Budaun News: तेज रफ्तार कार की टक्कर से दरोगा की मौत, सिपाही घायल; गश्त कर रहे थे दोनों पुलिसकर्मी
बदायूं में शुक्रवार देर रात बिल्सी-बिसौली मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने पुलिस की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दरोगा देवराज सिंह की मौत हो गई। सिपाही अमित चहल घायल हैं। यह घटना गश्त के दौरान हुई।
विस्तार
यह घटना बिल्सी-बिसौली मार्ग पर रानेट पुलिस चौकी के पास हुई। दोनों पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर पर कई चोटें आईं।
मुरादाबाद के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल दरोगा और सिपाही को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां दरोगा की मौत हो गई। इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है।
दरोगा देवराज सिंह अमरोहा देहात के पृथ्वीपुर कलां के रहने वाले थे। दरोगा के शव का मुरादाबाद में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद दरोगा को राजकीय सम्मान दिया जाएगा। शुक्रवार को देर रात हादसे के बाद चालक कार को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।