प्रेसिडेंशियल ट्रेन के समय में बदलाव: अब दिल्ली सफदरजंग स्टेशन से 12:15 बजे होगी रवाना
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की प्रेसिडेंशियल स्पेशल ट्रेन के समय में परिवर्तन कर दिया गया है। अब यह स्पेशल ट्रेन दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से आज दोपहर 12:15 बजे गंतव्य के लिए रवाना होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रेलवे बोर्ड ने गुरुवार शाम को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की प्रेसिडेंशियल स्पेशल ट्रेन में बदलाव कर दिया है। पहले इस स्पेशल ट्रेन को दिल्ली से दोपहर 1:30 बजे रवाना होना तय हुआ था, लेकिन अब यह ट्रेन दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:15 बजे चलेगी, जोकि झींझक, रूरा स्टेशन पर ठहराव करने के बाद कानपुर रुकेगी।
इस खास यात्रा के लिए रेलवे बोर्ड ने ड्यूटी के दौरान सभी स्टाफ को एन-95 मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है। साथ ही इस ट्रेन के लिए बैकअप भी चलेगा। इस ट्रेन की स्पीड को 90-110 किलोमीटर प्रति घंटा तय किया गया है। इसका आधिकारिक प्रोटोकाल रेलवे बोर्ड ने रेल अधिकारियों को दिया है।
टूंडला के गार्ड बनेंगे राष्ट्रपति के सारथी
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की प्रेसिडेंशियल स्पेशल ट्रेन को नई दिल्ली से लाने के लिए टूंडला हेडक्वार्टर के गार्ड एक दिन पहले ही दिल्ली रवाना हुए। राष्ट्रपति की महाराजा स्पेशल ट्रेन को दिल्ली से कानपुर ले जाने के लिए टूंडला हेडक्वार्टर के दो गार्ड संजय जैन और अक्षय दीप चौहान का चयन किया गया है।
राष्ट्रपति की स्पेशल ट्रेन को लाने के लिए एक दिन पहले ही गार्डों को दिल्ली बुला लिया है। ड्यूटी के दौरान किन-किन बातों का खास ख्याल रखना है। इसके लिए उनको ट्रेंड किया जाएगा। गुरुवार को टूंडला हेडक्वार्टर के गार्ड अक्षय दीप चौहान एवं संजय जैन दिल्ली जाने के लिए रवाना हुए।
आगरा के स्टेशनों पर तैनात रहेगी फोर्स
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की ट्रेन प्रेसिडेंशियल स्पेशल एक्सप्रेस आगरा के बरहन, मितावली स्टेशनों से होकर टूंडला से कानपुर जाएगी। आगरा से पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की तैनाती रूट पर की गई है। एसएसपी मुनिराज जी ने भी गुरुवार को मुआयना किया।
राष्ट्रपति की प्रेसिडेंशियल स्पेशल एक्सप्रेस शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:15 बजे कानपुर के लिए रवाना होगी। ऐसे में आगरा में पड़ने वाले बरहन जंक्शन और मितावली स्टेशनों पर गुरुवार को ही फोर्स पहुंच गया। यह ट्रेन यहां से टूंडला पहुंचेगी। इस दौरान रेलवे ट्रैक के दोनों ओर घुमंतू पशुओं की रोकथाम के लिए ट्रैक के दोनों ओर जीआरपी, आरपीएफ के साथ ही पुलिस भी तैनात रहेगी।
जीआरपी आगरा अनुभाग के पुलिस उपाधीक्षक हरीशचंद्र ने बताया कि राष्ट्रपति की ट्रेन गुजरने के कारण इन दोनों स्टेशनों पर किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ट्रैक के दोनों ओर जवान तैनात किए गए हैं। स्टेशन पर भी पुलिस व अतिरिक्त फोर्स लगाया गया है। गुरुवार को सुरक्षा की मॉकड्रिल भी की गई।