Baghpat: नैथला गौशाला में भुगतान को लेकर हंगामा, केयरटेकरों की बीडीओ व प्रधान से तीखी नोकझोंक
नैथला स्थित गौशाला में बकाया भुगतान को लेकर केयरटेकरों और बीडीओ व ग्राम प्रधान के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। केयरटेकरों ने बिना भुगतान हटाए जाने का आरोप लगाया।
विस्तार
बागपत जनपद में नैथला स्थित गौशाला में सोमवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब गौशाला खाली कराने पहुंचे ग्राम सचिव, बीडीओ भवर सिंह और ग्राम प्रधान की केयरटेकरों से तीखी नोकझोंक हो गई।
केयरटेकरों का आरोप-80 हजार रुपये बकाया
केयरटेकरों ने आरोप लगाया कि उनका करीब 80 हजार रुपये का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के दबाव में उन्हें जबरन गौशाला से हटाया जा रहा है, जो पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है।
यह भी पढ़ें: कपसाड़ कांड: गांव में अघोषित कर्फ्यू, पड़ोसी भी नजरबंद, छावनी बना क्षेत्र, आज घर जा सकती है रूबी
सचिव ने आरोपों को बताया निराधार
ग्राम सचिव संदीप कुमार ने केयरटेकरों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जनवरी माह तक का समस्त भुगतान किया जा चुका है। उनके अनुसार केयरटेकरों द्वारा गोवंशों को समय पर भूसा नहीं दिया जा रहा था और गौशाला की नियमित सफाई भी नहीं हो रही थी।
लापरवाही पर हटाने का निर्णय
संदीप कुमार ने बताया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते केयरटेकरों को हटाने का निर्णय लिया गया।
नए केयरटेकरों की होगी नियुक्ति
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गौशाला की व्यवस्था सुचारु रखने के लिए नए केयरटेकर नियुक्त किए जाएंगे, जो गोवंशों की देखभाल और साफ-सफाई की जिम्मेदारी संभालेंगे।