Taj Mahal: पर्यटकों के लिए शुरू हुए दो टिकट काउंटर, एएसआई ने धोखाधड़ी रोकने के लिए लागू की व्यवस्था
ताजमहल में लपके ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट से पर्यटकों के साथ धोखाधड़ी कर रहे थे। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एएसआई ने शनिवार से दो टिकट काउंटर शुरू कर दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजमहल पर शनिवार से पर्यटकों के लिए पूर्वी और पश्चिमी गेट पर दो टिकट काउंटर शुरू कर दिए गए। इसमें एक महिलाओं के लिए और दूसरा पुरुषों के लिए है। शनिवार को सात हजार से ज्यादा पर्यटकों ने काउंटर से टिकट खरीदे। एएसआई अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि ताजमहल पर बड़ी संख्या में ऐसे पर्यटक आते हैं, जो मोबाइल या इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं। उनके साथ धोखाधड़ी की घटनाओं के कारण काउंटर खोला गया है।
पर्यटकों के साथ धोखाधड़ी करते थे लपके
ताजमहल में लपके ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट से पर्यटकों को चूना लगा रहे थे। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10 बजे जयपुर के पर्यटक रहीसुद्दीन अपने 11 साथियों के साथ ताजमहल के पश्चिमी गेट पर पहुंचे थे। पर्यटक ने एएसआई कर्मियों को बताया कि पश्चिमी गेट पर उनके पास एक व्यक्ति आया, उसने 55 रुपये प्रति टिकट के हिसाब से उन्हें 12 टिकट दिए।
जब यह लोग प्रवेश द्वार पर पहुंचे तो चेकिंग में तीन टिकट इस्तेमाल किए हुए (पूर्व में स्कैन) पाए गए। इस पर एएसआई कर्मियों ने दोनों लपकों को पकड़ने के लिए टीम को भेजा। दोनों लपके ताजगंज निवासी रोहित राठौर और राहुल को पकड़कर पर्यटन पुलिस के हवाले कर दिया गया। धोखाधड़ी की घटना के बाद शनिवार से ऑफलाइन टिकट व्यवस्था शुरू कर दी गई।
गर्मी पर भारी पड़ा ताजमहल का क्रेज
46.4 डिग्री तापमान और लू के थपेड़ों पर भी ताजमहल का क्रेज भारी पड़ा। शनिवार को 20,938 पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया। इनमें 13,814 पर्यटकों ने ऑनलाइन टिकट खरीदे, जबकि 7,154 ने ऑफलाइन यानी टिकट काउंटर से टिकट खरीदकर प्रवेश किया। इनमें पूर्वी गेट से 1,948 और पश्चिमी गेट काउंटर से 5,206 पर्यटकों ने टिकट खरीदे। इसके अलावा आगरा किला पर भी पर्यटकों की संख्या अच्छी रही। सुबह और शाम को ताजमहल में पर्यटकों की भीड़ ज्यादा रही, जबकि दोपहर में इनकी संख्या कम दर्ज की गई।स्मारक - पर्यटक
ताजमहल - 20,938
आगरा किला - 3,208
फतेहपुर सीकरी -758
अकबर टूम - 489
एत्माद्दौला - 224
मरियम टूम - 129
महताब बाग - 53
रामबाग - 59