UP: विवादित जमीन में अंतिम संस्कार को लेकर विवाद, मौके पर पहुंचे अधिकारी, फिर सुपुर्द-ए-खाक किया महिला का शव
Baghpat News : बागपत के एक गांव में विवादित जमीन में अंतिम संस्कार करने को लेकर विवाद हो गया। सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत किया।
विस्तार
बागपत जनपद में रटौल क्षेत्र के साकंलपुठी गांव में एक 95 वर्षीय महिला की मौत के बाद सुपुर्द-ए-खाक के लिए विवादित जमीन में कब्र खोद दी गई। वहीं, गांव के ही दंबगों ने इस जमीन में सुपुर्द-ए-खाक करने से रोक दिया। उधर, सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार और सीओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर दूसरे कब्रिस्तान में महिला के शव को सुपुर्द-ए खाक कराया।
साकंलपुठी गांव में दो कब्रिस्तान है। बताया गया कि एक कब्रिस्तान पर रास्ता नहीं है, जबकि दूसरा कब्रिस्तान सड़क किनारे पर है। हालांकि इस कब्रिस्तान की जमीन पर 2007 से विवाद चला आ रहा है। पुलिस-प्रसासन द्वारा 2007 में उक्त जमीन कब्जा मुक्त कराई गई थी।
इसके बाद गांव के ही किसानों ने उक्त जमीन का मामला कोर्ट तक पहुंचाया था। फिलहाल यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। वहीं, शुक्रवार रात्रि गांव में 95 वर्षीय सिदो पत्नी निजामुद्दीन की मौत हो गई। जिसके बाद शनिवार सुबह ग्रामीणों ने विवादित कब्रिस्तान की जमीन में महिला की कब्र खोद दी। इसके बाद महिला के शव को दफनाने पहुंचे तो गांव के ही दंबग लोगों ने उन्हें उस जमीन में दफनाने से मना कर दिया।
यह भी पढ़ें: भानु प्रताप सिंह का पूरा प्रोफाइल: सपा ने प्रत्याशी बनाकर चौंकाया, पुराने चेहरे छोड़ नए पर चला ये बड़ा दांव
इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति पैदा हो गई। वहीं, सूचना मिलने पर सीओ प्रिता सिंह और नायब तहसीलदार सचिन पंवार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात को सुना। अधिकारियों ने कहा कि जब तक इस विवादित जमीन पर कोर्ट का निर्णय नहीं आता, तब तक लोगों से इस जमीन में कब्र नहीं खोदने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दूसरे कब्रिस्तान में जो रास्ते की समस्या है, उसे दूर कराया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने दूसरे कब्रिस्तान में महिला के शव को सुपुर्द-ए खाक कर दिया।
यह भी पढ़ें: Mission 2024: सपा की सूची जारी, बिजनौर-नगीना और मेरठ लोकसभा सीट से इन्हें उतारा मैदान में, देखें पूरी लिस्ट