खरगोन जिले में शनिवार सुबह 9:15 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। खरगोन तहसील सहित गोगावां, भगवानपुरा, झिरन्या, महेश्वर, भीकनगांव और अन्य क्षेत्रों में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.5 दर्ज की गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 18 अक्टूबर 2026 को भी जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय मौसम विभाग भोपाल ने भूकंप की तीव्रता 3.0 होने की पुष्टि की थी। एक माह के भीतर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस होने से आमजन में चिंता बढ़ गई है। लोगों की सुरक्षा और क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर गुरु प्रसाद ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पढ़ें: दो मासूम बच्चों के साथ मां ने कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत; कोहराम
तकनीकी दल से जांच कराने के लिए लिखा पत्र
भूकंप की स्थिति का तकनीकी परीक्षण और विश्लेषण कराने के लिए कलेक्टर ने भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई), मध्य प्रदेश इकाई भोपाल और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, भोपाल के अधिकारियों को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से जिले के भूकंप संवेदनशील क्षेत्रों का तकनीकी दल से तत्काल निरीक्षण और विश्लेषण कराने के साथ ही आवश्यक अभिमत देने का अनुरोध किया गया है। इसका उद्देश्य भूकंप की स्थिति को समझना, आमजन को जागरूक करना और भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाना है।
कलेक्टर ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
कलेक्टर गुरु प्रसाद ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि भूकंप के झटके महसूस होने पर घबराएं नहीं, बल्कि संयम और सतर्कता बरतें। अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। भूकंप के दौरान और उसके बाद सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नागरिक स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी भूकंप से बचाव के उपायों की जानकारी दें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
भूकंप से बचाव के लिए इन सावधानियों का रखें ध्यान
-
घर के अंदर होने पर भूकंप के झटके महसूस होते ही मजबूत मेज या फर्नीचर के नीचे बैठ जाएं और सिर व गर्दन को हाथों से ढंक लें।
-
खिड़कियों, कांच, अलमारी, पंखे और भारी सामान से दूर रहें।
-
झटके महसूस होने के दौरान सीढ़ियों या लिफ्ट का इस्तेमाल न करें।
-
बाहर होने पर भवनों, बिजली के खंभों, पेड़ों और बड़ी दीवारों से दूर खुले स्थान पर चले जाएं।
-
वाहन चला रहे हों तो सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर उसके अंदर ही रहें। पुल, फ्लाईओवर और बिजली की लाइनों से दूरी बनाए रखें।
-
झटके रुकने के बाद क्षतिग्रस्त भवनों में प्रवेश न करें। गैस और बिजली की आपूर्ति की सावधानीपूर्वक जांच करें।
-
आपात स्थिति में प्रशासन और संबंधित आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करें।