बुरहानपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। ताप्ती नदी सहित विभिन्न नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर हर्ष सिंह और पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने शुक्रवार को शहर एवं आसपास के संवेदनशील जलभराव क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेणुका झील, राजघाट और हतनूर पुल का दौरा कर जलस्तर, जल निकासी व्यवस्था और सुरक्षा इंतज़ामों का जायजा लिया। नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव से जल निकासी और राहत व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
ये भी पढ़ें- भोजशाला विवाद धार: नमाज स्थल बदलने पर नया विवाद, रहवासियों ने पेश किए पुश्तैनी हक के दावे; अब आगे क्या?
प्रशासन ने ताप्ती नदी के नागझिरी घाट, पीपल घाट, राजघाट, हतनूर सहित सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती कर दी है। साथ ही प्रशिक्षित आपदा मित्र भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। लगातार वर्षा को देखते हुए जिले में तीन दिनों का अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के पास न जाएं तथा उफनते हुए नदी-नालों को पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला कंट्रोल रूम सक्रिय है। नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में नदी नाले उफान पर देखने को मिले, लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करते नजर आए। तीन दिन से लगातार हो रही झमाझम बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बुरहानपुर जिला हैवी रेन अलर्ट किया गया है ।