Hardoi Accident: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, मामी-भांजा की मौत और मामा घायल, जांच में जुटी पुलिस
Hardoi News: लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मामी और भांजे की मौत हो गई, जबकि मामा गंभीर रूप से घायल हो गया।
विस्तार
हरदोई जिले में लखनऊ- पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक सवार को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार मामी-भांजा की मौत हो गई, जबकि मामा मामूली रूप से चोटिल हो गया। उन्नाव के दरियाखेड़ा निवासी सुमित(30) की बहन निशा का घर रामपुर में है।
रामपुर के दिलपुरा मोहल्ले में निशा की के बेटे विराट (14) का जन्मदिन तीन जनवरी को था। इसमें शामिल होने के लिए सुमित अपनी पत्नी संगीता (24) और भांजे लकी (19) के साथ दो जनवरी को रामपुर गया था। शनिवार रात 9:00 बजे तीनों ही बाइक से वापस दरिय खेड़ा जाने के लिए रामपुर से निकले थे।
पुलिस ने तीनों का सीएचसी पहुंचाया
लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में नवीन गल्ला मंडी के पास सुबह चार बजे किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने संगीता और लकी को मृत घोषित कर दिया। सुमित मामूली रूप से चोटिल हुआ है।