मंडला शहर की राजीव कॉलोनी में बुधवार रात पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई। मोंटफोर्ट स्कूल के पास देर रात 36 वर्षीय इम्तियाज खान पर चाकू से हमला किया गया। हमले में उनकी पीठ और हाथ में चोट आई है। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
80 हजार रुपए को लेकर विवाद
घायल इम्तियाज खान के अनुसार, उन्हें राजीव कॉलोनी में रहने वाले सलमान से करीब 80 हजार रुपये लेने हैं। इसी रकम को लेकर वह सलमान के परिवार के लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान सलमान, आरिफ और शिब्बू समेत कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इम्तियाज का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और भीड़ के बीच आरिफ ने उनकी पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। उन्होंने दूसरे वार को हाथ से रोकने का प्रयास किया, जिससे उनके अंगूठे में भी चोट आई।
ये भी पढ़ें- दाल ने बिगाड़ा रसोई का बजट: एक हफ्ते में तुवर 10 रुपए महंगी, चना-मूंग-उड़द-मसूर के भाव भी बढ़े, और बढ़ेगा दाम
आरिफ से एक लाख रुपये लेने का दावा
इम्तियाज ने बताया कि उन्हें आरिफ से भी करीब एक लाख रुपये लेने हैं। उनके मुताबिक, आरिफ उनके साले का दोस्त है और इसी वजह से उन्होंने उसे रुपये दिए थे। घायल ने आरिफ पर कथित तौर पर पैसा दोगुना करने के काले कारोबार से जुड़े होने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पीठ पर 5 से 6 सेंटीमीटर गहरा घाव
जिला अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रवीण उइके ने बताया कि इम्तियाज को रात करीब 8:30 बजे चाकू से घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्रारंभिक जांच में उनकी पीठ पर करीब 5 से 6 सेंटीमीटर गहरा घाव मिला। घाव पर टांके लगाए गए हैं। उनके अंगूठे में भी चोट पाई गई है। पीठ की चोट को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया।
घटना के बाद पैसों के लेन-देन और कथित डबल मनी गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, चाकूबाजी की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में शामिल लोगों की भूमिका क्या रही, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।