फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: धर्मपुर में विद्युत पेंशनर फोरम की बैठक, लंबित वित्तीय लाभ जल्द जारी करने की मांग

Ankesh Dogra Updated Wed, 26 Aug 2026 01:17 PM IST

विद्युत पेंशनर फोरम के धर्मपुर यूनिट की महत्वपूर्ण बैठक कर्मचारी यूनियन के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं विद्युत पेंशनर फोरम के सक्रिय सदस्य कामेश्वर दत्त शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों के लंबित वित्तीय लाभों समेत विद्युत बोर्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पेंशनरों ने विद्युत बोर्ड प्रबंधन और प्रदेश सरकार से सभी लंबित वित्तीय लाभ जल्द जारी करने की मांग की। फोरम के पदाधिकारियों ने कहा कि एक जनवरी 2016 से मार्च 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अभी तक संशोधित वेतनमान के आधार पर लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी और कम्यूटेशन की बकाया राशि का भुगतान नहीं हुआ है। फोरम ने 31 दिसंबर 2015 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनरों की बकाया राशि का भुगतान करने की मांग भी उठाई। पेंशनरों का कहना है कि प्रदेश सरकार के आदेशों के अनुरूप उन्हें लंबित भुगतान मिलना चाहिए। बैठक में विद्युत बोर्ड प्रबंधन की ओर से चार अप्रैल 2026 को जारी उस आदेश का भी विरोध किया गया, जिसमें वर्कचार्ज के रूप में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों की वर्कचार्ज अवधि को वित्तीय लाभ के लिए मान्य नहीं किए जाने की बात कही गई है। फोरम ने इस आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की। पेंशनरों का कहना है कि इस निर्णय के कारण कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों से हजारों रुपये की रिकवरी की जा रही है। फोरम ने कहा कि वर्ष 1990 के दशक में प्रदेश में हर घर को बिजली पहुंचाने के लक्ष्य के दौरान बड़ी संख्या में वर्कचार्ज कर्मचारियों ने सेवाएं दी थीं। इन कर्मचारियों के योगदान को देखते हुए उनके हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। बैठक में विद्युत बोर्ड में कर्मचारियों की घटती संख्या का मुद्दा भी उठाया गया। फोरम ने सरकार से बोर्ड में जल्द स्थायी भर्तियां शुरू करने की मांग की। इसके अलावा पुरानी पेंशन बहाल करने और विद्युत बोर्ड में स्मार्ट मीटर लगाने की एकतरफा प्रक्रिया बंद करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। इस अवसर पर विद्युत पेंशनर फोरम हमीरपुर के जिला सह सचिव जितेंद्र धीमन भी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में धर्मपुर यूनिट के सचिव प्रेम चंद शर्मा, उपप्रधान परमानंद सकलानी सहित रोशन लाल, गिरधारी लाल, प्रभु दयाल कोंडल, हंस राज, जय सिंह, अमृत लाल, हम राज, सलामत खान, प्रभुदयाल ठाकुर, बाला खान, नसीब खान और अन्य पेंशनरों ने भाग लिया।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें