हाईवे पर बही बीयर: बदायूं के उझानी में ट्रक पलटने से सैकड़ों बोतलें और केन टूटी, पेटियां उठाने पहुंचे युवक
उझानी में दिल्ली हाईवे पर बीयर की पेटियों से लदा ट्रक पलटने से अफरातफरी मच गई। बोतलें और केन टूटने से बीयर हाईवे पर बहने लगी। कुछ युवक पेटियां उठाने की फिराक में पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
विस्तार
बदायूं के उझानी में दिल्ली हाईवे पर रविवार सुबह बीयर की पेटियों से भरा एक ट्रक पलट गया। यह हादसा गांव कुड़ानरसिंहपुर की क्षतिग्रस्त एक लेन पर हुआ। ट्रक पलटने से हाईवे पर बीयर की बोतलें और केन टूट गईं, जिससे बीयर हाईवे पर बहने लगी।
ट्रक चालक मोहम्मद इकरार ने बताया कि उन्होंने अलीगढ़ के अतरौली से बीयर की पेटियां लोड की थीं। इन पेटियों को शाहजहांपुर पहुंचाया जाना था। रास्ते में सड़क के गड्ढे में पहिया जाते ही ट्रक का टायर फट गया। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे पर ही पलट गया। ट्रक का अगला हिस्सा सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गया। इस हादसे में चालक को मामूली चोट आई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।
सड़क पर बही बीयर
हादसे के दौरान बीयर की पेटियों में रखी बोतलें और केन टूट गईं। इसके कारण भारी मात्रा में बीयर सड़क पर बहती हुई नजर आई। बताया जाता है कि कुछ युवक बीयर की पेटियां उठाने की फिराक में वहां जुट गए। हालांकि, मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने सभी को वहां से हटा दिया।
मौके पर पुलिस तैनात
घटनास्थल पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस अधिकारी राहुल पांडे ने इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मौके पर निगरानी कराई जा रही है। इस घटना को लेकर आबकारी विभाग की टीम भी अपने स्तर पर जांच कर रही है। ट्रक को हटाने और यातायात सुचारु करने का काम जारी है।
