यूपी: सहारनपुर में लूट के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; एक बदमाश जंगल में फरार
सहारनपुर के कुतुबशेर क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद लूट के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी, जबकि उनका एक साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
विस्तार
सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र में पुलिस ने लूट के मुकदमे में वांछित दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। वहीं, उनका एक साथी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
मोबाइल और 15 हजार रुपये की लूट के बाद तलाश में जुटी थी पुलिस
पुलिस के अनुसार सोमवार रात आजाद कॉलोनी निवासी मोहम्मद सरफराज से बदमाशों ने दो मोबाइल फोन और करीब 15 हजार रुपये लूट लिए थे। इसके बाद कुतुबशेर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी।
यह भी पढ़ें: अस्थियां सुरक्षित: मवाना थानेदार-महिला दरोगा की जांच, अर्चिता बताकर किया खुलासा, मां ने ईयर रिंग्स से पहचाना
बृहस्पतिवार सुबह कुतुबशेर पुलिस हौजखेड़ी से भावपुर जाने वाली सड़क पर हौजखेड़ी चौराहे के पास संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भावपुर की ओर से बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद बाइक सवार तेजी से भावपुर की ओर खेतों के रास्ते भागने लगे।
बाइक फिसली, पेड़ और ढलान की आड़ से फिर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक कुछ दूरी पर बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पेड़ और ढलान की आड़ लेकर पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राहुल निवासी नागराजपुर, कोतवाली देहात और अंकित निवासी गांव पहलवानपुर, सरसावा के पैर में गोली लगी।
दो बदमाश गिरफ्तार, तीसरा जंगल में भागा
गोली लगने के बाद दोनों बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उनका तीसरा साथी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
दो तमंचे और लूट का सामान बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इनके अलावा लूटा गया मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद हुआ है। पर्स में 4,500 रुपये, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले हैं। घटना में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। दोनों आरोपी कुतुबशेर थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित थे।
राहुल पर 15, अंकित पर छह मुकदमे
सीओ रविकांत पाराशर ने बताया कि राहुल के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में लूट, हत्या, डकैती और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के 15 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अंकित के खिलाफ लूट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े करीब छह मुकदमे दर्ज हैं।