फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांगड़ा: अभिलाष की संदिग्ध मौत पर भड़के परिजन, पुलिस स्टेशन के बाहर धरना; यातायात किया बाधित

Ankesh Dogra Updated Mon, 31 Aug 2026 11:27 AM IST

लंबागांव खंड की सोल वनेहड़ पंचायत के 16 वर्षीय अभिलाष की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। अंतिम संस्कार के बाद करीब पौने 11 बजे परिजन और ग्रामीण लंबागांव पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर यातायात भी बाधित किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों और ग्रामीणों की मुख्य मांग थी कि अभिलाष की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपमंडलाधिकारी जयसिंहपुर संजीव ठाकुर भी पुलिस स्टेशन पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। एसडीएम ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें मामले में जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिया। हालांकि, परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। धरने के चलते पुलिस स्टेशन के बाहर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अभिलाष को जहरीली दवा पिलाकर उसकी हत्या की गई। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करवाने के साथ आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक परिजन और ग्रामीण पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठे हुए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति संभालने का प्रयास कर रहे थे। ग्रामीणों की मांग है कि मामले में जल्द कार्रवाई कर अभिलाष की मौत की वास्तविक वजह सामने लाई जाए।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें