Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Shooters Unhappy Over Mismanagement as Long Queues Disrupt National Shooting Championships

राष्ट्रीय राइफल शूटिंग चैंपियनशिप का विवादों के बीच आगाज: व्यवस्था पर सवाल, उपकरण जांच के लिए लगी लंबी कतारें

Sun, 29 Nov 2026 10:16 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Sun, 29 Nov 2026 10:16 PM IST
सार

पुणे में राष्ट्रीय राइफल शूटिंग चैंपियनशिप की शुरुआत अव्यवस्थाओं के बीच हुई। उपकरण जांच के लिए लंबी कतारों से 7,500 से अधिक निशानेबाज परेशान हुए और उन्होंने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई। एनआरएआई ने नए आईएसएसएफ नियमों को देरी की वजह बताते हुए पांच जांच केंद्र शुरू किए और सभी खिलाड़ियों को मुकाबले में मौका देने का भरोसा दिया।

विज्ञापन
Shooters Unhappy Over Mismanagement as Long Queues Disrupt National Shooting Championships
राष्ट्रीय राइफल शूटिंग चैंपियनशिप - फोटो : AI

विस्तार

राष्ट्रीय राइफल शूटिंग चैंपियनशिप की शुरुआत रविवार को अव्यवस्थाओं के बीच हुई। पुणे के बालेवाड़ी शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे हजारों निशानेबाजों को उपकरणों की जांच के लिए लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा। जांच प्रक्रिया में देरी से खिलाड़ियों में नाराजगी देखने को मिली। कई खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी जाहिर करते हुए आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देशभर से 7,500 से अधिक निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। जम्मू-कश्मीर से लेकर तिरुवनंतपुरम तक के खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल होने पुणे पहुंचे हैं। हालांकि, उपकरण जांच केंद्रों पर लंबी कतारों के कारण कई खिलाड़ियों को इस बात की चिंता सताने लगी कि कहीं देरी की वजह से वे अपने मुकाबले में हिस्सा लेने से वंचित न रह जाएं।
विज्ञापन
Trending Videos

सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों ने जताई नाराजगी
लंबे इंतजार से परेशान खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी शिकायतें साझा कीं। 'indianshooting.com' पर एक खिलाड़ी ने लिखा कि राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन पुणे में नहीं होना चाहिए। खिलाड़ी का कहना था कि जब प्रतियोगिता में हजारों एथलीट हिस्सा ले रहे हैं तो उपकरण जांच के लिए कम से कम तीन काउंटर होने चाहिए।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म पर 150 से अधिक निशानेबाज अपनी शिकायतें दर्ज करा चुके हैं। एक अन्य खिलाड़ी ने जांच केंद्रों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग की। वहीं, इंस्टाग्राम पर एक खिलाड़ी ने आयोजन में अनुशासन और बेहतर प्रबंधन की कमी को लेकर नाराजगी जाहिर की।
विज्ञापन
विज्ञापन

नए आईएसएसएफ नियमों को बताया देरी की वजह
नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के महासचिव पवन कुमार सिंह ने खिलाड़ियों की शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस साल इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) ने उपकरणों और शूटिंग पोशाक से जुड़े नए नियम लागू किए हैं। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में इन बदलावों के बाद पहली बार बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई खिलाड़ी पुराने उपकरणों और निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने वाली पोशाक के साथ पहुंचे थे। ऐसे में बार-बार जांच की जरूरत पड़ रही थी, जिससे प्रक्रिया में देरी हुई। पवन कुमार सिंह के मुताबिक, समस्या से निपटने के लिए देश के पांच अलग-अलग स्थानों से उपकरण और जांच मशीनें मंगाई गई हैं। अब पांच उपकरण जांच केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे स्थिति में सुधार हुआ है।
विज्ञापन

21 हजार से ज्यादा उपकरणों की होनी है जांच
एनआरएआई महासचिव ने बताया कि चैंपियनशिप में 7,500 से अधिक राइफल निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रत्येक खिलाड़ी को तीन से अधिक स्पर्धाओं में भाग लेना है। ऐसे में कुल मिलाकर 21 हजार से ज्यादा उपकरण जांच की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शूटिंग नियमों और निष्पक्ष मुकाबले के सिद्धांतों के तहत उपकरणों की विस्तृत जांच अनिवार्य है। इसी वजह से जांच प्रक्रिया में सावधानी बरती जा रही है।

सिंह ने यह भी बताया कि जिन खिलाड़ियों के मुकाबले अगले दिन निर्धारित नहीं हैं, उनसे अपनी उपकरण जांच के लिए अलग-अलग समय पर आने का अनुरोध किया गया है। इससे अगले दिन मुकाबले में उतरने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जा सकेगी।

दिल्ली में नहीं हो सका आयोजन, पुणे को मिली जिम्मेदारी
आमतौर पर राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में किया जाता है। हालांकि, इस बार वहां बड़े स्तर पर नवीनीकरण का काम चलने के कारण प्रतियोगिता को पुणे स्थानांतरित करना पड़ा। पवन कुमार सिंह ने कहा कि आयोजन के लिए विकल्प सीमित थे। उन्होंने चैंपियनशिप के आयोजन में सहयोग के लिए महाराष्ट्र स्टेट राइफल एसोसिएशन का आभार भी जताया।

उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी निशानेबाज को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के अवसर से वंचित नहीं किया जाएगा। उनके मुताबिक, शुरुआती दिन सामने आई समस्या को दूर करने के लिए लगातार काम किया गया है और अब उपकरण जांच की प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है। राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन 23 दिसंबर तक जारी रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed