पंचायती राज चुनाव की तैयारियों के बीच जयपुर जिले में बुधवार को जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति प्रधानों और पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए आरक्षण लॉटरी निकाली गई। जयपुर जिला कलेक्ट्रेट में सुबह 10:15 बजे शुरू हुई इस प्रक्रिया में विभिन्न पदों के लिए आरक्षण का निर्धारण किया गया। जिला कलक्टर संदेश नायक के अनुसार जिला परिषद सदस्यों, जिले की सभी पंचायत समितियों के प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के पदों का आरक्षण लॉटरी के माध्यम से तय किया जा रहा है।
जिले में 597 ग्राम पंचायतें, 22 पंचायत समितियां
जयपुर जिले में कुल 597 ग्राम पंचायतें और 22 पंचायत समितियां हैं। लॉटरी के माध्यम से जिला परिषद के 57 सदस्यों और 386 पंचायत समिति सदस्यों के पदों का आरक्षण तय किया गया। इसके अलावा जिले की 22 पंचायत समितियों के प्रधान पदों का आरक्षण भी निर्धारित किया गया है। आरक्षण व्यवस्था में 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
प्रधान पदों की आरक्षण लॉटरी में किसे मिली कौन सी श्रेणी?
जिला प्रधान पदों की आरक्षण लॉटरी में अनुसूचित जाति के लिए तूंगा और आंधी को सामान्य श्रेणी में रखा गया, जबकि रामपुरा डाबरी और कोटखावदा को महिला श्रेणी में आरक्षित किया गया। अनुसूचित जनजाति श्रेणी में चौमूं और किशनगढ़-रेनवाल को सामान्य तथा अमरसर को महिला श्रेणी में रखा गया है। वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग में माधोराजपुरा और सांगानेर सामान्य श्रेणी के लिए आरक्षित हुए, जबकि जोबनेर और मौजमाबाद को महिला श्रेणी में रखा गया। अनारक्षित सामान्य श्रेणी में शाहपुरा, बस्सी, जमवा-रामगढ़ और फागी को शामिल किया गया है। वहीं महिला श्रेणी में गोविंदगढ़, दूदू, जालसू, चाकसू, आमेर और झोटवाड़ा को रखा गया है।
जिला परिषद सदस्य पदों के लिए भी वार्डों का आरक्षण
जिला परिषद सदस्य पदों की लॉटरी में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के साथ महिला और अनारक्षित श्रेणियों के लिए वार्डों का निर्धारण किया गया। अनुसूचित जाति महिला श्रेणी में वार्ड 23, 27, 32, 36 और 42 को रखा गया है। अनुसूचित जनजाति महिला श्रेणी में वार्ड 41, 44, 46 और 47 शामिल हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए वार्ड 22, 21, 57, 51, 45 और 56 को सामान्य श्रेणी में रखा गया है, जबकि वार्ड 43, 8, 1 और 10 महिला श्रेणी के लिए आरक्षित किए गए हैं।
आमेर पंचायत समिति में भी तय हुआ वार्डों का आरक्षण
आमेर पंचायत समिति में भी अलग-अलग श्रेणियों के लिए वार्डों का आरक्षण निर्धारित किया गया। अनुसूचित जाति सामान्य श्रेणी के लिए वार्ड 6 और 15 को आरक्षित किया गया है, जबकि वार्ड 4 अनुसूचित जाति महिला श्रेणी के लिए रखा गया है। अनुसूचित जनजाति सामान्य श्रेणी में वार्ड 18, 14 और 10 को शामिल किया गया है, जबकि महिला श्रेणी में वार्ड 11 और 12 आरक्षित किए गए हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग में वार्ड 16 को सामान्य और वार्ड 21 को महिला श्रेणी के लिए आरक्षित किया गया है। आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया के साथ ही जयपुर जिले में पंचायती राज चुनाव के लिए जिला परिषद, पंचायत समिति प्रधान और पंचायत समिति सदस्य पदों की आरक्षण स्थिति स्पष्ट होने लगी है। अब इसी आरक्षण व्यवस्था के आधार पर आगामी चुनाव की तैयारियां आगे बढ़ेंगी।