UP: नशे में धुत पिता ने ली सात माह के बेटे की जान, हवा में उछाला...जमीन पर गिरने से मौत, फिर उल्टा लटकाया
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मितौली थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत युवक ने अपने सात साल के बेटे की जान ले ली। इतना ही नहीं, मौत के बाद मासूम को उल्टा लटकाकर चल दिया। इसका वीडियो वायरल हुआ है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के मितौली थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत रेवाना गांव निवासी युवक ने अपने सात माह के दुधमुंहे बच्चे की हवा में उछाला, जिसे वह दोबारा पकड़ नहीं पाया। नीचे गिरने से बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद मासूम की टांग पकड़कर उल्टा लटकाकर ले जाने लगा। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। परिजनों के मुताबिक युवक शराब के नशे में धुत था। बच्चे की मौत से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बृहस्पतिवार दोपहर गांव निवासी सतीश ने शराब पी। नशे में वह अपने सात माह के बेटे सौरभ को दुलार रहा था। परिजनों के मुताबिक नशे में धुत सतीश ने बच्चे को हवा में उछाला, लेकिन वह उसे दोबारा पकड़ नहीं सका। जमीन पर नीचे गिरने से मासूम की मौत हो गई। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें सतीश नशे की हालत में कुर्सी पर बैठा दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें- UP: ससुरालवालों ने मदद की, फैमिली ने नहीं; कर्ज में डूबे दंपती ने 13 पेज के सुसाइड नोट में लिखा दर्द
ग्रामीणों का कहना था कि शराब पीने की वजह से गुस्साई पत्नी ने सतीश को थप्पड़ मारा, जिससे वह कुर्सी से नीचे गिर गया। हाथों से छूटकर मासूम बेटा भी गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि बच्चे को हवा में उछालने की घटना इससे पहले की बताई गई है। दूसरे वीडियो में सतीश मासूम बच्चे की एक टांग के सहारे उल्टा लटकाकर ले जाता दिखाई दे रहा। यह देख गांव की एक महिला उससे वह बच्चा ले लेती है, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो जाती है।
बड़े भाई ने दर्ज कराई रिपोर्ट
हृदय विदारक घटना से गांव के हर किसी का दिल दहल गया। इस मामले में आरोपी के बड़े भाई लालजी प्रसाद ने मितौली थाने में अपने छोटे भाई सतीश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा है।
दो बच्चों का पिता है आरोपी सतीश
आरोपी सतीश का विवाह करीब 15 वर्ष पहले मूड़ा गांव से हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि इसके दो पुत्र थे। एक पुत्र करीब छह वर्ष का है जो अपने ननिहाल में मामा मामी के पास रह रहा है। बताते हैं कि मासूम की मां का मानसिक संतुलन सही न रहना और पिता के शराबी होने की वजह से उसके बड़े पुत्र को उसके ननिहाल वाले साथ ले गए थे।