दमोह जिले के हटा क्षेत्र से निकली सुनार नदी में रविवार शाम महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। हारट गांव के पास नदी में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, सूचना देने के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी हुई। इस दौरान तेज बहाव के कारण शव नदी में बहकर घुराघाट की ओर चला गया। बाद में एसडीओपी के निर्देश पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नाव से पहुंचकर अंधेरे में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
हारट के पास दिखा शव, सूचना के बाद बढ़ी मुश्किल
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6 बजे हारट पुल के पास सुनार नदी में एक महिला का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसी बीच नदी का बहाव तेज होने से शव बहता हुआ कई किलोमीटर दूर घुराघाट की ओर पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की देरी पर सवाल भी उठाए हैं।
एसडीओपी के निर्देश पर SDRF ने संभाला मोर्चा
करीब डेढ़ घंटे बाद हटा एसडीओपी केपी सिंह के निर्देश पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नाव लेकर घुराघाट पहुंची। रात के अंधेरे में नदी के तेज बहाव के बीच टॉर्च की रोशनी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी खोजबीन के बाद टीम को नदी में शव दिखाई दिया। इसके बाद उसे किनारे तक लाने का प्रयास शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू में की मदद
रेस्क्यू के दौरान आरक्षक विजय सिंह राजपूत और सोनू कुर्मी के साथ एसडीआरएफ टीम के अरविंद राजपूत, राजेंद्र सिंह और हन्नु लाल अठ्या मौके पर रहे। स्थानीय नागरिक जग्गी मिस्त्री, जुबेर खान और पप्पू मिस्त्री ने भी टीम का सहयोग किया। सभी की मदद से शव को घुराघाट के नदी किनारे तक लाया गया और काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
ये भी पढ़ें-
MP: 15 साल पहले नदी से निकला शिवलिंग, हर साल बढ़ रहा आकार; सावन में भक्तों का उमड़ा सैलाब, जानिए
सोशल मीडिया से हुई महिला की पहचान
शव की जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मृतका की पहचान रामबाई (35), पति हीरा पटेल, निवासी कनोरा रामनगर, थाना मगरोंन के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, रामबाई शनिवार शाम करीब 7:30 बजे से घर से लापता थीं। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मगरोंन थाने में दर्ज होने की बात भी सामने आई है।
पोस्टमार्टम के बाद साफ होगा मौत का कारण
रेस्क्यू के बाद महिला के शव को हटा सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। महिला नदी तक किन परिस्थितियों में पहुंचीं और उनकी मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।