{"_id":"6ac20b0b1598c6b3320301d3","slug":"video-iiit-una-nasha-mukt-yuva-walkathon-250-students-participate-2026-10-04","type":"video","status":"publish","title_hn":"IIIT ऊना में नशा मुक्त युवा अभियान के तहत वॉकथॉन, 250 से ज्यादा विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
IIIT ऊना में नशा मुक्त युवा अभियान के तहत वॉकथॉन, 250 से ज्यादा विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
Ankesh Dogra
Updated Sun, 04 Oct 2026 01:45 PM IST
Link Copied
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ट्रिपल आईटी ऊना में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत वॉकथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ट्रिपल आईटी ऊना के साथ हरोली कॉलेज, भटोली कॉलेज और ऊना कॉलेज के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन ट्रिपल आईटी ऊना के निदेशक प्रोफेसर मनीष गौर के मार्गदर्शन में और माय भारत ऊना के जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार के समन्वय से किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं एचपीएसआईडीसी के पूर्व उपाध्यक्ष प्रोफेसर राम कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। ट्रिपल आईटी ऊना के मुख्य वित्त अधिकारी मोहम्मद शमीम, एपीईओ विवेक कुमार सिंह, डॉ. तनु, डॉ. सोनू, डॉ. अरुण यादव और जिला नोडल अधिकारी डॉ. लिली ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ट्रिपल आईटी ऊना के विद्यार्थियों कुनाल, दिव्यांश और अरुष के समूह गायन से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि प्रोफेसर राम कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से चिट्टे जैसी नशीली वस्तुओं से दूर रहने के लिए युवाओं को जागरूक किया। शपथ कार्यक्रम के बाद ट्रिपल आईटी ऊना परिसर से घालुवाल चौक तक वॉकथॉन निकाली गई। इसमें 250 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। वॉकथॉन के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया कि नशे की गिरफ्त में आने के बजाय युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रोजगार और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाएं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों, अतिथियों और विद्यार्थियों ने देश को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ हस्ताक्षर किए। सभी ने अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और युवाओं को नशे से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रिपल आईटी ऊना के एपीईओ विवेक कुमार सिंह, पीटीआई दीपक चौहान और माय भारत ऊना के स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हरोली कॉलेज से सन्नी बग्गा और रिशव तथा भटोली कॉलेज से नंदिनी सहित अन्य सहयोगियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।