News: 65 लाख हड़पने के केस में अग्रिम जमानत, फेस रिकग्निशन कैमरे से पकड़े गए चार जेबकतरे; पढ़ें खास खबरें
वाराणसी में कारोबार में 65 लाख रुपये हड़पने के एक मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत मिल गई। वहीं, फेस रिकग्निशन कैमरों की मदद से दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने चार जेबकतरों को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News Today: एआई आधारित फेस रिकग्निशन कैमरों की मदद से दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने चार जेबकतरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पद्मश्री चौराहा, दुर्गाकुंड के सिंधू डोम, हड़हा सराय के गोविंदा डोम, तेलियाना फाटक गेट नंबर-6 के जय बाबू और चंदौली के कालीमहल के हीरा डोम के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से 9550 रुपये टूटी हुई ब्लेड बरामद की गई है। बदायूं से आए एक बुजुर्ग श्रद्धालु की जेब खारीकुआं के पास कट गई थी। उन्होंने दशाश्वमेध थाने की पुलिस से शिकायत की।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि दशाश्वमेध थानाध्यक्ष विजय कुमार शुक्ला और उनकी टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली तो सामने आया कि बुजुर्ग के इर्द-गिर्द चार लोग मौजूद थे। जय बाबू और गोविंदा डोम चौक थाने से लूट और चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। सीसी फुटेज को एआई आधारित फेस रिकग्निशन कैमरों से चेक किया गया तो पता लगा कि जय बाबू और गोविंदा बुजुर्ग की जेब काटने की घटना में शामिल थे।
दोनों को शीतला घाट के ऊपर हवा गली में एक खंडहर के पास से पकड़ा गया। जय और गोविंदा की मदद से उनके साथी सिंधू और हीरा भी पकड़े गए। पूछताछ में चारों ने बताया कि उनमें से दो लोग भीड़भाड़ में बुजुर्गों और महिलाओं से बातचीत करना शुरू करते हैं। उसी दौरान दो अन्य लोग ब्लेड से जेब काट लेते हैं। चोरी के पैसे का उपयोग चारों नशा और मौज-मस्ती के लिए करते हैं।
बीएचयू में नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी
बीएचयू में एमबीए में प्रवेश दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। चौक थाने की पियरी की रहने वाली डिंपल कुमारी ने स्थानीय थाने पर देवेश व उसके परिजनों के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई है।
तहरीर के अनुसार, आरोपी देवेश ने बीएचयू एमबीए में प्रवेश दिलाने का झांसा दिया है। आरोपी ने कुछ नगद रुपये भी लिए। नाैकरी नहीं लगी तो वह इधर-उधर की बात करने लगा। थानाध्यक्ष विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
65 लाख रुपये हड़पने के मामले में मिली अग्रिम जमानत
साड़ी कारोबार में साझीदार बनाने के नाम पर एक करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपये लेने और बाद में उसमें से 65 लाख वापस करने और शेष रकम हड़पने के मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत मिल गई। अपर जिला जज (पंचम) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने सिविल लाइंस, प्रयागराज की रहने वाली पूजा ग्रोवर को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की दशा में एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार परिवादी पियूष वर्मा ने अदालत में परिवाद दर्ज कराया था। आरोप है कि वर्ष 2015 में उनका मित्र उमंग अपनी पत्नी पूजा ग्रोवर के साथ वाराणसी में एक पार्टी में आया था। बातचीत में उसने बताया कि वह सिविल लाइंस, प्रयागराज में साड़ी की बड़ी दुकान का अधिष्ठाता है। उसे उसी एरिया में साड़ी की एक दूसरी दुकान खोलनी है। उसी के लिए उसे कुछ आर्थिक सहायता चाहिए।
वह उसके साथ पार्टनर के तौर पर रहेगा और उचित मूल्य लाभांश में से प्रदान करेगा। उसकी बात पर विश्वास करके परिवादी ने उमंग और उसकी पत्नी पूजा ग्रोवर को एक करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपये लोन के माध्यम से और घर से विभिन्न तिथियों में दिया। विपक्षीगण ने शुरू में परिवादी को दो लाख रुपये वादे के अनुसार भुगतान किया, लेकिन बाद में पैसे देने बंद कर दिए।
मानसिक अस्पताल में एक घंटे ठप रही ओपीडी, इंतजार करते रहे मरीज
पांडेयपुर स्थित मानसिक अस्पताल में कर्मचारी पर हमले के विरोध में डाॅक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों ने शनिवार को एक घंटे ओपीडी ठप रखी। इस वजह से वाराणसी और आसपास के जिले से आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर स्वास्थ्यकर्मी काम पर लौटे। अस्पताल से डयूटी कर लौट रहे कर्मचारी प्रमोद चौबे पर टकटकपुर क्षेत्र में हमला किया गया था।
घायलावस्था में परिजनों ने दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना से आक्रोशित मानसिक चिकित्सालय के डॉक्टरों, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ ने शनिवार को कार्य का बहिष्कार कर परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान ओपीडी गेट का चैनल गेट बंद कर दिया, इससे मरीजों को बाहर ही खड़ा रहना पड़ा। कर्मचारियों ने बताया कि प्रमोद चौबे की ओर से दी गई तहरीर के बावजूद कैंट थाने में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। कार्य बहिष्कार के बाद मुकदमा दर्ज किया गया।
दोस्त और चचेरे भाई को बचाने में 12वीं का छात्र गंगा में डूबा
चिरईगांव के सिंहवार गांव में शनिवार को गंगा में नहाने गए 12वीं के छात्र की डूबने से मौत हो गई। वह गंगा में डूब रहे अपने दोस्त और चचेरे भाई को बचाने के लिए बढ़ा था। मगर, वह खुद डूब गया और अन्य दोनों युवकों को मछुआरे ने बचा लिया।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के सिंहवार निवासी हलवाई सुरेंद्र उर्फ लकड़ू के दो बेटों और दो बेटियों में सबसे बड़ा पवन यादव (19) बारहवीं का छात्र था। पवन अपने दोस्तों और चचेरे भाई के साथ गांव में हनुमान मंदिर परिसर में खेलने के बाद दोपहर के समय गंगा में स्नान करने गया था। नहाने के दौरान उसका दोस्त अशोक और चचेरा भाई पानी में डूबने लगे।
उन्हें डूबते देख पवन उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन तैरना न जानने के कारण वह डूब गया। उसी दौरान कुंडा की ओर से एक मछुआरा मछली पकड़ने आ रहा था। उसने तुरंत अपनी नाव और जाल की मदद से सभी को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक पवन की मौत हो गई थी। घटना की सूचना पाकर चिरईगांव चौकी प्रभारी रोहित सिंह मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को लिखित सूचना देकर पंचनामा करवाया।
डूब रहे युवक को बचाया
मान मंदिर घाट पर गंगा में शनिवार को स्नान कर रहा शिवपुर निवासी आर्यन सिंह गहरे पानी में चला गया। इसकी सूचना पाकर पेट्रोलिंग कर रहे एनडीआरएफ की 11वीं वाहिनी के जवानों ने गंगा में छलांग लगाकर आर्यन को सकुशल बाहर निकाल लिया। 11वीं वाहिनी, एनडीआरएफ के डीआईजी मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि त्वरित प्रतिक्रिया और उत्कृष्ट तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए उन्होंने डूबते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस वीरतापूर्ण कार्य ने एक अमूल्य जीवन की रक्षा की।
कुत्ते के गंदगी करने पर महिलाओं में मारपीट
भेलूपुर थाना क्षेत्र की बड़ी गैबी, वीडीए कॉलोनी में कुत्ते के गंदगी करने पर महिलाओं में मारपीट हो गई। मामले को लेकर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। अनीशा शाही ने बताया कि उनके घर के सामने कुत्ता गंदगी कर रहा था। मना करने पर स्नेहा विश्वास और गौरी विश्वास ने उन पर हमला कर दिया। अनीशा ने भेलूपुर थानाध्यक्ष को तहरीर देकर गौरी और स्नेहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
सोने के नकली आभूषण बेचने के मामले में केस
अर्दली बाजार स्थित चंद्रा आभूषण की दुकान से सोने के नकली आभूषण बेचने के मामले में दो सगे भाइयों के खिलाफ कैंट थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। कुंदन नगर कॉलोनी, शिवपुर निवासी अमरनाथ ने पुलिस को बताया कि अर्दली बाजार स्थित चंद्रा ज्वैलर्स से आठ मार्च 2022 को लगभग 27 ग्राम सोना का आभूषण खरीदा था।
उस दिन दुकान पर प्रशांत सिंह और कृष्णा सिंह मौजूद थे। जब वह आभूषण बेचने गए तो उन्हें पता चला कि प्रशांत सिंह और कृष्णा सिंह के द्वारा उन्हें नकली सोना बेचा गया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
दूसरे दिन भी नालों के अतिक्रमण पर गरजा बुलडोजर
नगर निगम ने दूसरे दिन सारनाथ और आदमपुर जोन में नालों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों से 75 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
सारनाथ जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी के नेतृत्व में पहड़िया चौराहा से लेकर रौनाबेला मार्ग तक स्थित अतिक्रमण को तोड़ा गया। अतिक्रमण करने वालों से 70 हजार का जुर्माना भी वसूला गया। आदमपुर जोन में जोनल अधिकारी मृत्युजंय नारायण मिश्र के नेतृत्व में गोलगड्डा से लेकर आदमपुर थाना तक नालों पर से अतिक्रमण हटाया गया और पांच हजार का जुर्माना वसूला गया। अपर नगर आयुक्त संगम लाल के द्वारा नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए समय सारिणी निर्धारित की गई है।
अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई
वीडीए की टीम ने सारनाथ में अवैध प्लाॅटिंग के खिलाफ कार्रवाई की। जोनल अधिकारी प्रकाश ने बताया कि नारायण सिंह चौबेपुर में बिना लेआउट स्वीकृत कराए लगभग 6 बीघे में अवैध प्लाॅटिंग की जा रही थी। यहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
ब्रांडेड कंपनी के नाम पर बेच रहे थे नकली बिस्किट
रोहनिया के मोहनसराय टडिया स्थित बाबा फूड प्रोडक्ट कंपनी में शनिवार को छापा मारकर ब्रांडेड कंपनी के नाम पर बने नकली बिस्किट को जब्त किया गया। कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ पुलिस ने कार्रवाई की।
पतंजिल फूड लिमिटेड कंपनी के लीगल एडवाइजर नवकार एसोसिएट्स के अधिवक्ता नम्रता जैन, विजय सोनी ने पुलिस में इसकी शिकायत की थी। कंपनी के कानूनी सलाहकार ने पुलिस को बताया कि शिकायत मिल रही थी की वाराणसी में बिस्किट निर्माता कंपनी बाबा फूड प्रोडक्ट्स बाबा दूध बिस्किट के नाम से बिस्किट मार्केट में बेच रही है।
पतंजलि फूड लिमिटेड की ओर से दिल्ली वाणिज्यिक न्यायालय में वाद दायर किया गया था। दिल्ली कोर्ट द्वारा नियुक्त स्थानीय कमिश्नर जाह्नवी शर्मा ने रोहनिया पुलिस के सहयोग से बाबा फूड प्रोडक्ट कंपनी के परिसर में छापा मारा। मौके से बिस्किट जब्त किए
छात्रा के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण के आरोपी किशोर को शनिवार की सुबह रखौना ओवरब्रिज के पास से पकड़ा। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया है। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में बीते शुक्रवार की शाम कक्षा 11वीं की छात्रा घर से निकली थी।
शुक्रवार की देर शाम पिता ने मिर्जामुराद थाने में गांव के ही कक्षा 10 में पढ़ने वाले किशोर के खिलाफ नामजद तहरीर दी। तहरीर पर मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने शुक्रवार की देर रात किशोर व उसके परिजनों के खिलाफ धर्म परिवर्तन की नीयत से शादी का झांसा देकर किशोरी के अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था।
पिता की प्रेमिका समझ कर महिला से मारपीट, केस
चोलापुर थाने में गोसाईपुर मोहाव गांव की एक महिला ने बृहस्पतिवार की देर रात मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। महिला ने पुलिस को बताया कि एक युवक आकाश है। वह उन पर शक करता है कि उनकी और उसके पिता की फोन पर बातचीत होती है। दोनों लोग बाहर जाकर घूमते-फिरते हैं। इसी शक के आधार पर आकाश ने उनके साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट और अभद्रता की। इस संबंध में चोलापुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गौतम ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मायके वालों से पिटवाया, पति और सास-ससुर घायल
मिर्जामुराद के गौर मधुकर शाहपुर गांव निवासी पति और पत्नी का विवाद तूल पकड़ गया। नाराज पत्नी ने मेहदीगंज स्थित अपने मायके से 10 लोगों को बुलाकर पति और सास-ससुर को जमकर पिटवाया। गंभीर रूप से घायल सास की तहरीर पर संजू, निशा, धीरज बिंद, बंगाड़ू और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने बताया कि घायलों को मेडिकल मुआयना के लिए भेज कर आरोपियों की धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है।
टंकी का पानी ओवरफ्लो होने पर मारपीट
फुलवरिया, पहलू का पुरा में टंकी के ओवरफ्लो पानी को लेकर मारपीट हुई। मारपीट में पति-पत्नी घायल हो गए। मामले को लेकर छह लोगों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। दंपती ने पुलिस को बताया कि शिकायत से नाराज होकर मिठाई लाल सोनकर, संजू देवी, मयंक उर्फ सन्नी, वंदना सोनकर, सोनाली सोनकर और स्नेहा सोनकर सहित घर के अन्य लोगों ने हमला कर दिया। इस संबंध में कैंट थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
युवक की मौत, परिजनों का हत्या का आरोप
रोहनिया के बच्छांव गांव में शनिवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर लगाकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची रोहनिया थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छांव गांव के रहने वाले अरविंद कुमार राय ने पुलिस से बताया कि उनके छोटे भाई सोनू कुमार राय को पड़ोस के रहने वाले दो युवकों ने पीट-पीट कर जान ली। उधर, इस संबंध में रोहनिया थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रेन से गिरकर मौत
चौबेपुर के बीरनाथीपुर गांव के समीप शनिवार की दोपहर ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पाकर चौबेपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले की उम्र लगभग 40 वर्ष प्रतीत हुई है। वह हरे रंग की टी-शर्ट और काले रंग का चेकदार हाफ पैंट पहना हुआ था।
किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का दूसरा आरोपी नहीं पकड़ा जा सका
भगवानपुर, लंका स्थित एक निर्माणाधीन मकान में रोहनिया थाना क्षेत्र की एक 15 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का दूसरा आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। आशंका है कि वह मुंबई की ओर भागा है।
रोहनिया थाना क्षेत्र की एक किशोरी गुरुवार को अपनी मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली थी। चांदपुर चौराहे पर उसने एक ऑटो चालक से अनाथ आश्रम छोड़ने के लिए कहा तो वह उसे भगवानपुर, लंका स्थित एक निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां ऑटो चालक और उसके दोस्त ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। उधर, इस संबंध में एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने बताया कि दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही वह भी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
पुलिस चौकी में पैसे के विवाद को लेकर हंगामा
हरहुआ पुलिस चौकी में शनिवार की शाम पैसे के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। शिवपुर के एक व्यवसाई द्वारा जमीन के लेनदेन के मामले में कुछ माह पहले अहरक निवासी एक व्यक्ति को 15 लाख रुपये दिए गए थे। रुपये वापस न मिलने पर व्यवसाई द्वारा पुलिस से शिकायत की गई। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हरहुआ चौकी पर बुलाया।
पुलिस द्वारा आरोपी को पकड़ने के बाद, उसके पक्ष के लोग चौकी पर आ पहुंचे और चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार राय से अभद्रता करने लगे और धमकी दी गई। इसे लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने उनके व्यक्ति को बिना किसी कारण पकड़ा और अभद्रता की। बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष बातचीत कर लौट गए।
मडांव प्रधान निलंबित
डीएम सत्येंद्र कुमार ने काशी विद्यापीठ विकास खंड के मडांव गांव के ग्राम प्रधान प्रकाश कुमार को निलंबित कर उनके वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार पर रोक लगा दी है। एडीओ पंचायत सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि गांव की अनीता गौड़ ने प्रधान पर नियम विरुद्ध कार्य कराकर मजदूरी की धनराशि अपने खाते में लेने की शिकायत की थी। जांच में वित्तीय अनियमितता सामने आई। डीएम ने ग्राम प्रधान को निलंबित कर वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार पर रोक लगाते हुए गांव में तीन सदस्यीय टीम के गठन का आदेश दिया है।
कूड़े के ढेर में फिर लगी आग
चांदपुर औद्योगिक अस्थान में कूड़ा उठान बंद होने और जमा कूड़े के ढेर में लगा लगाने की घटनाएं नहीं थम रही हैं। शुक्रवार की रात भी कूड़े के ढेर में आग लग गई। एक पेड़ जलकर सड़क पर गिर गया। बगल में एक फैक्टरी में आग की घटना होने से बच गई। उद्यमी राजेश भाटिया, नीरज पारिख ने बताया कि पिछले दिनों आग की घटना में एक ट्रक जल गया था और दोबारा आग की घटना में पेड़ भी जल गया।
पदाधिकारियों ने उठाया अस्पतालों के पंजीकरण, तोड़फोड़ का मुद्दा
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की दो दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार से शुरू हो गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आईएमए पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन संगोष्ठी में विभिन्न बीमारियों के कारण, जांच और उपचार की तकनीक पर चर्चा हुई। इससे पहले प्रेसकांफ्रेंस में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. शरद अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पीके अग्रवाल, सचिव डॉ. आशीष अग्रवाल ने निजी अस्पतालों के पंजीकरण में लापरवाही, अस्पतालों में तोड़फोड़ का मुद्दा उठाया।
आईएमए सेमिनार हाल में प्रेस कांफ्रेंस में पदाधिकारियों ने बताया कि चिकित्सकों की ओर से पंजीकरण की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद भी प्रदेश के कई जिलों में सीएमओ कार्यालय की ओर से उत्पीड़न किया जा रहा है। इसके साथ ही अस्पतालों में आए दिन होने वाली तोड़फोड़ की घटनाओं में भी ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार बीएएमएस और एमबीबीएस को मिलाकर एक कोर्स बना रही है, जो कि चिकित्सा जगत के हित में नहीं है। इस पर अंकुश लगाने की जरूरत है। आईएमए वाराणसी शाखा के सचिव डॉ. एके त्रिपाठी ने बताया कि दूसरे दिन रविवार को चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान के बावत प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इस दौरान डॉ. अशोक राय, डॉ. मनोज श्रीवास्तव, डॉ. राजीव गोयल, रामकुमार गुप्ता माैजूद रहे।
दो साल से एक स्थान पर टिके पुलिसकर्मियों का तबादला
डीसीपी प्रमोद कुमार ने वरुणा जोन के छह थानों में दो वर्ष से ज्यादा समय से तैनात सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल का तबादला किया। स्थानांतरित किए गए 83 पुलिसकर्मी शिवपुर, लालपुर पांडेयपुर, चोलापुर, रोहनिया, चौबेपुर और लोहता थाने में तैनात थे।
बीएचयू में 21 वर्षीय मेडिकल छात्र कोरोना संक्रमित
आईएमएस बीएचयू के माइक्रो बायोलॉजी विभाग में 21 वर्षीय मेडिकल छात्र की कोविड रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही वाराणसी जिले के कुल मरीजों की संख्या 6 हो गई है। इससे पहले तीन अन्य मरीज दूसरे जिलों के संक्रमित मिल चुके हैं। सीएमओ कार्यालय की ओर से जारी रिपोर्ट में बताया गया कि शनिवार को जिस मेडिकल छात्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उसको सर्दी, बुखार के साथ कफ बनने की समस्या थी। संबंधित छात्र होम आइसोलेशन में चला गया है। इसकी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है।
दो लावारिस ट्रॉली बैग मिले, बीडीएस ने की जांच
मैदागिन स्थित मालवीय मार्केट में शनिवार की रात दो लावारिस ट्रॉली बैग मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली थाने की पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा। पुलिस ने एहतियातन आसपास की दुकानें बंद करा दी। बम निरोधक दस्ते की जांच में दोनों ट्रॉली बैग खाली मिला।
दोनों ट्रॉली बैग से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई तो पुलिस के साथ ही स्थानीय दुकानदारों ने भी राहत की सांस ली। उधर, इस संबंध में एसीपी कोतवाली प्रज्ञा पाठक ने बताया कि दोनों ट्रॉली बैग नए और खाली थे। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कोई उन्हें खरीद कर ले जाना भूल गया है। सिटी कमांड सेंटर के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों ट्रॉली बैग कौन और कहां से लाकर मालवीय मार्केट में रखा था।
ग्रामीण का दावा-बराई में दिखा तेंदुआ
चिरईगांव विकास खंड के बराई गांव में तेंदुए के आने की अफवाह फैली। गांव के निवासी राहुल पांडेय ने दावा किया कि उन्होंने रात करीब 9:30 बजे तेंदुआ दिखा और उसका वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड किया। उन्होंने तुरंत चिरईगांव पुलिस चौकी प्रभारी के साथ वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस और फिर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मिले निशान किसी अन्य जानवर के हो सकते हैं।
घायलों से मिले मंत्री : चिरईगांव क्षेत्र में बीते 23 मई को हुए तेंदुए के हमले से घायलों का हाल जानने के लिए शनिवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर पहुंचे। उन्होंने शंकरपुर नवापुरा निवासी प्रदीप मौर्य सहित अन्य घायलों से मुलाकात की।
सवर्ण आयोग के गठन का किया स्वागत
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्य में सवर्ण आयोग के गठन की घोषणा को लेकर अखिल भारतीय मनीषी परिषद ने स्वागत किया है। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय व क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने इस फैसले का समर्थन करते हुए इसे देशभर में लागू करने की मांग की। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विद्यासागर पांडेय ने कहा कि समाज के हर वर्ग की भांति सवर्ण समाज के हितों की भी सुरक्षा आवश्यक है।
महासचिव दिवाकर द्विवेदी ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि बिहार की तर्ज पर अब राष्ट्रीय स्तर पर भी सवर्ण आयोग का गठन किया जाना चाहिए। बैठक में अजय कुमार मिश्रा, शशि प्रकाश मिश्रा, चंद्र प्रकाश दुबे उपस्थित रहे।
किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाएं : डीएम
कृषि विभाग की चल रही विभिन्न योजनाओं की डीएम सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को समीक्षा की। उपनिदेशक कृषि ने बताया कि 29 मई से 12 जून तक चलने वाले विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत प्रतिदिन यह कार्यक्रम नौ स्थानों पर आयोजित हो रहा है। जहां कृषि विज्ञान केंद्र और आईसीएआर के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को कृषि संबंधी जानकारियां दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में पीएम किसान सम्मान निधि के पांच, केसीसी के पांच नए लाभार्थियों को शामिल करें। कम से कम दस किसानों की फार्मर रजिस्ट्री, पांच किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण सहित केवाईसी व भूलेख अंकन आदि का लाभ किसानों को अवश्य दिलाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि इस कार्यक्रम में संबंधित क्षेत्रों के लेखपालों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।
किसानों को ड्रोन के उपयोग की दी जानकारी
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत शनिवार को हरहुआ सेवापुरी और विद्यापीठ ब्लॉकों के 12 गांवों के किसानों से कृषि वैज्ञानिकों ने मुलाकात की। जिसमें किसानों को कृषि कार्यों में ड्रोन के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान की ओर से किसानों को जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम के तीसरे दिन छह जिलों के 41 गांवों में 38 विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से 2377 किसानों तक कृषि वैज्ञानिक पहुंचे। संवाद
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में जाएंगे मंत्री श्रम मंत्री
जिनेवा, स्विट्जरलैंड में 9 और 11 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) में यूपी सरकार में श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर हिस्सा लेंगे। 113वें सत्र में भाग लेने के लिए भारत सरकार ने उन्हें भारतीय त्रिपक्षीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में नामित किया है।
नमामि गंगे ने चलाया स्वच्छता अभियान
नमामि गंगे ने शनिवार को वरुणा के तट पर स्वच्छता अभियान चलाया। शास्त्री घाट पर वरुणा नदी की सफाई करके गंगा की सहायक नदियों के निर्मलीकरण की ओर कदम बढ़ाने को कहा। संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा की सहायक नदियों का स्वच्छ होना बहुत जरूरी है। वरुणा नदी हमारी काशी की पहचान है। इस दाैरान सारिका गुप्ता, पंकज अग्रहरि शामिल रहे।
बरेका में दो अधिकारी,सात कर्मचारी सेवानिवृत्त
बरेका के दो अधिकारी समेत सात कर्मचारी शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। प्रशासन भवन में आयोजित समारोह में उप मुख्य कार्मिक अधिकारी राय सिंह ने विदाई दी। चिकित्साधिकारी डॉ. अमित गुप्ता ने सभी को नियमित योग, व्यायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
सर्वोत्तम कैडेट रैली में शशांक दूसरे स्थान पर
पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज के छात्र शशांक पांडेय ने भारत स्काउट और गाइड की ओर से आयोजित सर्वोत्तम कैडेट रैली प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त कर कॉलेज और जिले का नाम रोशन किया है। कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमित कुमार श्रीवास्तव ने इस सफलता पर खुशी जाहिर की।
15 जून को घाटों पर होगा योग नमो घाट से होगी शुरुआत
डीएम सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 21 जून को होने वाले योग दिवस की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. सरोज शंकर राम ने बताया कि 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह मनाया जाएगा। सभी ग्राम पंचायत, शहरी क्षेत्रों मे योग शिविर आयोजित होगा। डीएम ने निर्देश दिए कि 15 जून को सभी घाटों पर योग कराया जाए। योग सप्ताह का उद्घाटन नमो घाट से करें।
मुख्य कार्यक्रम काशी विश्वनाथ धाम में होगा। इसके साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रतिदिन विद्यालयों मे योग कराएं। बैठक में सीडीओ हिमांशु नागपाल समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
विश्व योग दिवस के लिए घाटों पर अभ्यास कर रहे 60 प्रशिक्षु
काशी में आगामी विश्व योग दिवस (21 जून) को लेकर तैयारियां चल रही हैं। राजघाट, नमो घाट और अस्सी घाट पर योग खिलाड़ियों और प्रशिक्षुओं ने अपना अभ्यास तेज कर दिया है। प्रशिक्षु और योग प्रेमी नियमित रूप से इन घाटों पर अभ्यास कर रहे हैं।
जिससे 21 जून को होने वाले मुख्य आयोजन में अपनी सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति दे सकें। राजघाट पर योग सीखाने वाले योग प्रशिक्षक अभिषेक ने बताया कि गंगा घाटों पर इन दिन विश्व योग दिवस की तैयारी तेज हो गई है। रोजाना 50 से 60 योग प्रशिक्षु घाटों पर अभ्यास कर रहे हैं।
संपूर्णानंद संस्कृत विवि में महारानी अहिल्याबाई को दी गई श्रद्धांजलि
महारानी अहिल्याबाई की जयंती शनिवार को पुण्यश्लोक 300वीं जयंती मनाई गई। पति की असामयिक मृत्यु और पुत्रवियोग जैसी विपत्तियों के बावजूद उन्होंने धैर्य, विवेक और धर्मबुद्धि से मालवा का शासन संभाला और लोकमाता के रूप में अमर हो गईं। उनका जीवन आज भी शासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का आदर्श है। उक्त बातें संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कही।
लोकमाता का जीवन नारी शक्ति, लोकसेवा, सुशासन और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का अनुपम उदाहरण है। उनके शासन में राजा और प्रजा समान रूप से उत्तरदायी थे, और उन्होंने धन को कभी वैभव नहीं, बल्कि सेवा का साधन माना। कुलपति ने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन संस्कृति, संस्कार और शिक्षा के प्रति समर्पण का मूर्तरूप था। वे संस्कृत भाषा का सम्मान करती थीं और विद्वानों को संरक्षण देती थीं।
उनका यह समर्पण आज संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों के लिए प्रेरणा है, जो भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृत के पुनरुत्थान के लिए संकल्पबद्ध हैं। 21वीं सदी में नारी सशक्तिकरण, सुशासन और संस्कृति संरक्षण की बातें कोई नई नहीं हैं, बल्कि यह हमारी परंपरा की आत्मा है। अहिल्याबाई ने शासन को सेवा, संस्कृति को समाज का आधार और नारी को केंद्र में प्रतिष्ठित कर यह सिद्ध किया।
भाविप ने होल्कर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
भारत विकास परिषद वरुणा शाखा के सदस्यों ने शनिवार को महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा दर्शन किया व अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। प्रांतीय अध्यक्ष अजीत महरोत्रा, प्रकाश कुमार श्रीवास्तव, रमेश ललवानी, डॉ. रामसुधार सिंह, अनुपम और डॉ. ओम प्रकाश यादव आदि ने पूजन अर्चन कर नमन किया।
मोनिका ने राग गुर्जरी तोड़ी में सुनाया हे महाराज...
सुबह ए बनारस में बनारस घराने की कलाकार मोनिका मिश्रा का गायन हुआ। तबला संगति अभिनंदन मिश्रा एवं संवादिनी पर प्रवीण सिंह ने साथ दिया। गायन का आरंभ राग गुर्जरी तोड़ी में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश हे महाराज जग पालनहार...से हुआ। समापन भजन भज मन राम चरण सुखदायी...से हुआ। मिथिलेश कुमार ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा सुबह ए बनारस को आगे भी हर प्रकार का सहयोग करता रहेगा। स्वागत पं. प्रमोद मिश्र ने किया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक मनोज बक्शी, भोला नाथ त्रिवेदी तथा गंगा सिंह व आनंद लखमानी उपस्थित रहे।
कलश यात्रा में शामिल होंगे डॉ. दयाशंकर
माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस यानी महेश नवमी चार जून को श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु भी शामिल होंगे। माहेश्वरी परिषद की शनिवार को महमूरगंज स्थित माहेश्वरी भवन में बैठक में इसकी रूपरेखा तय की गई।
माहेश्वरी समाज के प्रशासनिक मंत्री गौरव राठी ने बताया कि समाज में आज के दिन होली, दीपावली एवं विजयादशमी जैसे उल्लास रहता है। उन्होंने बताया कि महेश नवमी सुबह 6:30 बजे दशाश्वमेध घाट से कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो गोदौलिया, कोतवालपुरा, बांसफाटक होते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी।
विद्यालय में संगीत संध्या का आगाज
संस्कृत के पदों के गायन से शनिवार को दुर्गाकुंड स्थित हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय में संगीत संध्या का आगाज हुआ। सधे कलाकारों संग नवांकुरों ने गायन, वादन व नृत्य की त्रिवेणी प्रवाहित की। शिल्पायन एवं द म्यूज़िक हब संस्था की ओर से आयोजित संगीत संध्या में संगीत के गुणी एवं नवांकुरों की चपलता सभी को आनंद का एहसास कराया।
राग केदार में विलंबित एकताल की बंदिश-एरी अब आई बदरिया बरसन लागी...। द्रुतलय एकताल की बंदिश के बोल थे- रतिया मोहे बैरन भई...। द्रुत तीनताल में तराना के बोल थे- ना दिर दिर दानी तदानी तोम...। राग नायकी कान्हड़ा में द्रुत तीनताल की बंदिश के बोल थे- गहरी गहरी नदिया बहत है...।
पं. सामता प्रसाद मिश्र की 31वीं पुण्यतिथि मनाई
पद्मभूषण पं. सामता प्रसाद मिश्र उर्फ गुदई महाराज की 31वीं पुण्यतिथि पर गायन और वादन से कलाकारों ने नमन किया। जिला काशी विरासत संरक्षण समिति तथा तालांजलि संस्था की ओर से काशी वंदन मंच पर तबला सम्राट को शनिवार की शाम को संगीत के माध्यम से विनम्र संगीताजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी ने गुदई महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गुदई महाराज के पौत्र पं. गौरव मिश्रा, प्रपौत्र जय मिश्र, कान्हा मिश्र एवं प्रपौत्री तनुश्री मिश्रा, बहू गायत्री देवी एवं नैना मिश्रा ने पुष्पांजलि अर्पित की।
जैन शास्त्रों की आराधना का पर्व श्रुत पंचमी
श्री स्याद्वाद महाविद्यालय के 121वें स्थापना दिवस पर भदैनी स्थित विद्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित हुआ। आज के दिन ही वाराणसी में गंगा किनारे जैन घाट पर जैन धर्म के 7वें तीर्थंकर भगवान सुपार्श्वनाथ स्वामी जन्मस्थली परिसर में श्री स्याद्वाद महाविद्यालय की स्थापना 120 वर्ष पहले की थी। भारतीय संस्कृति की दो परंपराएं है, वैदिक और श्रमण।
श्रमण परंपरा में जैन और बौद्ध धारा आती हैं। जैन धर्म के मुख्य ग्रंथ प्राकृत भाषा में हैं जो उस समय जन सामान्य की भाषा थी। जैन धर्म के 24वें और अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण के बाद श्रुत परंपरा से ज्ञान को संरक्षित किया गया। जैन शास्त्रों की आराधना का पर्व श्रुत पंचमी है। उक्त बातें अखिल भारतीय परिषद के अध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार जैन ने कहीं।
छात्रों ने समर कैंप में पकवान बनाना सीखा
वाराणसी। माध्यमिक विद्यालयों में चल रहे समर कैंप में शनिवार को छात्रों ने विभिन्न पकवान बनाना सीखा। महामना मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव में कैंप के ग्यारहवें दिन छात्रों ने योगाभ्यास और प्राणायाम के बाद अंग्रेजी शिक्षिका मंजुला सिंह की निगरानी में विद्यार्थियों ने केक, ढोकला, इडली, अचार, हलवा और उपमा जैसे कई व्यंजनों को बनाने की विधि के बारे में जाना। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रमणि सिंह, सूर्यबली, रामबली, चंद्रशेखर मौजूद रहे।
गंगा के तट पर आरती उतारकर अहिल्याबाई को दी श्रद्धांजलि
श्री देव दीपावली आरती महासमिति एवं गंगोत्री सेवा समिति ने शनिवार को दशाश्वमेध घाट पर होने वाली आरती के पूर्व समारोह का आयोजन हुुआ। सनातन धर्म की महान योद्धा एवं सेवक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने काशी विश्वनाथ मंदिर की पुन: प्रतिष्ठा कराई। इसके साथ ही उन्होंने मुगल शासन के दौरान नष्ट किए गए मंदिरों, गंगा घाटों तथा कुंडों-तालाबों, धर्मशालाओं का निर्माण कराया।
मणिकर्णिका पर जनाना घाट तथा कुंड, पंचगंगा पर दीप हजारा स्तंभ, दशाश्वमेध- अहिल्याबाई घाट का भी निर्माण शामिल हैं। विशिष्ट अतिथि आदेश भट्ट ने कहा कि काशी में विश्व विख्यात देव दीपावली महोत्सव के लिए उन्होंने हजारा दीप स्तंभ बनाया जो आज जीर्ण स्थिति में है, उसकी मरम्मत होनी चाहिए।
अहिल्याबाई घाट स्थित उनके भवन को लेकर विवाद चल रहा है। अहिल्याबाई घाट के नामकरण के बाद व्यक्तियों के नाम पर घाटों का नामकरण करने की परंपरा प्रारंभ हुई। अब जरूरत है उनके द्वारा निर्मित अन्य भवनों को सरकार का सरंक्षण मिले।
विश्वनाथ धाम में अहिल्याबाई की पूजा व आरती
अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर शनिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरिडोर स्थित अहिल्याबाई की प्रतिमा पर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने पूजन कर आरती उतारी। उन्होंने कहा अहिल्याबाई ने श्रीकाशी विश्वनाथ का पुनर्निर्माण कराया एवं न्याय के लिए हमेशा लड़ती रहीं।
हम सबको उनके आचरण को अपने जीवन में उतरना चाहिए। पूजन में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी, नवीन कपूर, चंद्रशेखर उपाध्याय, अशोक यादव आदि रहे। उधर, भारत विकास परिषद काशी उत्तर मध्य क्षेत्र द्वितीय के नीलकंठ शाखा की ओररे आशापुर क्षेत्र के कंपोजिट स्कूल के बाल संस्कार कार्यशाला में अहिल्याबाई होल्कर की जयन्ती मनाई गई।
पीएनबी मंडल कार्यालय ने मेधावियों को दीं साइकिल
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) मंडल कार्यालय की ओर से शनिवार को बलदेव बालिका विद्यालय एवं श्री बलदेव इंटर कॉलेज, बड़ागांव में 06 मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की गईं। यह कार्यक्रम बैंक की सीएसआर नीति के अंतर्गत पे टू बेक सोसाइटी थीम पर आधारित रहा।
मुख्य अतिथि बैंक के अंचल प्रबंधक दीपक सिंह उपस्थिति में कार्यक्रम की अध्यक्षता दोनों विद्यालयों के प्रबंधक सुरेन्द्र देव अग्रवाल ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि उप मंडल प्रमुख बृजलाल गुप्ता, प्रधानाचार्या जाहरा सईद, प्रधानाचार्य छत्रपति पांडेय उपस्थित रहे। अंचल प्रबंधक ने कहा कि हमारा प्रयास है कि पंजाब नेशनल बैंक केवल एक वित्तीय संस्थान न रहकर समाज के विकास में सक्रिय भागीदार बने।
बैंक ऑफ बड़ौदा का प्लास्टिक मुक्त अभियान शुरू
विश्व पर्यावरण दिवस (05 जून 2025) के उपलक्ष्य पर बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा ‘प्लास्टिक प्रदूषण मुक्त’ अभियान की शुरुआत की गई है। बैंक वाराणसी अंचल प्रमुख मिथलेश कुमार के नेतृत्व में अस्सी घाट पर साफ-सफाई और वॉकथॉन (पर्यावरण जागरूकता पदयात्रा) के साथ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन’ है।
अभियान में इस तरह के कार्यक्रम बीएचयू और डीएलडब्ल्यू परिसर में भी आयोजित किए गए। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक सीए मनोज बक्शी, उप महाप्रबंधक बीडी भोलानाथ त्रिवेदी, क्षेत्रीय प्रमुख वाराणसी गंगा सिंह, श्लेश कुमार आदि उपस्थित रहे। अंचल प्रमुख ने सभी स्टाफ सदस्यों पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दिलाया।
पाल समाज का एक सदस्य बनाने की रखी मांग
पाल विकास समिति की ओर से पाल बघेल धनगर समाज ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। काशी विश्वनाथ के मंदिर न्यास में पाल समाज के कम से कम एक व्यक्ति को सदस्य बनाने की मांग की। अहिल्याबाई घाट से सबसे पहले अहिल्येश्वर महादेव का जलाभिषेक करने के बाद पाल बघेल धनगर समाज राजेंद्र प्रसाद घाट से होते हुए बाबा श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचा।
मोहनसराय के पास बनने वाले द्वार का नाम लोकमाता अहिल्याबाई द्वार या लोकमाता अहिल्याबाई मार्ग करने की मांग की। इसके साथ ही लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश, गोदौलिया चौराहे को अहिल्याबाई चौराहा का नाम देने की मांग की। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र पाल पिटू, सुरेश पाल, पूर्वांचल अध्यक्ष रामाश्रय पाल, महानगर अध्यक्ष संतोष पाल, नरेंद्र पाल मौजूद रहे।
तदाता सूची में गलत नाम कटवाएं
सपा के पिंडरा विधानसभा के संगठन प्रभारी पूर्व विधायक अतहर खान की अध्यक्षता में शनिवार को समीक्षा बैठक हुई। पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोग मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और गलत नामों को कटवाने का काम तत्काल शुरू कर दीजिए। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए आप सभी लोग पूरी ईमानदारी से तैयारी में लग जाइए। मौके पर आनंद मौर्य, देवी मौर्य, वंशलाल पटेल, राजेंद्र, सत्यप्रकाश सोनकर मौजूद रहे।
वित्त मंत्री ने सुनीं 55 शिकायतें, निस्तारण के निर्देश
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना शनिवार को काशी में अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इसके बाद वह पीएम संसदीय कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने 55 शिकायतें सुनी कुछ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया।
पूर्व मेयर अमरनाथ यादव की मनाई पुण्यतिथि
गोवर्धन धाम पर शनिवार को पूर्व महापौर व पूर्व शिक्षामंत्री अमरनाथ यादव की पुण्यतिथि मनाई गई। सुबह गोवर्धनधारी की शृंगार आरती के बाद पुण्यतिथि का कार्यक्रम संपन्न हुआ। पूर्व मेयर की पत्नी पार्वती देवी एवं सुपुत्री उषा देवी मौजूद रहीं। इस दौरान भोला, छति, दिनेश, राजा,जय प्रकाश,अजय मौजूद रहे।
लॉर्ड विश्वेश्वर केस की सुनवाई 7 जुलाई को
सिविल जज (सीनियर डिवीजन / फास्ट ट्रैक) भावना भारती की अदालत में शनिवार को ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वर के मामले की सुनवाई हुई। मुकदमे के वादी रहे दिवंगत हरिहर पांडेय की तीन बेटियों की ओर से वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी को हटाने के लिए एक अर्जी दाखिल की गई है। कोर्ट ने अगली सुनवाई की तिथि सात जुलाई नियत की है।
52.42 लाख से खजूरी में लगेगा नलकूप
मेयर अशोक तिवारी ने 52.42 लाख रुपये की लागत से वार्ड संख्या 58, खजुरी में एक नलकूप (रिबोर) का शिलान्यास किया। इस नलकूप से खजुरी कॉलोनी के 1200 परिवारों को पीने के पानी का लाभ मिलेगा। जिससे स्थानीय नागरिकों में हर्ष का माहौल है। शिलान्यास के दौरान उत्तरी विधानसभा संयोजक अरविंद सिंह, पार्षद मदन मोहन दुबे, अशोक मौर्या, बृजेश श्रीवास्तव, राजेन्द्र मौर्या, राजेश यादव मौजूद रहे।
पांच महीने बाद शुरू हुआ स्वर्ण प्राशन
राजकीय आयुर्वेद कॉलेज चौकाघाट में पांच माह बाद एक बार फिर बच्चों के लिए स्वर्णप्राशन शुरू हो गया है। शिशु एवं बालरोग विभाग की ओर से आयोजित निशुल्क स्वर्ण प्राशन कैंप में शनिवार को 246 बच्चों को स्वर्णप्राशन में खुराक पिलाई। कॉलेज में शनिवार को कैंप की शुरुआत प्राचार्या प्रो. नीलम गुप्ता ने धन्वंतरि पूजन करके किया। रोटरी क्लब बनारस के सहयोग से आयोजित कैंप में प्राचार्या ने कहा कि स्वर्णप्राशन से बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
छह जून को पीएचडी में प्रवेश के लिए साक्षात्कार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के संस्कृत विभाग में सत्र 2023-24 में पीएचडी में प्रवेश के लिए साक्षात्कार की तिथि घोषित कर दी गई है। विभागाध्यक्ष प्रो. अनुराग कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन और साक्षात्कार 06 जून को सुबह 10:30 बजे से विभाग में होगा। इस बारे में विस्तृत जानकारी विभाग से प्राप्त की जा सकती है।
छात्रों को दी गई कॅरिअर की जानकारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में कैंपस प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित कार्यशाला में छात्रों को सफल कॅरिअर, साक्षात्कार क्षमता का विकास करने और कौशल विकास की जानकारी दी गई। सेल की निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि कार्यशाला में विश्वविद्यालय के विभागों से लगभग 80 छात्रों ने भाग लिया। कार्यशाला में कार्यदायी संस्था के सेंटर हेड विशाल कुमार पांडेय ने छात्रों को व्यक्तित्व संवर्धन, तनाव प्रबंधन व्यक्तित्व विकास के बारे में बताया। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन मदन लाल ने किया।
17 जून से होंगी बीएफए की परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मुख्य परिसर, एनटीपीसी परिसर, गंगापुर परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में बीएफए की परीक्षाएं 17 जून से शुरू होंगी। बीएफए पहले, दूसरे, तीसरे, और चौथे वर्ष की सैद्धांतिक प्रश्न-पत्र की परीक्षाएं 20 जून तक होंगी। ललित कला विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि सुबह 10 बजे से 1 बजे तक होने वाली परीक्षा की सूचना संबंधित महाविद्यालय, परिसरों को दी जा चुकी है। मुख्य परिसर के विद्यार्थियों की परीक्षा मानविकी संकाय में होगी। समय सारिणी वेबसाइट पर अपलोड है।
रोजगार मेले में 31 युवाओं का हुआ चयन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) करौंदी में शनिवार को अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन हुआ। इसमें 105 अभ्यर्थी शामिल हुए। मेले में मारुति सुजुकी ने 31 योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया। मुख्य अतिथि भाजपा सभासद गरिमा सिंह ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र दिए। इस दौरान अप्रेंटिसशिप मेला प्रभारी मातादयाल श्रीवास्तव, राजेंद्र सिंह राणा, रामलखन राम, ज्ञानेश यादव मौजूद रहे।
डॉ. प्रांजल चंद्रा शीर्ष 16 बायो सेंसर वैज्ञानिकों में शामिल
अमेरिकी रैकिंग एजेंसी की ओर से आईआईटी बीएचयू के डॉ. प्रांजल चंद्रा दुनिया को शीर्ष 16 बायो सेंसर वैज्ञानिकों में शुमार किया गया है। स्कॉलर जीपीएस रैंकिंग के तहत इस मामले में विश्व के 0.12 प्रतिशत में वैज्ञानिकों और सभी शाखाओं में 0.34 वैज्ञानिकों में स्थान बनाने में कामयाबी मिली है। बायो सेंसर पर पांच वर्ष में किए गए रिसर्च और बायो सेंसर उपकरण बनाने के चलते ये सम्मान उन्हें दिया गया है।
आईटीआई करौंदी में छात्रों को दी स्वास्थ्य की जानकारी
आईटीआई करौंदी में शनिवार को छात्रों को स्वास्थ्य और विद्युत सुरक्षा की जानकारी दी गई। 30 से 31 मई तक विशेषज्ञों ने छात्रों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। एनपीटीआई की महानिदेशक डॉ. तृप्ता ठाकुर के निर्देशन में प्रशिक्षण में इलेक्ट्रिकल ट्रेड के अंतिम वर्ष के 52 विद्यार्थियों ने भाग लिया। संचालन सहायक अभियंता संदीप शर्मा और ओम प्रकाश द्विवेदी, ऑफिस एग्जीक्यूटिव राजेश लखेरिया ने किया। डिप्टी डायरेक्टर डॉ. महेंद्र सिंह, प्राचार्य एम के सिंह, सीनियर इंस्ट्रक्टर रामलखन मौजूद रहे।
73 केंद्रों पर बीएड की प्रवेश परीक्षा आज
रविवार को जिले में 73 केंद्रों पर होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। पारदर्शिता के लिहाज से परीक्षा वाले दिन सुबह पेपर डबल लॉक से निकलकर केंद्रों पर पहुंचेगा। परीक्षा केंद्रों में गेट से लेकर अंदर तक सीसी कैमरे से निगरानी होगी। साथ ही केंद्र के बाहर खुफिया टीम भी नजर रखेगी।
शासन के निर्देश पर बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए पर्यवेक्षक जिले में आ गए हैं। इसके लिए काशी विद्यापीठ को नोडल केंद्र बनाया गया है। शनिवार को दिन भर विश्वविद्यालय परिसर में बने कंट्रोल रूम के साथ ही केंद्रों पर परीक्षा की तैयारियां चलती रही।
नोडल अधिकारी और काशी विद्यापीठ की कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि दो पालियों (सुबह 9 बजे से 12 बजे तक और दोपहर 2 से 5 बजे तक) में होने वाली परीक्षा में 35186 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 146 पर्यवेक्षक, 73 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 37 केंद्र प्रतिनिधि तैनात किए गए हैं।
गंगा नदी में स्नान के दौरान किशोर की डूबने से हुई मौत
रामनगर में पुलिस चौकी सूजाबाद क्षेत्र के अवधुत भगवान रामघाट पर रविवार की सुबह गंगा नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से लहरतारा निवासी अर्जुन (16) की डूबने से मौत हो गई। साथ में स्नान कर रहे रवि (15) के शोर मचाने पर आसपास के लोग डूबे किशोर की तलाश किए, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। लगभग आधा घंटा के प्रयास में एनडीआरएफ ने किशोर के शव को ढूंढ निकाला। पुलिस शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को सूचना दी।