 72 हजार की शराब चोरी, चोरों ने वारदात से पहले की पार्टी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 12 में अंग्रेजी और देशी शराब के ठेकों से चोर 72 हजार की शराब और 13 हजार रुपये चोरी करके ले गए। चोरी से पहले चोरों ने शराब पार्टी भी की। सीसीटीवी कैमरे में दो चोर कैद हो गए हैं। अब पुलिस फुटेज की मदद से चोरों की तलाश में लगी है।
सोंठ की मंडी, थाना हरीपर्वत निवासी राजीव चौहान ने बताया कि आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 12 में देशी शराब का ठेका है। इसकी अनुज्ञापी उनकी भाभी वीनस चौहान हैं। बगल में अनुज्ञापी पुष्पारानी का अंग्रेजी शराब का ठेका है। इसे रामबाग निवासी संजीव कुमार चलाते हैं। ठेकों के पीछे ही देशी शराब की कैंटीन चलती है।
बृहस्पतिवार सुबह दस बजे कर्मचारी अनिल और संजीव ठेके पर आए तो दोनों ठेकों के पिछले जंगले टूटे हुए थे। चोरों ने कैंटीन का जंगला तोड़ने के बाद दोनों ठेकों के जंगलों को तोड़ा था। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। चोर देशी शराब के ठेके से 13 हजार रुपये और 22 हजार की शराब चोरी करके ले गए, जबकि अंग्रेजी शराब के ठेके से 50 हजार की शराब ले गए।
वे कैंटीन से सिलिंडर और और माइक्रोवेब ओवन भी उठाकर ले गए। ठेकों में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। इसमें दो चोर नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने चेहरे छिपा रखे हैं। उन्होंने पहले कैंटीन में शराब पी। इसके बाद सामान चोरी किया। बाद में सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। पुलिस फुटेज की मदद से चोरों की पहचान के प्रयास में लगी है।