ज्ञानपुर/चौरी। थाना क्षेत्र के नरपतपुर गांव में बुधवार को जर्जर तार से निकली चिंगारी से तीन बीघे से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस दौरान जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम और फायर ब्र्रिगेड दल के जवानों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान किसान लल्ला प्रसाद यादव, रजईराम यादव, राजेंद्र प्रसाद यादव, शीतला प्रसाद यादव ने बताया कि खेतों में पककर तैयार फसल की कटाई-मड़ाई की तैयारी थी लेकिन दोपहर के समय में शार्टसर्किट से निकली चिंगारी अरमानों को बर्बाद कर दिया। बताया कि शोरगुल मचाने पर जुटी भीड़ ने आग को बुझाने की कोशिश की लेकिन असफल लोग असफल रहे। गत तीन दिनों से चल रहे सिलसिले में लगभग 20 बीघे से अधिक फसल जल चुकी है और एक दर्जन रिहायशी कच्चे घर, छप्पर, मड़हे चपेट में आने से परिवार खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर हैं। किसानों ने आरोप लगाया है कि विद्युत विभाग सिर्फ बकाए की वसूली तक सीमित है। जर्जर तार, खंभे, ट्रांसफार्मर, जंफर आदि को बदलवाने की ओर कभी सक्रिय नहीं होता। जब घटनाएं होती हैं तब चोट पर मरहम लगाने के लिए सभी आगे आ जाते हैं जो बड़ी लापरवाही है। घटनाओं की बढ़ती संख्या को देखकर जिला प्रशासन ने उचित कदम न उठाया तो किसान विरोध-प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।