बरेली में शादी समारोह से दोस्त को छोड़ने जा रहे कार सवार युवा मस्ती के मूड में थे। आधी रात में कार तेज रफ्तार से दौड़ा रहे थे। तेज रफ्तार ही तीनों दोस्तों के लिए काल बन गई। बरेली क्लब के सामने इनकी कार ट्रक में जा घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती दो युवकों की हालत भी गंभीर है। हादसे के बाद शादी की खुशियों की जगह घर में सिसकियां गूंजने लगीं।
सड़क हादसे में मरने वाले तीनों युवक अलग-अलग जाति और अलग गांवों के थे, लेकिन उनमें गहरी दोस्ती थी। बुखारा गांव निवासी विशाल पटेल के तहेरे भाई दीपक की शादी कैंट के युगवीणा बरातघर में थी। बृहस्पतिवार देर रात पौने दो बजे बरात में खाना खाने के बाद ये लोग अपने दोस्त दिग्विजय को उसके घर छोड़ने जा रहे थे। बताते हैं कि उनकी कार बरेली क्लब के सामने खड़े ट्रक में घुस गई।
2 of 5
क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : अमर उजाला
सड़क हादसे में अरविंद, सुरेंद्र और विशाल की मौके पर मौत हो गई। बालीपुर गांव निवासी दिग्विजय उर्फ सौरभ, कांधरपुर का अनिल और झील गौटिया का देव यादव घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त कार देव के पिता की थी, जिसे विशाल चला रहा था।
3 of 5
विशाल पटेल
- फोटो : अमर उजाला
बुखारा गांव निवासी विशाल पटेल जियो मोबाइल कंपनी में ठेके पर फाइबर केबल डलवाता था सुरेंद्र उससे उम्र में बड़े थे और खेतीबाड़ी करते थे। अरविंद बीएससी का छात्र था, पर विशाल से दोस्ती की वजह से वह भी सुरेंद्र के संपर्क में आ गया था।
4 of 5
विशाल पटेल, क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : अमर उजाला
विशाल से दोस्ती की वजह से ही उसके ताऊ रामौतार ने इन दोनों को भी अपने बेटे दीपक की शादी में बुलाया था। शादी में सभी युवा साथ घूम रहे थे। घायल हुए देव के पिता की कार को घटना के वक्त विशाल ही चला रहा था। कुछ दोस्त आगे तो कुछ पीछे बैठे थे, तभी हादसा हो गया।
5 of 5
कार हादसा
- फोटो : अमर उजाला
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। बताते हैं कि घटना के दौरान ट्रक में ड्राइवर व हेल्पर मौजूद थे, जो बवाल के डर से फरार हो गए। तीनों शवों की अंत्येष्टि कांधरपुर के श्मशान घाट में की गई।