वाराणसी की खबरें: पदक विजेताओं के प्रमाण पत्र पर पहली बार जुड़ेगा मां का नाम, किशोर और महिला की मौत
वाराणसी में खेल उपलब्धियों के प्रमाण पत्र पर अब पहली बार मां का नाम भी दर्ज किया जाएगा। वहीं शहर में अलग-अलग घटनाओं में एक किशोर और एक महिला की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 के पदक विजेता खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। स्कूली खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के प्रमाण पत्रों पर पहली बार उनकी माता का नाम भी जोड़ा जाएगा। स्कूली खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ में सम्मानित करेंगे। खिलाड़ियों को नकद धनराशि उनके खातों में सीधे भेजी जाएगी।
संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल कार्यालय की ओर से खिलाड़ियों की सूची पहले ही तैयार कर ली गई है। खेल शिक्षकों से अपने-अपने विद्यालय के पदक विजेता खिलाड़ियों के नाम के साथ उनकी माता का नाम भी मांगा है।
नेशनल स्कूल गेम्स के एकल वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता को 75 हजार और टीम गेम्स के स्वर्ण विजेताओं को 35 हजार रुपये मिलेंगे। नेशनल स्कूल गेम्स की एकल वर्ग के रजत पदक विजेताओं को 50 हजार और नेशनल स्कूल टीम गेम्स के रजत पदक विजेताओं को 25 हजार रुपये मिलेंगे। नेशनल स्कूल गेम्स एकल वर्ग के कांस्य पदक विजेताओं को 30 हजार और नेशनल स्कूल टीम गेम्स के कांस्य पदक विजेताओं को 15 हजार रुपये दिए जाएंगे।
मूल पत्रावली नहीं पहुंची, ज्ञानवापी मामले में वादमित्र को हटाने की अर्जी पर सुनवाई टली
विशेष न्यायाधीश द्वितीय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) पूनम पाठक की अदालत में शनिवार को ज्ञानवापी में मंदिर निर्माण और हिंदुओं को पूजा-पाठ का अधिकार देने से संबंधित 1991 के मुकदमे में नियुक्त वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी को पद से हटाने की मांग वाली निगरानी अर्जी पर सुनवाई नहीं हो सकी। अवर न्यायालय से मूल पत्रावली नहीं आने के कारण अदालत ने सुनवाई टाल दी। अगली सुनवाई 10 सितंबर को होगी।
अदालत ने निचली अदालत से मूल पत्रावली भी तलब की है। यह निगरानी अर्जी इस मुकदमे में पूर्व वादी रहे दिवंगत हरिहर पांडेय की तीन पुत्रियों मणिकुंतला तिवारी, नीलिमा मिश्रा और रेणु पांडेय की ओर से दाखिल की गई है। हरिहर पांडेय की मृत्यु के बाद उनकी तीनों पुत्रियों ने पिता के स्थान पर मुकदमे में पक्षकार बनाए जाने के लिए 6 अप्रैल 2024 को सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक) की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था।
मकान पर गिरी बिजली, महिला-छात्रा झुलसी
रोहनिया के घाटमपुर दलित बस्ती में शुक्रवार रात मकान पर बिजली गिरने से महिला और कक्षा तीन की छात्रा झुलस गईं। हादसे के दौरान कमरे में मौजूद एक अन्य महिला बेहोश हो गई। परिजनों ने दोनों झुलसी महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिसिरपुर में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। घाटमपुर निवासी छोटे लाल की पत्नी सीमा देवी (26) और अनिल कुमार की पुत्री सोनाली (10) मकान की दूसरी मंजिल पर कमरे में बैठी थीं। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ मकान की छत पर बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से सीमा और सोनाली झुलस गईं। तेज धमाके से मकान की छत भी फट गई। हादसे के दौरान कमरे में मौजूद गुंजा बेहोश हो गई। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि घायलों से जानकारी जुटाई गई है।
बीमारी से परेशान महिला ने फंदा लगाकर दी जान
आदमपुर थाना क्षेत्र के चौहट्टा लाल खां निवासी विवाहिता सोनी गुप्ता (42) ने शनिवार सुबह घर में फंदे से लटकर जान दे दी। परिजन आनन-फानन सोनी को मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सोनी के पति पारस ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी बीमारी से परेशान थीं। महिला ने किन परिस्थितियों में फंदा लगाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। परिजनों ने बताया कि सोनी के दो बेटे हैं।
खेत से लौट रहे किशोर की बंधे में डूबने से मौत
कपसेठी थाना क्षेत्र के रामडीह गांव में शनिवार दोपहर बाद खेत से घर लौट रहे किशोर की अर्जुनपुर माइनर के बंधे में डूबने से मौत हो गई। रामडीह गांव निवासी जगनारायण पटेल का बेटा अंश पटेल (13) कक्षा आठ का छात्र था। शनिवार को वह खेत गया था। खेत से घर लौटते समय बारिश के कारण पानी से लबालब भरे अर्जुनपुर माइनर के बंधे के पास अचानक उसका पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी देर तक अंश के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। बंधे के पास पहुंचने पर पानी में उसका शव दिखाई दिया। थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
महिला पर जानलेवा हमला, 6 रिश्तेदारों पर प्राथमिकी
सिगरा थाना क्षेत्र के छितुपुर चंदुआ इलाके में पारिवारिक विवाद में महिला पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने छह रिश्तेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छित्तूपुर निवासी मीरा ने पुलिस को बताया कि रिश्तेदार करण, अर्जुन, चंदन, अलका, अनीता और राजकुमारी ने चाकू से हमला किया। इस हमले में घायल हो गईं। इंस्पेक्टर शिवाकांत ने बताया कि मीरा की तहरीर पर जांच की जा रही है।
छिनैती के दो आरोपी गिरफ्तार, 4000 रुपये मिले
22 हजार रुपये की छिनैती के मामले में लंका पुलिस ने शुक्रवार रात सामनेघाट के जजेज गेस्ट हाउस के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 4 हजार रुपये भी मिले। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आरोपियों में रवि सिंह और रियाज राजू अली है, दोनों रामनगर के निवासी हैं। 4 सितंबर को अज्ञात चोरों के खिलाफ 22000 रुपये की छिनैती की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रविदास गेट पहलवान लस्सी के पास एक दोपहिया वाहन सवार से टकराने का बहाना किया। बहस के दौरान जेब से 22000 रुपये निकाल लिए थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रुपये आपस में बांट लिए थे और नशे में अधिकांश खर्च कर दिए।
पुलिसकर्मियों से अभद्रता-मारपीट में प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन चौराहे पर शनिवार सुबह यातायात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सुबह 10.35 बजे लाठी लेकर पहुंचे अरशद हुसैन ने ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल तारकेश्वर राम और पीआरडी जवान नागेंद्र कुमार व कल्पनाथ गिरि के साथ गालीगलौज और मारपीट की। आरोपी ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए यातायात व्यवस्था को भी बाधित किया। हंगामे के दौरान मौके पर पहुंचे आरोपी के पिता उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताते हुए अपने साथ ले गए। पुलिस ने हेड कांस्टेबल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एनएसयूआई और बोर्ड में हेल्प डेस्क लगाने पर नोकझोंक
बीएचयू कैंपस में नए सत्र में दाखिला लेने के लिए आने वाले विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क लगाने पर शनिवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और प्रॉक्टोरियल बोर्ड सदस्यों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विवि प्रशासन द्वारा उन्हें हेल्प डेस्क लगाने से रोका गया जबकि अभाविप का हेल्प डेस्क लगाने की अनुमति दी गई। हेल्प डेस्क के माध्यम से नए विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम, छात्रावास, छात्रवृत्ति एवं विश्वविद्यालय से जुड़ी अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही थी।
ऐसे में किसी एक छात्र संगठन को अनुमति देना और अन्य संगठनों को रोकना छात्र संगठनों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार को दर्शाता है। जिस तरह से प्रॉक्टोरियल बोर्ड कर्मचारियों द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की एवं जबरदस्ती की गई, यह गलत है। यदि विवि प्रशासन हेल्प डेस्क को लेकर कोई नियम निर्धारित करता है तो वह नियम सभी छात्र संगठनों पर समान रूप से लागू होना चाहिए। इस दौरान मुरारी, आशुतोष,, आलोक, प्रियदर्शन उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट जरूर पहनें : एसडीएम
सड़क हादसों में कमी लाने और दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए अभ्युदय सेवा समिति व ट्रायेस क्लासेस के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि एसडीएम पिंडरा कुंदन राज कपूर ने चालकों को हेलमेट वितरित करते हुए हर हाल में हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की।
एसडीएम पिंडरा कुंदन राज कपूर ने कहा कि सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा का पहला नियम है। यातायात नियमों की अनदेखी केवल चालक के लिए ही नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार के लिए संकट का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। मौके पर अनुराग सिंह, सुजीत पांडेय सिंटू, अमिताभ दूबे, संतोष सिंह, अनुपम, सुनील पाल, विशाल सिंह, रजत पांडे और प्रवीण दुबे, पवन पांडे मौजूद रहे।
10 सूत्री मांगों पर मंत्री ने दिया समाधान का भरोसा
सनातन धर्म इंटर कॉलेज में पुरस्कृत शिक्षक वेलफेयर सोसाइटी उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में राष्ट्रीय राज्य पुरस्कार सम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्रम एवं सेवा आयोजन तथा समन्वय विभाग अनिल राजभर ने प्रदेश भर से आए पुरस्कृत शिक्षकों को बधाई दी। मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री से सम्मानित शिक्षकों के बीच उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि उनकी मांगों को शासन स्तर पर पूरा कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। शिक्षकों ने बेसिक शिक्षकों को भी माध्यमिक के पुरस्कृत शिक्षकों की तरह 65 वर्ष तक सेवा विस्तार देने, साधारण रोडवेज बसों के साथ अनुबंधित बसों में भी यात्रा की सुविधा देने की मांग की।
उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन सेवा आयोग के सदस्य एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ. हरेंद्र राय ने कहा कि काशी में प्रदेशभर के सम्मानित शिक्षकों की सेवा का अवसर मिलना गौरव की बात है। आर्य महिला इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अध्यक्षता सत्यदेव सिंह ने तथा संचालन जयप्रकाश रावत ने किया।
स्टाफ और तीमारदार में नोकझोंक
लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में शनिवार को पान खाने को लेकर मरीज के तीमारदार और अस्पताल कर्मियों के बीच जमकर विवाद हो गया। दोनों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करते रहे। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसके बाद अधिकारियों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने बातचीत से किसी तरह मामला सुलझाया। नगर निवासी एक महिला अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती है। शनिवार को उसके परिजन मिलने अस्पताल पहुंचे थे। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। बाद में मामला हाथापाई तक आ गया। अस्पताल के सीएमएस डॉ. पीआर मिश्रा ने बताया कि मामले में मरीज के परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली। सीसी फुटेज की जांच कराई जाएगी।
आज कई क्षेत्रों में कटेगी बिजली
विकास और रखरखाव कार्यों के चलते रविवार को कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत निगम पांडेयपुर व लेढ़ूपुर उपकेंद्र से सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक शटडाउन रहेगा। काशी विद्यापीठ और नगर निगम उपकेंद्र से दोपहर 2 से 3 बजे तक और लोहता उपकेंद्र से सुबह 10 से 12 बजे और चांदपुर फीडर से दोपहर 12 से 2 बजे तक बिजली कटेगी।
चौसठी घाट पर होटल का पिछला हिस्सा गिरा
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के चौसठी घाट पर होटल ओंकार पैलेस का पिछला हिस्सा शनिवार रात 10 बजे अचानक गिर गया। घटना के समय होटल खाली था, जिसके चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बताया गया कि पुराना होने के कारण होटल पहले से ही खाली था। होटल के मालिक विजय द्विवेदी, भाजपा के पार्षद बताए गए हैं। घटना की सूचना के बाद मौके पर स्थिति का जायजा लिया गया। पुलिस को सूचना दी गई है।
वरुणा एलिवेटेड रोड के लिए बैठक आज
वरुणा एलिवेटेड रोड कॉरिडोर के लिए रामलीला समितियों की संपत्तियों के अधिग्रहण और शासन-प्रशासन की ओर से लगातार हो रही उपेक्षा के मुद्दे पर काशी की सभी रामलीला समितियां एकजुट होंगी। श्री चित्रकूट रामलीला समिति काशी की ओर से समितियों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई गई है। मंत्री मोहन कृष्ण अग्रवाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार, बैठक 6 सितंबर को शाम चार बजे बड़ा गणेश श्री चित्रकूट रामलीला भवन में होगी। बैठक में वरुणा एलिवेटेड रोड कॉरिडोर के लिए रामलीला संपत्तियों के अधिग्रहण पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
दो दिन की धूप के बाद तेज बारिश, जलभराव
दो दिन तक अच्छी धूप होने के बाद शनिवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। शहरी और ग्रामीण इलाकों में गरज चमक के साथ शाम को कुछ जगहों पर हल्की तो कुछ जगहों पर झमाझम बारिश हुई। इस वजह से कई इलाकों में जलभराव हो गया। लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले सप्ताह लगातार बारिश के बाद इस सप्ताह भी बुधवार तक बारिश हुई और धूप नहीं निकली। हालांकि मौसम बदला तो बृहस्पतिवार, शुक्रवार को अच्छी धूप हुई। इस बीच शनिवार को सुबह मौसम साफ रहा। दिन में धूप रही, लेकिन शाम 6 बजे अचानक गरज चमक के साथ तेज बारिश हुई। शहर के मुकाबले ग्रामीण इलाकों में बड़ागांव, रोहनिया, राजातालाब आदि इलाकों में बारिश का प्रभाव अधिक देखने को मिला। चौकाघाट, लहरतारा, महमूरगंज, शिवपुरवा, गोदौलिया, गिरजाघर, जगतगंज, मलदहिया में भी बारिश की वजह से पानी भरा रहा।
धरने पर बैठे आयुर्वेदिक कॉलेज के इंटर्न डॉक्टर
राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों की मानदेय बढ़ाए जाने की मांगें पूरी न होने से नाराज डॉक्टरों ने शनिवार को ओपीडी, वार्ड, पढ़ाई आदि कामकाज छोड़कर फिर कॉलेज कैंपस में धरना दे दिया। इस दौरान उनकी कॉलेज के एक शिक्षक से नोकझोंक भी हो गई। शिक्षक ने पैदल मार्च निकाले जाने पर कार्रवाई की धमकी भी दी लेकिन डॉक्टर नहीं माने। करीब 200 डॉक्टरों ने एक स्वर से मानदेय बढ़ाने की मांग की।
चेतावनी दी कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो वह लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री और शासन के उच्चाधिकारियों को हकीकत बताएंगे। आयुर्वेदिक कॉलेज में सेवा करने वाले इंटर्न डॉक्टरों को इस समय 7500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। इससे डॉक्टर कई दिनों से नाराज चल रहे थे। इसके पहले बृहस्पतिवार को भी डॉक्टरों ने धरना देकर अपनी आवाज बुलंद की थी। राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग (एनसीआईएसएम) के स्पष्ट नियमों और अन्य राज्यों (जैसे दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश) की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी मानदेय बढ़ाकर 25,000 प्रति माह करने की मांग लंबे समय से की जा रही है।
खराब मौसम से 2 उड़ानें निरस्त, देरी से आवागमन
मौसम खराब होने पर शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दो उड़ानें निरस्त रहीं। 12 उड़ानों का आवागमन 20 से 35 मिनट की देरी से हुआ। देरी से आने जाने वाली उड़ानों में 4 मुुंबई, 2 दिल्ली, 2 शारजाह, 2 विजयवाड़ा और 2 कोलकाता की हैं। दिल्ली में शुक्रवार को हुई भारी बरसात के बाद से ही वहां विमानों का संचालन प्रभावित है। शनिवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स 1827 दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली रद्द कर दी गई।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह-वाराणसी-शारजाह 33 मिनट, इंडिगो की कोलकाता-वाराणसी-कोलकाता 33 मिनट, अकासा एयर की एकेजे 1427 मुंबई-वाराणसी-मुंंबई 25 मिनट, इंडिगो की 6ई2361 दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 20 मिनट, इंडिगो की 6 ई 272 मुंबई -वाराणसी-मुंबई 35 मिनट और इंडिगो की ही विजयवाड़ा-वाराणसी-विजयवाड़ा की उड़ानें 25 मिनट की देरी से आईं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि देरी की सूचना यात्रियों को पहले से दे दी गई थी।
त्रिस्तरीय जांच के बाद परीक्षा से डेढ़ घंटे पहले तक ही मिलेगा प्रवेश
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) की प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) सेवा परीक्षा 2025 की परीक्षा रविवार को होगी। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में कुल 16129 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए 36 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में त्रिस्तरीय जांच की व्यवस्था होगी। परीक्षा केंद्रों पर सभी परीक्षार्थियों को 1.30 घंटे पहले पहुंचना होगा। देर होने पर प्रवेश नहीं मिलेगा।
डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस परीक्षा के लिए 36 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से 11 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2.30 बजे से 5 बजे तक होगी। सुबह की पाली में परीक्षा केंद्र पर सुबह 7.30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 1 बजे तक पहुंचना होगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा में 36 सेक्टर और 36 स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
बृहस्पतिवार को सभी केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षकों को प्रशिक्षण भी दे दिया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर गहन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की बायोमीट्रिक जांच के बाद पुलिस व निरीक्षक की अनुमति के बाद ही प्रवेश मिलेगा। केंद्रों के 200 मीटर के आसपास फोटोकॉपी की दुकानें शनिवार रात से ही बंद करा दी गई हैं।
काशी विद्यापीठ में 298 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को विभिन्न पाठ्यक्रमों में 298 विद्यार्थियों ने काउंसिलिंग कराकर ऑनलाइन शुल्क जमा किया। शुल्क जमा करने के बाद सभी को मौके से परिचय पत्र और लाइब्रेरी कार्ड दिया गया। प्रवेश सेल उप समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि 6 सितंबर को बीकॉम, बीकॉम रिटेल ऑपरेशंस मैनेजमेंट (एईडीपी), बीएससी (गणित), बीएससी (बायो), बीम्यूज, बीएफए, बीसीए, बीबीए, डिप्लोमा इन कर्मकांड एवं पीजी डिप्लोमा इन साइकोथेरेपी, काउंसलिंग एंड गाइडेंस की काउंसिलिंग वाणिज्य एवं प्रबंध संकाय भवन में होगी।
वियतनाम में आलोक स्मृति पढ़ेंगे शोध पत्र
बीएचयू के जर्मन अध्ययन विभाग के शोधार्थी आलोक उपाध्याय और स्मृति राज 11 सितंबर को वियतनाम स्थित वियतनाम जर्मन यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अकादमिक कार्यक्रम में शोध-पत्र प्रस्तुत करेंगे। आलोक उपाध्याय डॉ. ओम प्रकाश के निर्देशन में शोध कार्य कर रहे हैं। जो शोध पत्र वहां प्रस्तुत करेंगे, उसमें जर्मन भाषा शिक्षण के संदर्भ में प्रवासन, नस्लवाद, पहचान पर चर्चा की जाएगी। शोधपत्र में विद्यार्थियों के बीच इन संवेदनशील विषयों को संवादात्मक एवं प्रभावी शिक्षण-पद्धतियों के माध्यम से प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया गया है। आलोक उपाध्याय मूलरूप से भभुआ, कैमूर के रहने वाले हैं।
दूसरे चरण की काउंसिलिंग सात से
डीएलएड- 2026 के दूसरे चरण की काउंसलिंग सात सितंबर से शुरू होगी। काउंसलिंग में दूसरे प्रदेशों के अभ्यर्थी और एससी/एसटी अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी जबकि 11 सितंबर से सभी वर्ग के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। इस दौरान डायट और निजी क्षेत्र के कालेजों में प्रवेश जारी रहेगा। डीएलएड में प्रवेश 25 सितंबर तक होगा जबकि कक्षाएं 28 सितंबर से शुरू होंगी। सचिव, परीक्षा नियामक प्राधिकारी राजेंद्र प्रताप की ओर से बताया गया कि डीएलएड में कुल 2,39,500 सीटें हैं इसके सापेक्ष 1,70,000 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
बीमारियों से बचाव में उपयोगी है सही पोषण
बीएचयू अस्पताल के किशोर स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने सही पोषण के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सही पोषण और संतुलित आहार कई तरह की बीमारियों से बचाता है। इसके प्रति जागरूकता जरूरी है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से पोषण की शक्ति को जानें थीम पर आयोजित कार्यक्रम में स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर (मेजर) अंजली रानी ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए पारंपरिक खाद्य पदार्थों एवं मोटे अनाजों का सेवन ज्यादा उपयोगी होगा।
प्रो. शिखा सचान ने कहा कि संतुलित आहार, उचित जल सेवन, शारीरिक गतिविधि और तनाव-मुक्त जीवनशैली से उच्च रक्तचाप, मधुमेह आदि बीमारियों से बचाता है। बाल सर्जरी विभाग की प्रो. सरिता चौधरी ने कहा कि किशोरावस्था में कुपोषण और एनीमिया की समस्या अधिक देखी जाती है, इसलिए संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच आवश्यक है।
डॉ. कीर्ति ने किशोरियों को जंक फूड और टेट्रा पैक खाद्य पदार्थों से बचने तथा घर के बने ताजे भोजन, हरी सब्जियों और मौसमी फलों को अपनाने की सलाह दी। स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन काउंसलर हर्ष कुमार सिंह ने किया। इस दौरान सौम्या मिश्रा, एडमिन मजाहिर अब्बास हैदरी, प्रशिक्षु ज्योति, सनी सिंह मौजूद रहे।
गोवर्धनधारी मंदिर में दूध से अभिषेक
गोवर्धन पूजा समिति की ओर से नमो घाट स्थित गोवर्धनधारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। भक्तों ने भगवान कृष्ण के बालरूप का अभिषेक किया। कार्यक्रम की शुरुआत संध्या आरती से हुई। चांदी से निर्मित कृष्ण के बालरूप का भक्तों ने सवा क्विंटल दूध से अभिषेक किया। गोवर्धनधारी को छप्पन भोग लगाया गया। शंखनाद के साथ बधाई गीत गूंजे। भजन गायकों ने भजनों की प्रस्तुति दी। पूजा में समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू, जयप्रकाश यादव, सीताराम यादव, गोपाल यादव, शिवनाथ यादव, अशोक यादव शामिल रहे।
संस्कारशाला में भजनों से किया महिमागान
ब्रह्माकुमारीज से संबद्ध डिवाइन संस्कारशाला महमूरगंज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास से मनाया गया। देर रात कान्हा के जन्मोत्सव पर आध्यात्मिक संगीत और भजनों से कान्हा की महिमा गान किया। भक्त श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की झांकी के दर्शन किए। वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, प्रेम, करुणा, कर्म और धर्म का संदेश देता है। जन्माष्टमी केवल उत्सव नहीं, बल्कि सकारात्मक विचारों और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का अवसर भी है। पूजन में पुष्पलता अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, यश अग्रवाल आदि शामिल रहे।
स्वर्णमयी आसन पर विराजेंगे बाबा बटुक भैरव
बाबा श्री बटुक भैरव स्वर्णमयी आसन पर विराजेंगे। हरियाली व जल विहार शृंगार होगा। महंत राकेश पुरी ने बताया कि कमच्छा स्थित बाबा के मंदिर में शृंगार पर बाबा को स्वर्णमयी आसन पर विराजमान कराया जाएगा। भक्त बाबा का बालरूप में दर्शन करेंगे। मंदिर परिसर को फूल-पत्तियों, फलों और बर्फ से आकर्षक सजावट की गई है। बाबा का 51 किलो पंचमेवा से भी विशेष शृंगार होगा। बताया कि प्रातः पांच बजे से पंचामृत स्नान के बाद मंगला आरती होगी। इसके बाद दर्शन-पूजन का क्रम शुरू होगा। रात नौ बजे 51 भक्त डमरू वादन 1008 बत्ती वाले दीपदान एवं सवा किलो कपूर से महाआरती होगी।
150 महिलाओं ने की शिव-पार्वती की पूजा
नव्या भूमिहार क्लब काशी महिला संगठन की ओर से ककरमत्ता स्थित एक होटल में हरितालिका तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। 150 से अधिक महिलाओं ने सोलह शृंगार कर शिव-पार्वती की पूजा की और गीत-संगीत के बीच मनोरंजन किया। संस्था की संस्थापिका अनुपमा राय सहित अन्य महिलाओं ने दीप प्रज्ज्वलित किया। कार्यक्रम स्थल पर तीज की पारंपरिक सजावट की गई। सज-धज कर पहुंचीं महिलाएं तीजोत्सव के उल्लास में डूब गईं। उन्होंने विधिवत शिव-पार्वती की पूजा की। इस मौके पर प्रीति राय, मधुलिका राय, नीतू सिंह, अंजलि तिवारी, सौम्या राय मौजूद रहीं।
सहस्त्र चंडी महायज्ञ में मां धूमावती का पूजन
पंचकोशी मार्ग स्थित आदि शंकराचार्य महासंस्थानम में चल रहे 20 दिवसीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ पूजन के छठे दिन शनिवार को वैदिक विद्वानों ने हवनादि अनुष्ठान कराया। सुमेरु पीठधीश्वर नरेंद्रानंद सरस्वती महाराज के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार पूजन-अर्चन हुआ। वेदी एवं सभी स्तंभों का पूजन हुआ। महायज्ञ में मां धूमावती का विशेष पूजा हुई। यज्ञाचार्य तेजमणि तिवारी के आचार्यों में अनुष्ठान संपन्न हुआ। नरेंद्रानंद सरस्वती महाराज कहा कि इस महायज्ञ सनातन वैदिक परंपरा, धर्म एवं आध्यात्मिक चेतना के संरक्षण और संवर्धन संवर्धन होगा। प्रतिदिन महायज्ञ में देवी-देवताओं का पूजन, यज्ञ हो रहा है।
मैटकेयर हॉस्पिटल में नवजात शिशु और महिलाओं को आयुष्मान का लाभ
मैटकेयर मैटरनिटी एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में आयुष्मान भारत योजना के शुभारंभ किया गया है। हॉस्पिटल प्लॉट नं. 199/2, डिडवानिया चौाराहा, रिलायंस पेट्रोल पम्प के पास, महमूरगंज, वाराणसी, में संचालित किया जा रहा है। इस योजना के तहत पात्र मरीज नवजात शिशुओं के लिए निःशुल्क भर्ती, पीआईसीयू और एनआईसीयू (एनआईसीयू) सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के आयुष खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन राज्य मंत्री, (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र (दयालु) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, मैटकेयर, वाराणसी डॉ. आरवी सिंह, मैटकेयर वाराणसी सेंटर हेड डॉ. सुनील यादव, हेड पीडियाट्रिक्स, मैटकेयर वाराणसी डॉ. निमिषा सिंह और हेड नियोनेटोलॉजी, मैटकेयर वाराणसी डॉ. अभिजीत रॉय भी उपस्थित रहे। इस शुरूआत के बाद वाराणसी में पात्र मरीज मैटकेयर की पीआईसीयू और एनआईसीयू सुविधाओं और विशेषज्ञों द्वारा संचालित नवजात देखभाल सेवाओं का निःशुल्क लाभ उठा सकेंगे।
मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र (दयालु) ने कहा कि मैटकेयर ने हमेशा गुणवत्तापूर्ण देखभाल को उन लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।मैटकेयर के सीईओ डॉ. निखिल यादव ने कहा कि मैटकेयर में हमारा दृष्टिकोण प्रत्येक परिवार के लिए महिला और बाल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, मददगार और चिकित्सकीय रूप से मजबूत बनाना है।