आगरा: दिल्ली में तैनात किरावली के एसआई ने सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर दी जान
सब इंस्पेक्टर राहुल इंदौलिया ने थाने की छत पर जाकर खुद को गोली मार ली। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहुल ने आत्महत्या क्यों की है, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
आगरा के रहने वाले दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर राहुल इंदौलिया ने गोली मारकर जान दे दी। शुक्रवार को घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन दिल्ली रवाना हो गए। सब इंस्पेक्टर की मौत के बाद गांव में गम का माहौल है। परिजन उनका शव लेकर आ रहे हैं।
किरावली निवासी राहुल सिंह इंदौलिया (32) दिल्ली के पांडव नगर थाने में एसआई के पद पर तैनात थे। शुक्रवार को परिजनों को सूचना मिली कि उन्होंने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से थाने की छत पर गोली मारकर जान दे दी है। सूचना के बाद घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग दिल्ली रवाना हो गए।
उनके ताऊ के बेटे पवन इंदौलिया ने बताया कि राहुल के पिता की वर्ष 2001 में मौत हो गई थी। मां सुमन देवी ने ही मेहनत कर बच्चों को पढ़ाया। राहुल का विवाह 9 दिसंबर 2020 को नगला छत्ती बिसावर की पूजा से हुआ था। गर्मी की छुट्टियों के कारण वह पत्नी को मायके छोड़ आया था। राहुल पर छोटी बहन शिल्पी और भाई शेखर की भी जिम्मेदारी थी।
सरल स्वभाव के थे राहुल
सब इंस्पेक्टर के साथ वाले पुलिसकर्मियों ने बताया कि राहुल काफी सरल स्वभाव के थे। वे अपने काम के प्रति भी काफी सजग थे। हाल के दिनों में हुई बातचीत के दौरान किसी को नहीं लगा था कि राहुल किसी तरह से परेशान थे।
कामकाज को लेकर भी किसी तनाव से इनकार किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल ही में वे छुट्टी में अपने गांव गए थे। लौटने के बाद से उन पर काम का कोई बोझ नहीं था। उनके घरेलू कारणों से परेशान होने की जांच की जा रही है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।