मुजफ्फरनगर कवाल कांड: छठे आरोपी ने छह साल बाद किया सरेंडर, अदालत ने भेजा जेल
मुजफ्फरनगर जनपद में कवाल के शाहनवाज हत्याकांड में वांछित चल रहे छठे आरोपी रविंद्र कुमार पटवारी ने शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। अदालत ने उसकी जमानत अर्जी खारिज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। साथ ही मामले को सेशन सुपुर्द भी कर दिया। बचाव पक्ष की ओर से दायर की गई जमानत अर्जी पर जिला जज कोर्ट में सुनवाई 12 सितंबर को होगी। इस दौरान कचहरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
छह साल पहले जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव कवाल में 27 अगस्त 2013 को मलिकपुरा के ममेरे भाइयों सचिन-गौरव की हत्या के अलावा कवाल निवासी सलीम के बेटे शाहनवाज की भी हत्या हुई थी। उसी रोज दोनों पक्षों की ओर से जानसठ कोतवाली में हत्या के नामजद मुकदमे दर्ज किए गए थे। एसआईसी ने जांच में शाहनवाज हत्याकांड में यह कहते हुए फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी कि शाहनवाज की हत्या सचिन और गौरव ने की थी और दोनों की भी उसी दौरान हत्या कर दी गई थी।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर कवाल कांड: बेटे की मौत के छह साल बाद आज सुकून से मनाएंगे ईद, तस्वीरें
वहीं मृतक शाहनवाज के पिता सलीम ने एसआईसी की रिपोर्ट के खिलाफ अदालत में निजी परिवाद दाखिल किया था। न्यायालय ने इसे स्वीकार करते हुए 30 मई 2018 को गवाहों के बयान के आधार पर केस के आरोपियों रविंद्र कुमार पटवारी, प्रहलाद, बिशन सिंह, तहेंद्र उर्फ तेंदू, देवेंद्र और जितेंद्र निवासी मलिकपुरा को धारा 302 के तहत तलब किया था। पेश नहीं होने पर कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किए थे। दो जुलाई को जानसठ कोतवाली पुलिस ने पांच आरोपियों प्रहलाद, बिशन सिंह, तहेंद्र उर्फ तेंदू, देवेंद्र और जितेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जो बाद में जमानत पर रिहा हो गए थे। छठे आरोपी रविंद्र की जानसठ पुलिस कुर्की कर चुकी है, वह अभी वांछित ही चल रहा था।
बता दें कि शुक्रवार को रविंद्र कुमार पटवारी ने सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उनके अधिवक्ता अनिल जिंदल की ओर से जमानत अर्जी दाखिल की गई, जिसे कोर्ट ने खारिज करते हुए रविंद्र को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। साथ ही मामले को सेशन सुपुर्द भी कर दिया। बाद में उनके अधिवक्ता की ओर से जिला जज संजय कुमार पचौरी की अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की, जिस पर सुनवाई के लिए कोर्ट ने 12 सितंबर की तारीख लगाई है। उधर, रविंद्र के कोर्ट में पेश होने पर कचहरी परिसर में पुलिस कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर कवाल कांड: अदालत ने शाहनवाज हत्याकांड में पांच अभियुक्तों पर तय किए आरोप
पांच अभियुक्तों पर हो चुके हैं आरोप तय
शाहनवाज हत्याकांड में छह में से पांच आरोपियों पर अदालत में चार्ज फ्रेम हो चुके हैं और मुकदमा ट्रायल पर आ गया है। 26 अगस्त को जिला जज संजय कुमार पचौरी की अदालत ने शाहनवाज हत्याकांड के पांच अभियुक्त प्रहलाद, बिशन सिंह, तहेंद्र उर्फ तेंदू, देवेंद्र और जितेंद्र कोर्ट पर आरोप तय किए थे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/