केन्या में चल रही एनपीसीए सुपर लीग में जिले के प्रतिभावान क्रिकेटर पुष्कर शर्मा शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी की बदौलत रुआरका स्पोर्ट्स क्लब ने गारा स्पोर्ट्स क्लब को 200 रन से हरा दिया। लीग में वह सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। पुष्कर पांच मैच में 369 रन बना चुके हैं।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी रुआरका स्पोर्ट्स क्लब की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन एक छोर संभाले कप्तान पुष्कर शर्मा ने 17 चौके व चार छक्के की मदद से 167 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने सचिन गिल के साथ 135 रन की साझेदारी की। क्लब ने निर्धारित 50 ओवर में 354 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी गारा स्पोर्ट्स क्लब की टीम 154 रन पर ढेर हो गई। वह 200 रन से मैच हार गई। रुआरका स्पोर्ट्स क्लब के गेंदबाज विशिल पटेल ने चार विकेट चटकाए। पुष्कर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुष्कर का ननिहाल अतरौली के गांव रुनपान में है, जबकि पिता हाथरस के गांव इसेपुर के निवासी हैं। पुष्कर ने बताया कि 50 ओवर के मैच में सर्वोच्च 167 रन से पहले सर्वाधिक 144 रन था। यह लीग नैरोबी प्रोविंशियल क्रिकेट एसोसिएशन कर रही है, जो केन्या की राष्ट्रीय टीम का चयन करती है।