आगरा: पाइप लाइन में 12 जगह लीकेज, पानी के लिए परेशान रहे 30 हजार लोग
- शहर में 12 जगह लीकेज के चलते ट्रांसयमुना, धाकरान, दयालबाग, बल्केश्वर, आवास विकास, गढ़ी भदौरिया में भी पानी का संकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के पश्चिमपुरी और शास्त्रीपुरम के 30 हजार से ज्यादा लोग दो दिन पानी के लिए परेशान रहे। पश्चिमपुरी में पानी की टंकी के पास 500 मिमी व्यास की पाइप लाइन में लीकेज के कारण आगरा विकास प्राधिकरण की शास्त्रीपुरम योजना के घरों में पानी नहीं पहुंचा। केवल शास्त्रीपुरम नहीं, बल्कि शहर में 12 जगह लीकेज के कारण ट्रांसयमुना कॉलोनी, धाकरान, दयालबाग, बल्केश्वर, आवास विकास कॉलोनी, गढ़ी भदौरिया, सेक्टर-4 समेत क्षेत्रों में पानी का संकट बना रहा।
करगिल पेट्रोल पंप के सामने शास्त्रीपुरम रोड पर बनी पश्चिमपुरी पानी की टंकी के पास 500 मिमी व्यास की पाइप लाइन लीक हो गई। रविवार को लीकेज बढ़ा तो सोमवार की सुबह मरम्मत शुरू की गई जो मंगलवार शाम तक चली। इस कारण दो दिन तक पश्चिमपुरी-शास्त्रीपुरम में पानी नहीं पहुंचा।
उधर, होटल मोती पैलेस के पीछे धाकरान में सैकड़ों घरों में पानी नहीं पहुंच रहा। क्षेत्रीय पार्षद ओम प्रकाश धाकड़ का कहना है कि कलेक्ट्रेट पुलिया के पास पाइप लाइन मरम्मत के बाद से धाकरान बस्ती में पानी आना बंद हो गया है। रकाबगंज पंपिंग स्टेशन से सप्लाई में परेशानी हो रही है। वह क्षेत्रीय जलकल इंजीनियर से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई निदान नहीं निकला। वह अब मेयर और नगर आयुक्त से इस मामले में शिकायत करेंगे।
एडीए ने सीमेंटेड पाइप लाइन में लोहे की पत्तियों को लगाकर लीकेज बंद कराया है, जबकि विशेषज्ञो के अनुसार इसमें कॉलर लगाना बेहतर रहता। लीकेज की मरम्मत के बाद एडीए ने पानी की सप्लाई तो शुरू कर दी, लेकिन गड्ढे को बंद नहीं किया। लोहे की पत्तियों के कारण फिर से कहीं लीकेज न हो जाए, इसलिए इसे दो दिन तक चेक किया जाएगा, उसके बाद मिट्टी भरकर बंद किया जाएगा।
एक सप्ताह से प्रेशर की परेशानी
शास्त्रीपुरम निवासी संजय मिश्रा ने बताया कि एक सप्ताह से पानी में प्रेशर नहीं था। रविवार से सप्लाई बिल्कुल बंद हो गई। एडीए ने आवंटियों के साथ छलावा किया है। न पानी मिल रहा, न सीवर लाइन है। सड़कें किसी गांव से भी बीदतर हैं।
दो दिन से नहीं मिला पानी
शास्त्रीपुरम राकेश चौधरी ने बताया कि दो दिन से पानी नहीं मिल रहा। हमारी समस्या ये है कि एडीए पर कोई टोल फ्री नंबर या कोई ऐसा फोन नंबर नहीं, जिसपर शिकायत कर सकें। पानी न मिलने की शिकायत भी नहीं कर पा रहे। पड़ोसी से काम चलाऊ पानी मांगकर गुजारा किया।
नाई की मंडी में दो दिन बाद मिला पानी
नाई की मंडी क्षेत्र में दो दिन के बाद जलापूर्ति बहाल हो पाई। तहसील रोड स्थित शाहगंज प्रथम पंपिंग स्टेशन में जलनिगम द्वारा कराए जा रहे खोदाई कार्य के दौरान पानी की लाइन टूट गई, जिससे नाई की मंडी को सप्लाई देने वाली सुभाष पार्क पानी की टंकी में पानी नहीं पहुंचा। यहां देर रात 12:30 बजे तक पाइप लाइन मरम्मत का काम चला, जिसके बाद पंपिंग स्टेशन से रात से सुबह तक टंकी और जलाशय भरने का काम किया गया। नाई की मंडी क्षेत्र में मंगलवार सुबह सप्लाई दी जा सकी।
पाइप लाइन बेहद जर्जर
जलकल के महाप्रबंधक आरएस यादव ने कहा कि हमारी पाइप लाइनें बेहद जर्जर हैं। लीकेज तो होंगे, लेकिन जितनी जल्दी हम तक शिकायत पहुंचेगी, उतनी जल्दी काम करा पाएंगे। इसलिए लोगों से आग्रह है कि वह स्मार्ट सिटी के बनाए मोबाइल एप आगरा सर्वम सेतु पर पानी न मिलने की शिकायत करें। इससे मॉनीटरिंग आसान है और त्वरित निदान भी करा पाएंगे।