अवैध रेत परिवहन में पकड़े जाने के डर से एक ट्रैक्टर चालक ने ऐसा कदम उठाया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। आरोप है कि पुलिस ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर दस्तावेज मांगे तो चालक और उसके पिता ने पहले बातचीत कर बचने की कोशिश की। जब पुलिस ने वाहन को थाने ले जाने की बात कही तो ट्रॉली में लोड रेत खाली कर दी गई। इसके बाद ट्रैक्टर को नाले में पलटा दिया गया। घटना के दौरान पुलिसकर्मियों ने वीडियो बना लिया, जो शनिवार सुबह सामने आया। मामला जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के भुरका गांव का है।
पुलिस के अनुसार, भुरका गांव स्थित अखडार नाले से रेत के अवैध खनन और परिवहन की सूचना मुखबिर से मिली थी। इसके बाद जयसिंहनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान पुलिस को रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने वाहन रोककर ट्रॉली में लोड रेत से संबंधित दस्तावेज मांगे।
पढ़ें: पितृ मोक्ष अमावस्या पर ओंकारेश्वर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
थाने ले जाने की बात पर पलट दिया ट्रैक्टर
पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर सत्यम मिश्रा चला रहा था और उसके साथ उसके पिता सूर्य प्रकाश मिश्रा भी मौजूद थे। आरोप है कि दस्तावेजों को लेकर बातचीत के दौरान जब पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने ले जाने के लिए कहा तो पिता-पुत्र ने पहले ट्रॉली में लोड रेत खाली की और फिर ट्रैक्टर को नाले में पलटा दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
पुलिस ने नाले से निकलवाया ट्रैक्टर
घटना के बाद पुलिस ने नाले में पलटे ट्रैक्टर को निकलवाकर थाने पहुंचाया। जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि संबंधित वाहन राहुल केवट के नाम पर दर्ज है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।