UP Accident: हाई स्पीड बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत, नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा; लाश देख फफक पड़े बच्चे
UP Accident: भदोही के राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर गोपीगंज कोतवाली की पुलिस पहुंच गई। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया था।
विस्तार
Bhadohi News: गोपीगंज नगर में बीती रात हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के किशुनदेवपुर राधास्वामीधाम निवासी सुखलाल बिंद उर्फ भीम (48) पुत्र श्यामलाल बिंद मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन से घर की ओर मुड़ते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल सुखलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने टक्कर मारने वाली बाइक और उसके चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बुधवार को मृतक के परिजनों ने गोपीगंज कोतवाली पहुंचकर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि सुखलाल छह भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके दो पुत्र हैं और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। मजदूरी कर वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक शैलेष राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।