Muzaffarnagar: मेला देखने की जिद बनी काल, सड़क हादसे में पिता समेत तीन की मौत
मुजफ्फरनगर के तितावी क्षेत्र में सड़क हादसे में पिता और दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है। परिवार बघरा स्थित दुर्गा मंदिर में प्रसाद चढ़ाने जा रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार बघरा स्थित दुर्गा मंदिर में प्रसाद चढ़ाने जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गया।
मेला देखने की जिद में साथ चले बच्चे
तितावी थाना क्षेत्र के जलालपुर निवासी महिपाल कश्यप को अपनी पत्नी के साथ बघरा स्थित दुर्गा मंदिर में प्रसाद चढ़ाने जाना था। मंदिर के पास कुछ दुकानों के कारण वहां मेले जैसा माहौल रहता है। जब दंपती घर से निकलने लगे तो उनके तीनों बच्चों ने भी साथ चलने की जिद कर दी।
दंपती ने बच्चों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। आखिरकार महिपाल ने एक बच्चे शिवम को घर पर छोड़ दिया और बाकी दो बच्चों को अपने साथ बाइक पर बैठा लिया। घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पहुंचते ही सड़क हादसा हो गया।
स्कूल बस से टक्कर में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिपाल सही दिशा में बाइक लेकर आ रहा था, जबकि सामने से आ रही स्कूल बस गलत दिशा में थी। टक्कर से बचने के लिए महिपाल ने बाइक दूसरी ओर मोड़ी, लेकिन उसी समय बस चालक ने भी बस उसी दिशा में मोड़ दी।
इससे दोनों वाहनों की टक्कर हो गई और भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में महिपाल और उसके दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
यह भी पढ़ें: नीला ड्रम केस: सौरभ हत्याकांड में जल्द हो सकता है फैसला, कल अंतिम गवाही, कसौल होटल के मैनेजर देंगे बयान
घर में पसरा मातम
हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि महिपाल घर पर ही लोगों का प्राथमिक उपचार भी करता था और अलग-अलग बीमारियों की दवाई देता था। इसके साथ ही वह खेती किसानी का काम भी करता था।
परिवार की जिम्मेदारी महिपाल पर थी
महिपाल के परिवार में उसके दो छोटे भाई हैं। इनमें रविंद्र विवाहित है, जबकि पिंडर अविवाहित है। उनके पिता प्रकाश कोल्हू में ठेकेदारी करते थे। महिपाल परिवार की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ गांव में लोगों की मदद भी करता था।
हेलमेट नहीं लगाने से लगी गंभीर चोट
बताया गया कि हादसे के समय बाइक चला रहे महिपाल ने हेलमेट नहीं लगाया था। टक्कर के दौरान उसके और उसकी पत्नी के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे हादसा और भी घातक साबित हुआ।