मुजफ्फरनगर: लूट की साजिश रच रहे बदमाशों से भिड़ी पुलिस, चार गिरफ्तार, सिपाही घायल
यह भी पढ़ें: नाहिद हसन प्रकरण में धरने की नहीं मिली अनुमति, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार
भोपा थाना पुलिस शनिवार देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान भोपा-मोरना से छछरौली के लिंक मार्ग पर लूट की साजिश रचते बदमाशों के मौजूद होने की जानकारी पुलिस को मिली। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि लुटेरों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही उन पर फायरिंग कर दी। इसमें भोपा थाने का सिपाही शाहिद गोली लगने से घायल हो गया।
इस पर पुलिस टीम ने लुटेरों की घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई करते हुए चार लुटेरों को धर लिया, जिनमें से एक बदमाश को पैर में गोली भी लगी। वहीं, तीन-चार बदमाश फरार हो गए, जिनकी तलाश में देर रात तक कांबिंग की जा रही थी।
सीओ राममोहन शर्मा ने बताया कि गोली से घायल बदमाश महताब पुत्र पोटल, निवासी नंगला दुहेली पुरकाजी है, जबकि उसके साथ पकड़े गए तीन लुटेरों में मेहराज उर्फ अलका व इस्लाम निवासीगण मोरना और ऋषभ निवासी सलेमपुर जिला बिजनौर शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी: ससुर ने किया दुष्कर्म, जेठ ने छेड़छाड़, मुंबई में बैठे पति से की शिकायत तो दिया तीन तलाक
बदमाशों के पास से तमंचे-कारतूस के साथ ही लूटी गई नकदी व जेवरात भी बरामद किए गए हैं। सीओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने कुछ समय पूर्व उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र के बहादराबाद में लूट की थी, जहां से महताब वांछित चल रहा था।
वहीं, आरोपी शुकतीर्थ-फिरोजपुर मार्ग स्थित भजनानंद आश्रम में हुई वारदात के साथ ही गांव छछरौली व भोकरहेड़ी में हुई चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है।