टीकमगढ़ में वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टीकमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नौ मोटरसाइकिलें, एक नंबर प्लेट तथा बाइक खोलने और काटने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 3.90 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति अनगढ़ा बाईपास के पास चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ और जांच के दौरान आरोपियों से चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल नौ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जांच में इनमें से दो मोटरसाइकिलें टीकमगढ़ कोतवाली क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंधित पाई गईं। वहीं, अन्य 7 मोटरसाइकिलें टीकमगढ़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अलावा झांसी और महरौनी क्षेत्र से चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे पुलिस को गिरोह के अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय होने का पता चला है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, चोरी किए गए वाहनों की बिक्री के ठिकानों और पूर्व में की गई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान वाहन चोरी की और घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
ये भी पढ़ें- आंगनवाड़ी सहायिका के बेटे ने PSC में गाड़ा झंडा: पांच साल असफलताएं झेलीं, नहीं मानी हार; बना असिस्टेंट प्रोफेसर
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई। इसमें कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि भूषण पाठक सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।