चोरी के सवाल को मंत्री ने मुस्कुराकर टाला: बोले- बिजली जाती है तो उसका आनंद लीजिए, वीडियो वायरल; चर्चा
मऊ में 33 हजार लाइन से तीन किलोमीटर बिजली तार चोरी के सवाल पर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मुस्कुराते हुए जवाब देने से बचते नजर आए। उन्होंने कहा, “बिजली जाती है तो उसका आनंद लीजिए।” इतना कहकर मंत्री आगे बढ़ गए। तार चोरी की घटना को लेकर उनसे सवाल किया गया था, लेकिन उन्होंने इस पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजली निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाले करीब तीन किलोमीटर 33 हजार हाईटेंशन लाइन से तार चोरी के मामले में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से सवाल हुआ तो उन्होंने मुस्कुराते हुए बात टाल दी।
शनिवार को प्राथमिक विद्यालय गोठा में आयोजित शैक्षिक संगोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह में पहुंचे मंत्री से जब गोठा सब स्टेशन और दरगाह क्षेत्र में बंद पड़ी 33 हजार लाइन से तीन किमी तार चोरी के मामले में सवाल किया गया तो उन्होंने शिक्षक दिवस का हवाला देते हुए आगे बढ़ना शुरू कर दिया। इसी दौरान उन्होंने सवाल पूछने वाले से कहा, "कहां के रहने वाले हैं, आपका घर कहां है... बिजली जाती है तो उसका आनंद लीजिए।" इतना कहकर मंत्री आगे बढ़ गए।
दरअसल, गोठा सब स्टेशन से दरगाह क्षेत्र में करीब तीन किलोमीटर 33 हजार हाईटेंशन लाइन से तार चोरी का मामला सामने आया था। मामले में बिजली निगम की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठे थे। अमर उजाला ने 27 अगस्त को "बिजली निगम की निगरानी का फ्यूज उड़ा... बंद 33 हजार लाइन से तीन किमी तक तार चोरी" शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से मामले की जानकारी होने से इनकार किए जाने पर सवाल और गहरा गया था।
शनिवार को जब यही सवाल ऊर्जा मंत्री के सामने पहुंचा तो उनके जवाब ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया। मंत्री का सवाल को मुस्कुराते हुए टालना और "बिजली जाती है तो उसका आनंद लीजिए" कहना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीण अनुराग, सुरेंद्र और रमेश आदि का कहना है कि जब बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ही इतने बड़े मामले से अनभिज्ञता जता रहे हैं तो ऊर्जा मंत्री से सवाल किया जाना स्वाभाविक है। उनका कहना है कि मामला मंत्री के गृह जनपद का होने के कारण उनसे व्यवस्था पर जवाब मांगना भी जरूरी है। ग्रामीणों ने कहा कि करीब तीन किलोमीटर 33 हजार लाइन से तार चोरी होना बिजली विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।