सोमवार को बालको के लालघाट क्षेत्र स्थित एक पोल्ट्री फार्म में अचानक नाग सांप घुस आने से हड़कंप मच गया। सैकड़ों मुर्गियों के बीच नाग फुंकार मार रहा था, जिससे मुर्गियां शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर संचालक मौके पर पहुंचा तो नाग को देखकर दहशत में आ गया। संचालक उदय कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए सांप को मारने के बजाय स्नैक कैचर और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही RCRS टीम के सदस्य मानस कुमार और उमेश यादव मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक पोल्ट्री फार्म में सर्च अभियान चलाया।
बताया जा रहा है कि नाग फार्म के अंदर मुर्गियों पर हमला करने की कोशिश कर रहा था। मुर्गियों की चीख-पुकार से पूरे फार्म में अफरा-तफरी मच गई। संचालक ने तुरंत सभी कर्मचारियों को फार्म से बाहर निकालकर सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा। कुछ देर की मशक्कत के बाद RCRS टीम ने नाग को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश दी कि सांप से दूरी बनाए रखें और उसे किसी भी तरह का नुकसान न पहुंचाएं। स्नेक कैचर उमेश यादव और मानस कुमार ने बताया कि नाग किसी भी मुर्गी का शिकार नहीं कर पाया और समय रहते उसे रेस्क्यू कर लिया गया। इसके बाद नाग को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
ये भी पढ़ें: धमतरी: पुरानी रंजिश में युवक की गला रेतकर हत्या, 18 साल का आरोपी गिरफ्तार, चाकू भी बरामद किया
वन विभाग और RCRS की संयुक्त पहल से एक बार फिर मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व और वन्यजीव संरक्षण का संदेश सामने आया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर, खेत, पोल्ट्री फार्म या अन्य स्थानों पर सांप दिखाई देने पर उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास न करें। इसके बजाय तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
वन विभाग के अनुसार बरसात के मौसम में सांप अक्सर भोजन की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाते हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। घटना के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पोल्ट्री संचालक ने RCRS टीम और वन विभाग का आभार जताया, जिनकी तत्परता से किसी बड़े नुकसान को टाला जा सका।