मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मेवदा गांव के आशाराम का पुरा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। अचानक हुए हमले में दो महिलाओं समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों में मुन्नी बाई, कमलेश बाई, योगेंद्र सिंह समेत दो अन्य लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मुन्नी बाई और कमलेश बाई को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, आशाराम गुर्जर ट्रक ड्राइवर है। कुछ दिन पहले ट्रक पर ड्राइवरी करने को लेकर उसका पड़ोसी राजेंद्र गुर्जर से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते राजेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, सत्तो और एक अन्य व्यक्ति लाठी-सरियों से लैस होकर आशाराम के घर पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक, आरोपी घर के दरवाजे पर बैठी मुन्नी बाई से मारपीट करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने मुन्नी बाई पर अचानक लाठियों से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गईं और चीख-पुकार मच गई।
पढ़ें: घर में सो रही दो सगी बहनों को सांप ने डसा, दोनों की मौत; घर में कोहराम
मुन्नी बाई की आवाज सुनकर कमलेश बाई, गिर्राज और योगेंद्र सिंह समेत अन्य लोग उन्हें बचाने के लिए बाहर आए। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और लाठी-सरियों से हमला कर दिया। कुछ ही देर में मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मारपीट की इस घटना में दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। यहां मुन्नी बाई और कमलेश बाई को गंभीर चोटें होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के कारणों के साथ ही मारपीट में शामिल लोगों और लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और पुरानी रंजिश से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयानों के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।