चुनावी दंगल: चाचा शिवपाल ने बढ़ाई अखिलेश और बीजेपी की दिक्कतें, यहां प्रत्याशियों में होगा घमासान
शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) से मंगलवार को जारी प्रत्याशियों की सूची से भाजपा और सपा को झटका लगा है। अकबरपुर लोकसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक मथुरा पाल के बेटे और सिकंदरा से भाजपा के विधायक अजीत पाल के भाई कैप्टन इंद्रपाल पाल को प्रगतिशील पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है।
बसपा और कांग्रेस के बाद एक और पिछड़ी जाति का प्रत्याशी मैदान में आने के बाद अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में चुनावी समीकरण बदलता नजर आ रहा है। शुरू में लगा था कि सपा-बसपा गठबंधन की निशा सचान को पिछड़ी जाति की इकलौती प्रत्याशी होने का लाभ मिलेगा।
अब दो और पिछड़ी जाति का प्रत्याशी कांग्रेस से राजाराम पाल और प्रसपा से इंद्रपाल पाल के आने से पिछड़े वोटों का बंटवारा होने की पूरी संभावना है। अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में पिछड़ी जाति के मतदाताओं की संख्या करीब सात लाख है। इनमें सिर्फ पाल बिरादरी के ही करीब दो लाख मतदाता हैं। इसके अलावा क्षेत्र में यादव, कुशवाहा, कुर्मी, काछी, धनिकार जैसी कई जातियां पिछड़ी से आती हैं।