कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में गुरुवार को नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ संस्कार आयोजित हुआ। इसमें छात्रों को पाठ्यक्रम, विवि की विभिन्न गतिविधियों व सुविधाओं की जानकारी दी गई। प्रबंधन विभाग में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक प्रो. सुधांशु पांड्या व सीए हरप्रीत सिंह ने की। यहां डॉ. चारू खान ने पाठ्यक्रम व परीक्षा प्रणाली, डॉ. विवेक सिंह सचान ने विवि की भौतिक संरचना, अध्ययन, पूर्व छात्र नेटवर्क, डॉ. प्रभात ने शोध, डॉ. शशिकांत ने प्रॉक्टोरियल व्यवस्था, प्रो. अंशु यादव ने छात्रों से जुड़ी योजना व गतिविधियां, डॉ. श्रवण यादव ने खेल गतिविधियों की जानकारी दी। दीनदयाल शोध केंद्र में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सिद्धनाथ धाम के महंत महामंडलेश्वर अरुण पुरी ने किया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। पीतांबरा पीठ दतिया के आचार्य उमेश अवस्थी ने कुंडली में राशियों और लग्न के बारे में जानकारी दी। प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने ज्योतिर्विज्ञान के बारे में जानकारी दी। स्कूल ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स में कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. हृदय गुप्ता व डॉ. रेनू निगम ने किया। संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. रश्मि गोरे ने पाठ्यक्रम की जानकारी दी। डॉ. विमल सिंह ने सुरक्षा नियमों के बारे में बताया। (ब्यूरो)