Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   sonia-gandhi-in-memoir-Belonging-A-Journey-of-Love-pm-modi-no-real-contact-avoids-eye-contact

सोनिया गांधी की किताब में पीएम मोदी का भी जिक्र: कहा- आमने-सामने आने पर नहीं मिलाते हैं आंखें; और क्या दावा?

Tue, 10 Nov 2026 10:23 AM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Tue, 10 Nov 2026 10:23 AM IST
सार

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों और दोनों की राजनीतिक विचारधारा को लेकर कई बातें लिखी हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी से उनका कभी वास्तविक संवाद नहीं हुआ। संसद सत्र के बाद होने वाली मुलाकातों में दोनों औपचारिक नमस्ते करते हैं, लेकिन पीएम मोदी उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं। 

विज्ञापन
sonia-gandhi-in-memoir-Belonging-A-Journey-of-Love-pm-modi-no-real-contact-avoids-eye-contact
सोनिया गांधी की आत्मकथा में कई खुलासे - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों को लेकर कहा है कि दोनों के बीच कभी वास्तविक बातचीत नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि जब भी दोनों आमने-सामने आते हैं तो मोदी उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं। सोनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने भारत के विचार के लिए लड़ रहे हैं और वह अपने विचारों के लिए।
विज्ञापन


सोनिया गांधी ने ये बातें अपनी बहुप्रतीक्षित संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में लिखी हैं। हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित यह किताब मंगलवार को बाजार में आई। सोनिया ने किताब में लिखा है कि नरेंद्र दामोदरदास मोदी 12 साल से अधिक समय से देश के प्रधानमंत्री हैं और अब उनका तीसरा कार्यकाल चल रहा है। इसके बावजूद उनकी मोदी से कभी कोई वास्तविक बातचीत नहीं हुई।
विज्ञापन


पीएम मोदी को लेकर सोनिया गांधी ने किताब में क्या कहा? 
सोनिया गांधी ने बताया कि संसद के हर सत्र के बाद प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में मिलते हैं। वहां भी दोनों के बीच केवल औपचारिक अभिवादन होता है। सोनिया के मुताबिक, पहले अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता आपस में शिष्टाचार और सौहार्द के साथ मिलते थे, लेकिन अब स्थिति अलग है। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी आमने-सामने आने पर नजरें फेर लेते हैं और आंखों से संपर्क बनाने से बचते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


अस्पताल से लौटने पर पूछते हैं हालचाल
सोनिया गांधी ने लिखा कि कुछ मौकों पर जब वह अस्पताल में इलाज के बाद लौटीं तो पीएम मोदी ने उनसे पूछा, 'ठीक हैं आप?' इस पर उन्होंने जवाब दिया, 'जी, अब मैं ठीक हूं, शुक्रिया।' उन्होंने कहा कि इस तरह की छोटी बातचीत के अलावा दोनों के बीच कभी कोई संवाद नहीं हुआ। हालांकि, समय-समय पर जन्मदिन और नए साल की औपचारिक शुभकामनाओं का आदान-प्रदान जरूर हुआ है।

'दोनों की भारत को लेकर सोच अलग'
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि पीएम मोदी और उनके विचारों की दुनिया अलग-अलग है। उनके मुताबिक, उन्होंने भारत को अपने परिवार के सदस्यों के जीवन, सेवा और अनुभवों के जरिए समझा। उनके परिवार का विश्वास ऐसे देश में था, जिसमें अलग-अलग जातियों, संस्कृतियों, भाषाओं और धर्मों के लोगों के लिए जगह हो और सभी को स्वतंत्रता व समानता मिले।

वहीं, सोनिया ने लिखा कि पीएम मोदी के भारत का विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विचारकों और उनके अपने जीवन के अनुभवों से बना है। उनके अनुसार, इस सोच में अपने धर्म और संस्कृति को दूसरों से ऊपर रखा जाता है। उन्होंने लिखा कि ऐसे भारत में सामाजिक पदानुक्रम, व्यवस्था और नियंत्रण को केंद्रीय महत्व दिया जाता है।

सोनिया ने कहा कि वह ऐसे भारत की पक्षधर हैं जो वर्चस्व के खिलाफ हो और समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता तथा सामाजिक न्याय के मूल्यों पर खड़ा हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यक्तिगत मामला नहीं, बल्कि भारत को लेकर दोनों की अलग-अलग सोच का सवाल है।

'पीएम मोदी की राजनीतिक राह मुझसे अलग रही'
सोनिया गांधी ने लिखा कि पीएम मोदी का राजनीति में आने का रास्ता उनसे बिल्कुल अलग रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अपने समय के सत्ता प्रतिष्ठान को लेकर पीएम मोदी की असहजता के कुछ पहलुओं को वह समझ सकती हैं।

उन्होंने दिल्ली के राजनीतिक और सामाजिक दायरों का जिक्र करते हुए लिखा कि कई बार उन्हें वहां होने वाली चर्चाएं भारत की वास्तविकता से दूर लगती थीं। उनके मुताबिक, अपने निर्वाचन क्षेत्र और देश के अलग-अलग हिस्सों की यात्राओं के दौरान उन्होंने लोगों का संघर्ष और जीवनयापन के लिए उनकी मुश्किलें देखी थीं, जिन्हें दिल्ली के संपन्न वर्ग के लोग समझ नहीं पाते थे।

सोनिया ने यह भी लिखा कि पीएम मोदी की शुरुआती परिस्थितियां शायद उतनी साधारण नहीं थीं, जितनी उनकी छवि बनाने के लिए प्रचार टीम ने पेश की हैं। हालांकि, उनके मुताबिक पीएम मोदी ने वंचित पृष्ठभूमि से निकलकर आरएसएस के भीतर अपना राजनीतिक स्थान बनाया।

संसद में विपक्ष पर हमले और नेहरू का जिक्र
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के संसद में दिए जाने वाले भाषणों पर भी टिप्पणी की है। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी कई बार संसद में भी उसी तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जैसी वह चुनावी रैलियों में करते हैं। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री अक्सर विपक्ष पर तीखे हमले करते हैं।

सोनिया ने लिखा कि भाजपा और उसके वैचारिक परिवार की ओर से देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को विशेष रूप से निशाना बनाया जाता है। उनके अनुसार, नेहरू ने भारत को लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष रास्ते पर आगे बढ़ाया था। उन्होंने किताब में लिखा कि संघ परिवार से जुड़ी इंटरनेट साइटों पर नेहरू के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां और गलत जानकारियां भरी पड़ी हैं।

'कांग्रेस मुक्त भारत' के नारे पर भी टिप्पणी
सोनिया गांधी ने भाजपा के 'कांग्रेस मुक्त भारत' के लक्ष्य का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि भाजपा का घोषित उद्देश्य कांग्रेस पार्टी, उसकी नीतियों और विचारधारा से मुक्त भारत बनाना है। उनका मानना है कि प्रधानमंत्री की यह विरोध भावना आरएसएस से मिले वैचारिक प्रभाव का नतीजा है। सोनिया के मुताबिक, संघ ने अपने कार्यकर्ताओं में हिंदू धर्म के एक ऐसे कठोर और बहिष्कारवादी रूप के प्रति प्रतिबद्धता विकसित की है, जिसे राजनीतिक एजेंडे में शामिल किया गया है।

सोनिया ने अपनी सास से मिली धार्मिक समझ का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि भारत में सदियों से प्रचलित आस्था विविध मान्यताओं और रास्तों को स्वीकार करती है। इसमें किसी एक देवता, सिद्धांत, पैगंबर या धर्मग्रंथ को अनिवार्य नहीं माना गया है। असहमति की परंपराओं को भी इसमें जगह मिली है।

अहिंसा और धर्म के विचारों का भी किया जिक्र
सोनिया गांधी ने लिखा कि उन्हें महात्मा गांधी की व्याख्या के अनुसार अहिंसा और धर्म के सिद्धांतों की शिक्षा मिली। इसी से उन्होंने स्वीकार्यता और समझ के मूल्यों को जाना। उन्होंने भारतीय समाज में जाति व्यवस्था से जुड़ी असमानताओं और शोषण का भी जिक्र किया। सोनिया के मुताबिक, समाज सुधार के कई बड़े नेताओं ने हिंदू धर्म के भीतर मौजूद विचारों के आधार पर ही जाति व्यवस्था की जकड़न को चुनौती दी।


सोनिया गांधी ने अपनी किताब को व्यक्तिगत संस्मरण बताया है। उन्होंने लिखा है कि इसमें राजनीति मुख्य विषय नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी की पृष्ठभूमि और एक तरह का ढांचा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed