एटा: लापता छात्रा का शव जंगल में मिला, शरीर पर छालों के निशान, हत्या की आशंका
- नाराज होकर घर से गई थी किशोरी, दुर्गंध आने पर चला शव का पता
- पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम, मुकदमा दर्ज कराने को रिपोर्ट का इंतजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा जिले के थाना पिलुआ क्षेत्र में तीन दिन से लापता किशोरी का शव सोमवार की सुबह गांव के बाहर जंगल में पड़ा मिला। शव तीन दिन पुराना होने के कारण उससे दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि देर रात तक तहरीर नहीं दी गई थी।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी शनिवार की शाम परिजनों से कहासुनी होने पर नाराज होकर घर से चली गई थी। वो बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। किशोरी के गायब होने के बाद परिजनों ने उसको काफी तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
सोमवार की सुबह तकरीबन पांच बजे गांव के बाहर खेतों की ओर गए ग्रामीणों को दुर्गंध महसूस हुई, जब पास जाकर देखा, वहां किशोरी का शव पड़ा हुआ था। उसे देखते ही ग्रामीणों ने पहचान लिया और परिजनों को सूचना दी। वो दौड़े-दौड़े मौके पर पहुंचे।
पिता ने जताई हत्या की आशंका
सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस पहुंच गई। मृतका के परिजनों से जानकारी जुटाई गई। शाम को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के पिता ने बताया कि बेटी तीन दिन से लापता थी, वो लोग उसे ढूढ़ रहे थे।
मृतका के पिता ने आशंका जताई है कि बेटी की हत्या हुई है। उसका शव पेड़ के पास पड़ा मिला। शरीर पर छाले के निशान भी मिले हैं। उन्होंने किसी पर शक जताने से इंकार कर दिया। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया है कि किशोरी परिजनों से नाराज होकर गई थी। इसके बाद शव मिला है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। संभावना है कि किशोरी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। छात्रा की मौत कैसे हुई है, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।