मेला दिखाने के बहाने दी मौत: पहले पति ने ली जान, दूसरी पत्नी ने बनाया प्लान; अरूणा हत्याकांड का हुआ खुलासा
कासगंज में निर्माणाधीन मथुरा-बरेली हाईवे पर मिले अरुणा यादव के शव के मामले में पुलिस ने उसके पूर्व पति हरिनंदन और साथी कृष्णगोपाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ककोड़ा मेले में स्नान कराने के बहाने अरुणा को बुलाया और रास्ते में गला घोंटकर हत्या कर दी। संपत्ति विवाद को हत्या की वजह बताया गया है।
विस्तार
यूपी के कासगंज स्थित निर्माणाधीन मथुरा-बरेली हाईवे पर मिले शाहजहांपुर की महिला के शव की गुत्थी को पुलिस ने रविवार को सुलझा लिया। पुलिस ने पूरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए महिला के पहले पति समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या उसके पहले पति ने साथियों के साथ गला दबाकर की थी। फिर उसके शव को हाईवे किनारे फेंककर भाग निकले थे। आरोपियों से वारदात में उपयोग बोलेरो कार और मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
सोशल मीडिया के जरिए हुई थी अरूणा की पहचान
एसपी ओपी सिंह ने रविवार शाम को प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि 25 नवंबर की सुबह निर्माणाधीन मथुरा-बरेली हाईवे पर क्यामपुर बहेड़िया गांव के सामने एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया। शनिवार को शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र की मठिया कॉलोनी निवासी उसके भाई अमित कुमार ने जिला अस्पताल की मोर्चरी में शव की पहचान अपनी बहन अरुणा यादव उर्फ नीतू पत्नी अजय यादव निवासी भरतामऊ थाना मिर्जापुर जिला शाहजहांपुर के रूप में की थी। भाई की तहरीर पर सदर कोतवाली में हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पहला पति साथी संग गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए एएसपी आलोक सिंह और सीओ सदर आंचल चौहान के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमों को लगाया गया था। पुलिस ने रविवार को गोरहा गांव से करीब एक किलोमीटर आगे नौरथा वाले रास्ते से बदायूं जिले में थाना उसावा के अभिगांव निवासी महिला के पहले पति हरिनंदन सिंह उर्फ गुड्डू और उसके साथी कृष्णगोपाल उर्फ जीसुख को गिरफ्तार कर लिया।
ककोड़ा मेला में स्नान कराने के बहाने ले गया था आरोपी
आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि 24 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे आरोपी पूर्व पति हरिनंदन उर्फ गुड्डू अपने साथी नंदकिशोर के साथ बोलेरो से अरुणा को कार्तिक पूर्णिमा पर ककोड़ा मेला में स्नान कराने के बहाने लालकुआं, हापुड़ रोड से अपने साथ ले गया था। रात करीब एक बजे मेला से वापसी के दौरान बदायूं-कासगंज मार्ग पर आरोपी कृष्णगोपाल को भी गाड़ी में बैठा लिया गया।
उझानी और कछला के बीच की हत्या
पुलिस के मुताबिक, महिला को दिल्ली छोड़ने के बहाने से ले जाते समय आरोपियों ने उझानी और कछला के बीच सुनसान इलाके में गाड़ी रोक दी। आरोप है कि नंदकिशोर ने महिला के हाथ और कृष्णगोपाल ने पैर पकड़ लिए, जबकि हरिनंदन ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी शव को गंगा नदी में फेंकने के लिए कछला ले गए, लेकिन कार्तिक पूर्णिमा के कारण वहां भीड़ अधिक होने से ऐसा नहीं कर सके। इसके बाद आरोपी कार से कासगंज की ओर आए और निर्माणाधीन मथुरा-बरेली हाईवे पर क्यामपुर बहेड़िया गांव के पास शव फेंककर भाग गए थे।
प्रॉपर्टी विवाद को बताया हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपी हरिनंदन ने बताया कि अरुणा उसकी पूर्व पत्नी थी। वह वर्तमान में दूसरे पति अजय यादव के साथ रह रही थी। आरोपी की मौजूदा पत्नी ज्योति और अरुणा के बीच विवाद था। इसके अलावा एक प्लॉट और अन्य संपत्ति को लेकर भी विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई।
दूसरी पत्नी ने तैयार किया था हत्या का प्लान
पुलिस के मुताबिक, महिला के पहले पति ने पूछताछ में बताया कि अरुणा दोबारा उसके साथ रहना चाहती थी। इस बात को लेकर उसे बार-बार परेशान करती थी। जबकि उसकी दूसरी पत्नी ज्योति इसका विरोध करती थी। उसकी दूसरी पत्नी ने अरुणा को रास्ते से हटाने के लिए हत्या का प्लान तैयार किया था। आरोपी पूर्व पति ने अपने दोनों साथियों को हत्या में सहयोग करने के बदले दो-दो लाख रुपये देने का वादा किया था।
