आयुष्मान खुराना: 'पुलिस तुमको कब तक बचाएगी?', अभिनेता को मिली थी धमकी, जानें ऑडियो में क्या बोला था आरोपी?
- आयुष्मान खुराना को मिला धमकी भरा ऑडियो क्लिप मुंबई पुलिस ने साझा किया है।
- आरोपी ने इस ऑडियो में एक्टर को धमकी देते हुए बताया था कि वह बिश्नोई गैंग का सदस्य है।
- इतना ही नहीं उसने आयुष्मान के साथ टाइगर श्रॉफ जैसी घटना अंजाम देने की बात भी कही थी।
विस्तार
बीते दिनों अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी भरा ऑडियो मिला था। अब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई पुलिस ने बातचीत का कथित ऑडियो साझा किया है। इसमें धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था।
हालांकि बाद में वह पकड़ा गया और पुलिस तफ्तीश में पता चला कि उसका बिश्नोई गैंग से कोई संपर्क नहीं है। इस खबर में जानें ऑडियो में क्या बोला था आरोपी?
ऑडियो में क्या है खास?
ऑडियो में आरोपी ने आयुष्मान से कहा, ‘मैं अनिल पंडित बोल रहा हूं, मैं लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई हूं। मैंने आपको फोन किया था, लेकिन आपने फोन नहीं उठाया और फिर कॉल काट दी। कोई बात नहीं, हमें बस यह संदेश देना है कि कृपया हमसे बात करें। अगर आप कुछ सुलझाना चाहते हैं, तो आगे बढ़ें। लेकिन अगर आप इस तरह का रवैया दिखाएंगे, तो आपके साथ भी वही हो सकता है जो टाइगर श्रॉफ के साथ हुआ था। हमें चंडीगढ़ में आपके घर का पता भी है, और हम जानते हैं कि आप यहां कहां रह रहे हैं।'
आगे आरोपी ने कहा, 'हमें आपकी बाइक का नंबर भी मिला है। देखिए, हमें बस आपसे एक बार बात करनी है। आप बात कर लीजिए, उसके बाद हम आपको ज्यादा परेशान नहीं करेंगे। अगर आप बात करने के लिए तैयार हैं, तो हमें कोई दिक्कत नहीं है। हमने आपको बस इसलिए फोन किया था कि आपसे बातचीत कर सकें।’
'परिवार का जो सदस्य हाथ लगेगा, उसे खत्म कर देंगे'
आगे अपनी बातचीत में एक्टर से उस व्यक्ति ने कहा, ‘हमारा संदेश सुनने के बाद कृपया हमें वापस कॉल करें। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो हम समझ जाएंगे कि आप कोई और रास्ता अपनाना चाहते हैं और पुलिस के पास जाना चाहते हैं। आप पुलिस के पास जा सकते हैं, हमें कोई आपत्ति नहीं है। जिन लोगों ने आपको सुरक्षा प्रदान की है, वे कब तक आपकी रक्षा कर पाएंगे? आपको हमसे दूर रहने के लिए हर दिन अच्छे भाग्य की आवश्यकता है, जबकि हमें आपको नुकसान पहुंचाने के लिए केवल एक दिन के अच्छे भाग्य की आवश्यकता है। आप, आपके परिवार का कोई भी सदस्य, या कोई भी जो हमारे हाथ लगेगा, हम उसे खत्म कर देंगे। इसलिए बेहतर होगा कि आप हमसे बात करें और बातचीत के माध्यम से मामले को सुलझा लें। हम आपके कॉल का इंतजार करेंगे।'
कौन था असल आरोपी?
बता दें कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने वसूली और धमकी देने के इस मामले में बेंगलुरु से 30 साल के एक युवक को हिरासत में लिया था। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है, जो पेशे से आईटी इंजीनियर है। आरोप है कि इसी ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर आयुष्मान खुराना को धमकी भरा ऑडियो भेजा था।