कुल्लू। दशहरा उत्सव के अवसर पर शुक्रवार को रथ मैदान ढालपुर में विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं करवाई गईं। ग्रामीण कबड्डी प्रतियोगिता में बीस टीमों ने भाग लिया। मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जा रहे हैं, जिसमें जीतने वाली टीमें अगले दौर में प्रवेश करेंगी। चार मैच करवाए गए। पहला मैच बाबेली बॉयज बनाम यंग बॉयज भेखली के बीच खेला गया, जिसमें बाबेली बॉयज की टीम विजेता रही। दूसरा मैच भनोगी बॉयज व सैंज बिठली के बीच खेला गया, जिसमें भनोगी बॉयज विजेता रही। तीसरा मैच आनी बॉयज और जीवा नारायण नथान के बीच खेला गया, जिसमें आनी बॉयज विजेता रही। अंतिम मैच जुनियर बबेली और सरली खरहाल के बीच खेला गया, जिसमें सरली खरहाल की टीम विजेता रही।