एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के चैंपियन बनने के बाद नर्मदापुरम के चांदोन गांव में जश्न का माहौल है। गांव के स्टार हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद भारतीय टीम का हिस्सा रहे। भारत की शानदार जीत के बाद उनके परिवार से लेकर ग्रामीणों तक खुशी की लहर दौड़ गई। भारत और मलेशिया के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले को देखने के लिए विवेक के परिवार और गांव के लोग एक साथ जुटे थे। जैसे ही भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया, चांदोन में जश्न शुरू हो गया। ग्रामीणों ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई।
जीत के बाद विवेक से वीडियो कॉल पर बात
भारत की जीत के बाद विवेक के परिजनों ने मलेशिया में मौजूद विवेक सागर से वीडियो कॉल पर बात की। परिवार ने वीडियो कॉल पर ही विवेक को शानदार प्रदर्शन और गोल्ड मेडल की बधाई दी। वीडियो कॉल के दौरान परिवार के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ नजर आया। परिजनों ने विवेक से जीत की खुशी साझा की और देश के लिए एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
गोल्ड के बाद अब शादी की चर्चा
विवेक की ऐतिहासिक उपलब्धि के बीच अब गांव में उनकी शादी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। लोग जानना चाहते हैं कि देश के लिए लगातार बड़ी उपलब्धियां हासिल करने वाले विवेक की जिंदगी में शादी की शहनाई कब बजेगी। इस सवाल पर विवेक के पिता विद्या सागर प्रसाद ने परिवार का प्लान बताया है। उनके मुताबिक, विवेक ने फिलहाल अपना पूरा ध्यान हॉकी पर लगाने का फैसला किया है। उनका लक्ष्य 2028 ओलंपिक में भारतीय टीम के लिए खेलना है।
पहले 2028 ओलंपिक, फिर शादी
परिवार के मुताबिक, विवेक सागर 2028 ओलंपिक खेलने के बाद ही शादी को लेकर फैसला करेंगे। यानी फिलहाल विवेक की प्राथमिकता शादी नहीं, बल्कि हॉकी और देश के लिए अगली बड़ी उपलब्धि हासिल करना है। परिवार का कहना है कि विवेक ने लगातार देश के लिए शानदार प्रदर्शन किया है और अब उनका अगला सपना 2028 ओलंपिक में भारत के लिए खेलना है। इसके बाद ही शादी को लेकर आगे की योजना बनाई जाएगी।
ये भी पढ़ें-
उज्जैन शाही मस्जिद विवाद में सियासी हलचल तेज: आरिफ मसूद ने कलेक्टर-एसपी से की मुलाकात, बोले- मीनार कैसे गिरा?
चांदोन को अब ओलंपिक का इंतजार
एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बनकर विवेक सागर ने अपने गांव चांदोन का नाम एक बार फिर रोशन किया है। गांव के लोगों को अब विवेक से 2028 ओलंपिक में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। चांदोन में कल गोल्ड का जश्न मना। परिवार ने वीडियो कॉल पर विवेक से जीत की खुशी साझा की और अब गांव में उनकी शादी को लेकर चर्चा है। लेकिन परिवार का साफ कहना है- पहले ओलंपिक, उसके बाद शादी।