Agra Crime: राजस्थान के गैंग ने की थी बीज व्यापारी से 3.50 लाख की लूट, तीन गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा के थाना सैंया क्षेत्र के लादूखेड़ा में 26 सितंबर को खाद बीज व्यापारी कालीचरण त्यागी से 3.50 लाख की लूट राजस्थान के गैंग ने की थी। कस्बा में ही रहने वाले युवक ने बदमाशों को रेकी कराई थी। पुलिस ने रेकी करने वाले सहित तीन को गिरफ्तार किया है। उनसे दो लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं। दो आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में टीम दबिश दे रही है।
गांव लच्छीपुरा निवासी कालीचरण त्यागी की मुख्य बाजार में खाद-बीज की दुकान है। घटना वाले दिन वो शाम तकरीबन 6:30 बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने बाइक में टक्कर मारकर उनसे 3.50 लाख रुपये लूट लिए थे। लोगों के घेरने पर फायरिंग भी की थी। घटना की जानकारी पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी भी पहुंचे थे। उन्होंने घटना के खुलासे के लिए थाना सैंया पुलिस के साथ ही एसओजी प्रभारी कुलदीप दीक्षित, सर्विलांस प्रभारी सचिन धामा सहित अन्य टीम को लगाया था।
सीओ खेरागढ़ महेश कुमार ने बताया कि बुधवार रात को नगला मोहरे पटरी से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें सैंया के साला पीलूखेड़ा निवासी हाकिम सिंह, धौलपुर के मनिया निवासी चरत सिंह उर्फ तीरथ राम और धौलपुर के सदर निवासी सोनू को गिरफ्तार किया। उनसे दो लाख रुपये बरामद किए गए।
ये भी पढ़ें - Agra: ट्रिपल इंजन की सरकार, आगरा उत्सव लटकाया हर बार
दुकान में भीड़ देख बनाई थी लूट की योजना
सीओ के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनका सरगना धौलपुर का जयपाल है। वहीं साथी उसका साला सोनू और दोस्त भगत उर्फ लाला उर्फ निरंजन हैं। हाकिम सैंया में ही रहता है। वह दुकान और घर की रेकी करता है। पूर्व में रेकी कराकर दुकानों में चोरी की वारदात कर चुका है। जयपाल ने पिछले दिनों उससे बात की थी। कहा था कि कोई काम करवा दे, जिससे रुपये आ जाएं। इस पर हाकिम ने ही उसे बताया था कि कालीचरण की दुकान में काफी भीड़ रहती है। इस पर लूट की योजना बनाई थी। हाकिम का एक हाथ नहीं है। एक हादसे में कट गया था। इस कारण लोग उस पर शक नहीं करते हैं। वह दो बाइक से लूट करने आए थे। वारदात के बाद बदमाश धौलपुर चले गए थे, जबकि हाकिम अपने घर गया था। लूट की रकम से अपने शौक पूरे कर रहे थे। जयपाल और उसके फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है।