ओरछा तिगैला पर महिला का लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हुए ऑटो चालक को नाराईनाका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से महज 48 घंटे में मामले का खुलासा किया। आरोपी के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल किया गया सीएनजी ऑटो भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादिया मुस्कान यादव 9 नवंबर 2026 की रात अपने ससुर के साथ जयपुर से झांसी के लिए बस से रवाना हुई थीं। 10 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे झांसी पहुंचने के बाद दोनों ने आधे घंटे तक इंतजार किया। इसके बाद सुबह करीब 8:30 बजे सीएनजी ऑटो से ओरछा के लिए निकले। महिला ने अपना सामान से भरा बैग ऑटो के पीछे रख दिया था।
पढे़ं: 907 करोड़ की लागत से बना उज्जैन-बदनावर फोरलेन 18 महीने में उखड़ा, सांसद फिरोजिया ने गडकरी से की शिकायत
ओरछा तिगैला पर उतरते समय महिला का बैग ऑटो में ही छूट गया। महिला ने चालक को आवाज लगाकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि चालक बैग लेकर ऑटो सहित झांसी की ओर फरार हो गया। बैग में सोने की अंगूठी, ओम, नथ, बेंदी, मंगलसूत्र, चांदी की पायल और बच्चों के चांदी के कड़े सहित अन्य जेवर रखे हुए थे।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी जितेंद्र जोशी (32), निवासी ग्राम अछरोनी, थाना खनियाधाना, जिला शिवपुरी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए गए।
पुलिस अधीक्षक राय सिंह नरवरिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, एसडीओपी केके पांडे और थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह गुर्जर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आरोपी की गिरफ्तारी और जेवरों की बरामदगी में उपनिरीक्षक टिंकल यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।