उमरीबेगमगंज (गोंडा)। तरबगंज तहसील के अकौनी ग्राम पंचायत में शत्रु संपत्ति पर कब्जा जमाए बैठे भू माफिया के खिलाफ तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की। रविवार को तहसीलदार ने खुद ट्रैक्टर चलाकर बोई गई गन्ने की फसल को जोत दिया। करीब 56 बीघा जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार तरबगंज पैगाम हैदर ने मोर्चा संभाला। खुद ट्रैक्टर चलाकर कस्टोडियम की भूमि को जोतकर कब्जा मुक्त कराया। बीते सप्ताह अकौनी के बृज मोहन तिवारी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर ताराडीह निवासी रमेश व प्रेमनाथ पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम तरबगंज कुलदीप सिंह ने तहसीलदार के नेतृत्व में टीम गठित की और जांच में मामला सही पाया गया। शत्रु संपत्ति की जमीन पर गन्ना बोया गया था। जिसे ट्रैक्टर से जोत कर नष्ट किया गया और कब्जा मुक्त कराया गया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह, विक्रम बहादुर, अनिल कुमार विश्वकर्मा, संजय कुमार वर्मा, विजय प्रकाश तिवारी, जय प्रकाश पांडेय मौजूद रहे।