फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

West UP News Live: टिकैत बोले- महापंचायत में सरकार को ताकत दिखाएंगे किसान, हादसे में दो सगे भाइयों की मौत

Mon, 11 Sep 2023 08:52 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Mon, 11 Sep 2023 08:52 PM IST
खास बातें

हापुड़ में वकीलों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर वकीलों का विरोध अब सख्त रूप ले रहा है। 15 जिलों के वकील अब सितंबर तक हड़ताल पर रहेंगे। पढ़ें वेस्ट यूपी के छह जिलों का ताजा अपडेट।

विज्ञापन
West UP News Live: strike continues, advocates will not do judicial work till September 15, read latest news
राकेश टिकैत - फोटो : अमर उजाला

लाइव अपडेट

08:50 PM, 11-Sep-2023
गुड़ बेचकर अपने परिवार का गुजारा करता था शराफत अली

बड़ौत। बड़का गांव के गुड़ विक्रेता की सोमवार की तड़के रोहतक-भिवानी मार्ग पर लाहली गांव के पास बुलेरो की टक्कर से मौत हो जाने की सूचना पर गांव में शोक है।

गुड विक्रेता शरफात अली के बारे में बताया गया कि वह मूलरूप से कैराना के पास पंजीट जनपद शामली का रहने वाला था। तकरीबन 25 साल पहले बड़का गांव में आकर बस गया था और यहां पर अपने बेटे परवेज, बेटी पारूल व अन्य के साथ रहता था। गुड बेचकर ही वह अपने परिवार का गुजारा करता था। कोल्हुओं में गुड़ बनवाता था और फिर उसे बेचने के लिए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब सहित अन्य जनपदों व राज्यों में जाता था। रविवार को वह गांव से हरियाणा गुड बचने के लिए अपने भतीजे तासिम, बेटे परवेज के साथ गया हुआ था। सोमवार की तड़के रोहतक-भिवानी मार्ग पर गुड़ विक्रेता के ट्रैक्टर व ट्राली को पीछे से टक्कर मारे जाने के बाद शराफत अली की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा परवेज व भतीजा तासिम घायल हो गए। शराफत अली के शव को अंतिम संस्कार के लिए पंजीट गांव में ही ले जाया गया।
08:00 PM, 11-Sep-2023
कार और बाइक की भीड़त में दो सगे भाइयों की मौत, परिवार में मातम

मेरठ जनपद के परीक्षितगढ़ में कस्बे के मवाना मार्ग मत्सय पालन रजवाहे के समीप कार व बाइक की आमने-समाने की जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें बाइक पर सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गईं। उधर, दोनों भाइयों की मौत की खबर लगने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
06:52 PM, 11-Sep-2023
फांसी के फंदे पर लटकी मिली महिला

मेरठ में भावनपुर थाना क्षेत्र के जयभीम नगर निवासी पायल पत्नी पंकज सोमवार को फांसी के फंदे पर लटकी मिली। वहीं, सूचना पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाते हुए मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
06:48 PM, 11-Sep-2023

टिकैत बोले- लखनऊ की महापंचायत में सरकार को ताकत दिखाएंगे किसान

बागपत जनपद के अग्रवाल मंडी टटीरी में सोमवार को पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि लखनऊ में होने वाली महापंचायत में सरकार को किसान अपनी ताकत दिखाएंगे। क्योंकि सरकार बिना पंचायतों के किसानों की समस्याओं को नहीं सुन रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 18 सितंबर को लखनऊ में होने वाली महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

01:43 PM, 11-Sep-2023

युवकों में कहासुनी के दौरान चली गोली, तमाशबीन घायल

सहारनपुर जनपद के रामपुर मनिहारान थाना के गांव इस्लामनगर में देर रात कार सवार युवकों में हो रही कहासुनी को देखने जुटी भीड़ को देखकर एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली भीड़ में शामिल गांव के अमीर पुत्र वजीर की बांह में जा लगी। गोली चलने से मौके पर अफरा तफरी मच गई।

घायल को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। सूचना पर थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा मय फोर्स घटना स्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने घायल युवक के भाई अनीस की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए नामजद आरोपी रविन्द्र पुत्र रणवीर सिंह निवासी थाना सदर बाज़ार को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
11:31 AM, 11-Sep-2023

मुजफ्फरनगर में दिल्ली-दून हाईवे पर टकराई दो कार, पांच घायल

मुजफ्फरनगर जनपद में  दिल्ली-देहरादून हाईवे पर एक कार ने पीछे से दूसरी में टक्कर मार दी।  हादसे में दोनों कार सवार पांच लोग घायल हो गए।  एक युवक को गंभीर हालत में बेगराजपुर मेडिकल में भर्ती कराया गया।

सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी पंकज पुत्र सुरेश पाल अपनी कार में सवार होकर मवाना जा रहा था। जैसे ही वह मंसूरपुर थाना क्षेत्र में  नेशनल हाइवे पर पहुंचा, तो उसने भगत जी स्वीट्स के पास कुछ सामान खरीदने के लिए अपनी कार को रोक लिसर। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने पंकज की कार में टक्कर मार दी।

हादसे में  पंकज गंभीर घायल हो गया, जबकि दिल्ली जा रही कार में सवार हिमांशु, भारती, मुस्कान, तुषार भी घायल हो गए। वह प्राथमिक उपचार लेकर दूसरे वाहन से दिल्ली के लिए रवाना हो गए, जबकि पंकज को बेगराजपुर मेडिकल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों कार को थाने ले गई। पुलिस ने बताया कि अभी उन्हें किसी की भी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।
विज्ञापन
विज्ञापन
09:45 AM, 11-Sep-2023
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में अफजलगढ़ थानाक्षेत्र की नई बस्ती बेगम सराय थाने के पीछे महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। यहां मामूली कहासुनी को लेकर एक व्यक्ति ने एक महिला पर चाकू से वार कर मौत के घाट उतार दिया। मौके सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। 
08:19 AM, 11-Sep-2023

किसान-मजदूरों का शोषण भाजपा की नीति :  नरेश उत्तम पटेल

मुजफ्फरनगर में सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा की उत्तर प्रदेश में जंगल राज चल रहा है। महिलाओं के उत्पीड़न के मामले आम है। अपराध की घटनाएं बढ़ गई है।  किसानों, मजदूरों और व्यापारियों समेत हर वर्ग का उत्पीड़न भाजपा सरकार की नीति बन गई है। आने वाला चुनाव जनता और भाजपा के बीच है।

सहारनपुर से वापस लौटते हुए पटेल का कार्यकर्ताओं ने मेरठ रोड स्थित रिसोर्ट पर अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों का उचित दाम देने में सरकार पूरी तरह विफल रही है।  घोसी चुनाव की जीत को जनता की जीत बताते हुए कहा की 2024 का चुनाव महंगाई, भ्रष्टाचार और तानाशाही से जूझ रही जनता और भाजपा के बीच होगा।

कहा कि कुछ पूंजीपतियों की लूट से देश की जनता को बचाना है तो भाजपा को सरकार से विदाई देनी ही होगी। सभी जाति वर्ग को सम्मान देना समाजवादी पार्टी की पहचान है। हर जाति वर्ग के कार्यकर्ता को समाजवादी पार्टी सम्मान देती है। इससे पूर्व उनका रामपुर तिराहे पर युवा सपा नेता राशिद मलिक, नसीरपुर बाईपास पर नदीम मलिक, भोपा बाईपास पर नियाज हैदर के साथ कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। 
08:17 AM, 11-Sep-2023

विशेष वर्ग के युवक का अपहरण कर बंधक बनाकर पीटा

बागपत जनपद के निवाड़ा गांव के वर्ग विशेष के युवक का हाईवे से अपहरण कर सिसाना गांव की गोशाला में बंधक बनाकर पिटाई की गई। जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को बंधनमुक्त कराया और घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण दोनों गांवों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है।

निवाड़ा गांव के रहने वाले आमिर ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका भाई सुल्तान किसी काम से बागपत आया था। रविवार दोपहर सुल्तान ई-रिक्शा में बैठकर वापस जाने लगा। तभी दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रविदास मंदिर के पास कार सवार युवक वहां आये और ई-रिक्शा रोककर उसके भाई का अपहरण कर कार में डालकर अपने साथ ले गये। जिसके बाद सिसाना गांव की गोशाला में ले जाकर उसके भाई सुल्तान को बंधक बनाकर पीटा गया।

उधर सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस सिसाना गांव पहुंची और युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। जिसका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर सीओ समेत पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। उधर मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण सिसाना और निवाड़ा गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार का कहना है कि युवक के साथ मारपीट की गई है, जिसमें मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
08:16 AM, 11-Sep-2023

मुजफ्फरनगर में गति रूकने से ककरौली थाने के सिपाही की मौत

मुजफ्फरनगर के ककरौली थाने में तैनात सिपाही रविंद्र (35) की ह्दय गति रुकने से मौत हो गई। अस्पताल जा रही उनकी गर्भवती पत्नी हादसे में घायल हो गई। 
हापुड़ देहात के गांव असोड़ा निवासी 2011 बैच का सिपाही रविंद्र (35) पुत्र स्वर्गीय हुकुम सिंह पांच साल से जिले में तैनात था। वर्तमान में उनकी तैनाती ककरौली थाने में थी। शनिवार देर रात लगभग ढाई बजे सिपाही को हार्ट में परेशानी महसूस हुई तो घर में मौजूद उनके भाई व साला तुरंत ही शहर के  निजी अस्पताल में ले गए। वहां उसे उपचार दिया गया तो हालत में कुछ सुधार हो गया।

सुबह के समय उसकी पत्नी अपनी दोनों बेटियों को साथ लेकर ई-रिक्शा में अस्पताल जाने लगी, लेकिन रास्ते में उनकी ई-रिक्शा पलट गई, जिससे वह घायल हो गई।  परिजनों ने उन्हें उपचार दिलाकर घर पहुंचा दिया।

उधर, अस्पताल में भर्ती रविंद्र की हालत बिगड़ने लगी और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। यह पता चलने ही सीओ भोपा देवव्रत वाजपेयी, ककरौली थाना प्रभारी सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आरआई मोहम्मद नदीम ने बताया कि  परिजन शव को पैतृक गांव ले गए है। वहां पर ही शव का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। सिपाही की मौत से पुलिस में शोक है।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed