{"_id":"6a68c83c4220f3a3470f3caf","slug":"video-kanpur-up-pollution-board-team-investigating-chromium-waste-in-purvamir-2026-07-28","type":"video","status":"publish","title_hn":"कानपुर: पुरवामीर में क्रोमियम कचरे की जांच में जुटी यूपी प्रदूषण बोर्ड की टीम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कानपुर: पुरवामीर में क्रोमियम कचरे की जांच में जुटी यूपी प्रदूषण बोर्ड की टीम
महाराजपुर थाना क्षेत्र में आधा दर्जन स्थानों पर क्रोमियम युक्त कचरा फेंके जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के लखनऊ मुख्यालय से आई पांच सदस्यीय जांच टीम ने महाराजपुर के उन सभी डंप स्थलों का निरीक्षण किया जहां कचरा फेंका गया था। टीम ने कचरे और आसपास के सतही जल के नमूने भी एकत्र किए।
जांच दल ने कानपुर नगर और कानपुर देहात के करीब 18 स्थानों का सर्वेक्षण कर नमूने लिए। टीम में मुख्य पर्यावरण अधिकारी विमल कुमार, सहायक अभियंता उपेंद्र प्रसाद, रितेश मौर्य, सलाहकार डॉ. एच.बी. सिंह और डॉ. नेहा जायसवाल शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि क्रोमियम युक्त कचरा पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। टीम अब डंप स्थलों पर पड़े कचरे की मात्रा का आंकलन करेगी, जिम्मेदार उद्योगों की पहचान करेगी और नमूनों में रासायनिक तत्वों की सांद्रता का परीक्षण करेगी। एक सप्ताह के भीतर सुरक्षित निस्तारण को लेकर रिपोर्ट और संस्तुति संबंधित अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
टीम प्रभारी विमल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कानपुर देहात की दो कंपनियां संदेह के दायरे में आई हैं। इनके अपशिष्ट और डंप स्थलों पर मिले कचरे में समानता पाई गई है। पूरे मामले की गहन जांच के बाद जल्द खुलासा कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। दो दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पर्यावरण मंत्री और जिला प्रशासन के साथ बैठक कर विस्तृत जांच के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में यह समिति गठित हुई थी।
भाजपा नेता सुरेंद्र अवस्थी ने कचरे के तत्काल निस्तारण और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद एक ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 12 दिन पहले पुरवामीर गांव के पास खेतों में रात के अंधेरे में डंपरों से क्रोमियम कचरा फेंका गया था। ग्रामीणों की शिकायत पर मामला सामने आया था। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नरवल सत्यपाल प्रजापति, विनय मिश्रा, रानू शुक्ला और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।