{"_id":"5fc6bc638ebc3eefba413dcf","slug":"hundreds-of-farmers-move-delhi-to-protest-against-agricultural-laws","type":"story","status":"publish","title_hn":"कृषि कानूनों के विरोध में सैकड़ों किसानों ने किया दिल्ली कूच","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कृषि कानूनों के विरोध में सैकड़ों किसानों ने किया दिल्ली कूच
Wed, 02 Dec 2020 03:27 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 02 Dec 2020 03:27 AM IST
विज्ञापन
विरोध के स्वर...
- फोटो : amar ujala
किसान विरोधी तीन कृषि कानूनों के विरोध में 32 किसान यूनियनों के दिल्ली जाम के आह्वान को धार देने के लिए भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के हजारों कार्यकर्ता मंगलवार को दिल्ली रवाना हो गए। देर सायं तक कार्यकर्ताओं ने दिल्ली नोएडा चिल्ला बार्डर को घेर कर धरना शुरू कर दिया है। एलान किया कि जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी, तब तक वापस नहीं आएंगे।
विज्ञापन
किसान विरोधी तीनों कृषि कानूनों के विरोध में देश भर की 32 किसान यूनियनों की संयुक्त बैठक में मंगलवार से दिल्ली जाम करने का आह्वान किया गया था। आंदोलन को धार देने के लिए भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के कार्यकर्ता मंगलवार को प्रदेश महासचिव डा.शैलेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में खेरेश्वर चौराहे पर एकत्र हुए। कुछ कार्यकर्ता गोमत चौराहे से भी काफिले में आ मिले। ट्रैक्टर, बस, जीप आदि के माध्यम से करीब एक हजार कार्यकर्ताओं का जत्था दोपहर करीब दो बजे के दिल्ली रवाना हुआ।
विज्ञापन
राष्ट्रीय महासचिव प्रेमपाल सिंह चौहान ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर केंद्र सरकार की हठधर्मिता समझ से परे है। प्रदेश उपाध्यक्ष एसके सिंह राणा ने कहा कि आंदोलन में प्रत्येक जिले से एक हजार किसान दिल्ली कूच कर रहे हैं। प्रदेश महासचिव डा. शैलेंद्र पाल सिंह ने कहा कि देर सायं तक अलीगढ़ से गया करीब एक हजार किसानों का जत्था सेक्टर 15 दिल्ली नोएडा चिल्ला बार्डर पर पहुंच गया है और सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया गया है। यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक किसानों की मांग पूरी नहीं हो जाती है। मुख्य मांग है, किसान की उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम में न खरीदी जाए। कम पर खरीदने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
जिलाध्यक्ष बबलू प्रधान एवं उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि किसान विरोधी तीनों कानून वापस लिए जाएं और किसान आयोग का गठन किया जाए। दिल्ली कूच करने वालों में मानवेंद्र सिंह, विकास लोधी, वीरेश सिंह, लव ठाकुर, गोपाल सिंह, विपिन कुमार, योगेंद्र पाल सिंह, पूरनमल गौतम, महेंद्र प्रताप सिंह, शिव सिंह, चोब सिंह, उदित सिंह, प्रेमलता, सावित्री, भूदेवी आदि शामिल थे।
प्रशासन सतर्क रहा, परंतु छेड़ा नहीं
किसान आंदोलन में भाग लेने जा रहे भाकियू भानु गुट के कार्यकर्ताओं के दिल्ली कूच को लेकर प्रशासन सतर्क रहा। सुबह से ही खेरेश्वर व गोमत चौराहे पर पुलिस फोर्स तैनात रही। एलआईयू कर्मी भी किसानों से पल पल का अपडेट लेते रहे। हालांकि किसानों के जोश को देखते हुए किसी ने उन्हें छेड़ा नहीं।